देशी जागरण मंच में विकास चौधरी को मिला पश्चिम क्षेत्र संपर्क प्रमुख का दायित्व

Vikas Chaudhary got the responsibility of West Zone Contact Head in the Deshi Jagran Manch

रविवार दिल्ली नेटवर्क

जनपद बुलंदशहर के सिकंदराबाद क्षेत्र के ग्राम शेखपुर,गेदपुर जाट परिवार में जन्मे युवा सामाजिक कार्यकर्ता विकास चौधरी को स्वदेशी जागरण मंच की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में महत्वपूर्ण दायित्व प्रदान किया गया है। 6–7 मार्च 2026 को जयपुर में संपन्न हुई संगठन की राष्ट्रीय परिषद बैठक में उनके अब तक के कार्यों और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए उनके कार्यक्षेत्र का विस्तार करते हुए उन्हें पश्चिम क्षेत्र संपर्क प्रमुख नियुक्त किया गया है।

विकास चौधरी ने अपनी शिक्षा-दीक्षा और सामाजिक कार्यों की शुरुआत दिल्ली में की। छात्र जीवन से ही वे संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहे। उनका परिवार भी राष्ट्र और समाज के प्रति समर्पित रहा है। प्रारंभिक समय में वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक रहे तथा शाखा में मुख्य शिक्षक और शाखा कार्यवाह जैसे दायित्व निभाए। वे संघ के द्वितीय वर्ष शिक्षित भी हैं।वर्तमान में उनके पिताजी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के दिल्ली के एक वरिष्ठ अधिकारी हैं।

छात्र जीवन के दौरान उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय में सक्रिय छात्र नेतृत्व किया और छात्र संघ के चुनाव में ऐतिहासिक विजय प्राप्त की। एक ही चुनाव में दो पदों पर जीत दर्ज कर उन्होंने अपनी नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया। इसके बाद वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े और संगठन में कॉलेज इकाई से लेकर प्रांत तथा राष्ट्रीय स्तर तक विभिन्न जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। वर्ष 2005 में छात्र हितों की आवाज बुलंद करने के कारण उन्हें 15 दिन तिहाड़ जेल भी जाना पड़ा।

छात्र जीवन के बाद उन्होंने देश की आर्थिक व्यवस्था और युवाओं में स्वरोजगार की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से स्वदेशी जागरण मंच से जुड़ने का निर्णय लिया। उन्होंने स्वदेशी जागरण मंच में युवा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष के रूप में अपने कार्य की शुरुआत की और कई आंदोलनों का नेतृत्व किया। विश्व व्यापार संगठन (WTO) और चीन के बहिष्कार जैसे मुद्दों पर निकली स्वदेशी आत्मनिर्भर यात्राओं का नेतृत्व किया।

संगठन ने उनके नेतृत्व और कार्यकुशलता पर विश्वास जताते हुए वर्ष 2020 में उन्हें देश के सबसे कम उम्र के स्वदेशी जागरण मंच दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व सौंपा। उनके नेतृत्व में दिल्ली में संगठन ने अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं। स्वदेशी मेलों की शुरुआत उनके कार्यकाल में हुई, जो आज दिल्ली में बड़े स्तर पर आयोजित किए जा रहे हैं।

दो वर्ष पूर्व संगठन की योजना के अंतर्गत उन्हें उत्तर क्षेत्र का संपर्क प्रमुख बनाया गया था, जिसके अंतर्गत दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और जम्मू-कश्मीर जैसे प्रांत शामिल थे। अब राष्ट्रीय परिषद की बैठक में उनके प्रभावी कार्य को देखते हुए उनके कार्यक्षेत्र का विस्तार करते हुए मेरठ प्रांत, ब्रज प्रांत और उत्तराखंड प्रांत को भी उनके कार्यक्षेत्र में शामिल किया गया है।

विकास चौधरी आज युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। दिल्ली तथा आसपास के क्षेत्रों के अनेक युवा उनसे प्रेरणा लेते हैं। समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने और युवाओं तथा छात्रों में स्वरोजगार और स्वदेशी के भाव को जागृत करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।