मुंबई (अनिल बेदाग) : जहां पूरी दुनिया फैशन के सबसे बड़े मंच मेट गाला की चमक-धमक में डूबी हुई थी, वहीं अभिनेत्री उर्वशी रौतेला ने ग्लैमर से ज्यादा अपने काम को अहमियत देकर एक अलग मिसाल पेश की। अंतरराष्ट्रीय फैशन इवेंट में शामिल होने के बजाय उर्वशी ने मुंबई में रहकर अपने बहुप्रतीक्षित शो इंस्पेक्टर अविनाश के प्रमोशन को प्राथमिकता दी, जिसमें उनके साथ रणदीप हुड्डा मुख्य भूमिका में नजर आएंगे।
उर्वशी ने साफ शब्दों में कहा कि उनके लिए इस समय उनका प्रोजेक्ट और दर्शक सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने बताया कि “इंस्पेक्टर अविनाश” के पहले सीज़न को दर्शकों से जबरदस्त प्यार मिला था और दूसरा सीज़न उससे भी ज्यादा दमदार बनने जा रहा है। यही वजह है कि वह न्यूयॉर्क में मेट गाला का हिस्सा बनने के बजाय मुंबई में इंटरव्यूज़ और प्रमोशनल गतिविधियों में व्यस्त रहीं।
उर्वशी का यह फैसला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। फैंस उनके प्रोफेशनल कमिटमेंट और काम के प्रति समर्पण की जमकर तारीफ कर रहे हैं। फैशन की दुनिया के सबसे बड़े आयोजन को मिस करने के बावजूद उर्वशी लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं, यह साबित करते हुए कि उनके लिए स्टारडम से पहले उनका काम और सिनेमा है।





