हमें यह सुनिश्चित करना है कि पेरिस ओलंपिक से पूर्व अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में रहे : क्रेग फुल्टन

Craig Fulton

  • सीनियर राष्ट्रीय हॉकी शिविर के लिए 27 सदस्यीय कोर ग्रुप के संभावित घोषित

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : हॉकी इंडिया ने 2024 के पेरिस ओलंपिक के लिए शुक्रवार से बेंगलुरू में शुरू होने वाले भारत के सीनियर हॉकी शिविर के लिए 27 सदस्यीय कोर ग्रुप के संभावितों की बृहस्पतिवार को घोषणा कर दी। भारत के सीनियर कोर ग्रुप के 27 संभावितों का यह शिविर बेगलुरू में साई में 21 जून से शुरू होकर आठ जुलाई तक चलेगा। भारत की पुरुष हॉकी टीम के लिए यह शिविर 2024 के पेरिस ओलंपिक के लिए अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए खासा अहम है।

भारतीय पुरुष हॉकी टीम 2024 के पेरिस ओलंपिक में मौजूदा चैंपियन बेल्जियम, अर्जेंटीना, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया और आयरलैंड के साथ पूल बी में है। भारतीय पुरुष टीम ओलंपिक में अपने अभियान का आगाज 27 जुलाई को न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच से करेगी।

भारतीय पुरुष हॉकी टीम के चीफ कोच क्रेग फुल्टन ने शिविर की अहमियत की बाबत कहा, ‘हमारी निगाह अब अपनी ट्रेनिंग के अहम अंतिम चरण पर हैं। हमें यह सुनिश्चित करना है कि 2024 के पेरिस ओलंपिक से पूर्व अपनी सर्वश्रेष्ठï फॉर्म में रहे। हमारे खिलाड़ियों ने 2023-24 एफआईएच प्रो हॉकी लीग के मैचों से बहुत कुछ सीखा है। प्रो लीग के मैचों से हमें यह जानने को मिला कि हमें कहां क्या सुधार की जरूरत है। हमारे पास अपनी खामियों को सुधारने के लिए काफी वक्त है। हमारी टीम अनुभवी और नौजवान खिलाड़ियों ऐसी मजबूत टीम जिसमें कोई भी टूर्नामेंट जीतने का माद्दा है।’

भारतीय पुरुष हॉकी टीम एफआईएच प्रो लीग 2023-24 में फिलहाल 16मैचों से 24 अंकों के साथ चौथे स्थान पर है।

भारत के सीनियर कोर ग्रुप के हॉकी शिविर के लिए चुने गए 27 संभावित हैं: गोलरक्षक : कृष्ण बहादुर पाठक, पीआर श्रीजेश, सूरज करकेरा। रक्षांक्ति : हरमनप्रीत सिंह, जर्मनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, संजय, आमिर अली। मध्यपंक्ति: मनप्रीत सिह, हार्दिक सिंह, विवेक सागर प्रसाद, सुमित, शमशेर सिंह, नीलकांत शर्मा, राज कुमार पाल, विष्णुकांत सिंह, आकाशदीप सिह, मोहम्मद रहील मौसीन । अग्रिम पंक्ति: मनदीप सिंह, ललित कुमार उपाध्याय,अभिषेक, दिलप्रीत सिंह, सुखजीत सिंह, गुरजंट सिंह, बॉबी सिंह धामी, अरिजित सिंह हुंदल।