हम जानते थे कि धीमी गेंद पर शॉट लगाना मुश्किल होगा : शुभमन गिल

We knew it would be difficult to hit the slower ball: Shubman Gill

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : कप्तान शुभमन गिल(70), जोस बटलर (52) और वाशिंगटन सुंदर (55) के अर्द्धशतकों की बदौलत गुजरात टाइटंस ने मेजबान दिल्ली कैपिटलस पर आईपीएल 2026 में बुधवार रात सांस रोक देने वाले रोमांचक मैच में एक रन से रोमांचक जीत दर्ज की। केएल राहुल की 92 रन की बेहतरीन पारी और पथुम निसंका (41) के साथ पहले विकेट की 76 रन की भागीदारी और डेविड मिलर के अविजित 41 रन की पारी भी दिल्ली कैपिटल्स को हार से नहीं बचा सकी। गुजरात टाइटंस अपना पहला मैच मेजबान पंजाब किंग्स से पांच गेंदो के बाकी रहते सात विकेट से और दूसरा मैच अपने घर में राजस्थान रॉयल्स से सात रन से हार गई थी। गुजरात टाइटंस को मेजबान दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ जीत के लिए आखिरी दो गेंदों में दो रन की दरकार थी लेकिन डेविड मिलर ने तब एक आसान रन लेने से इनकार कर दिया। मैच की आखिरी गेंद गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्ण ने धीमी बाउंसर फेंकी और मिलर के सिर के उपर से निकल गई लेकिन दूसरे छोर से कुलदीप यादव रन के लिए निकले लेकिन बटलर ने गिल्लियां उड़ा उन्हें रनआउट कर अपनी टीम को एक रन से मैच जिता दिया।

गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने कहा, ‘हमने मैच की अंतिम गेंद की बाबत आपस में चर्चा की क्या यॉर्कर की जाए अथवा धीमी गेंद फेंकी जाए। हम जानते थे कि इस पिच पर धीमी गेंद पर शॉट लगाना और चौका जड़ना मुश्किल होगा। मैं अपनी टीम की बल्लेबाजी से खुश हं। हमारा बराबर यह मानना था कि यहां दिल्ली की पिच पर 210 रन का स्कोर औसत से 10-15 अधिक होगा। जब हम पारी के आखिर के मारधाड़ वाले ओवरों में बल्लेबाजी कर रहे थे तब पिच के धीमे मिजाज के कारण इस पर बड़े शॉट लगाना आसान नहीं था। हमने सोचा था कि अगर हम अच्छी गेंदबाजी करेंगे तो हम यह मैच जीत सकते हैं।

नाजुक वक्त पर विकेट न गंवाए होते तो मैच जीत सकते थे : अक्षर
दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने कहा, ‘दोनों टीमों ने बढ़िया क्रिकेट खेली। इस तरह के करीबी मैचों में आप किसी एक चीज की बात नहीं कर सकते । हम जीत के लक्ष्य का पीछा करते हुए ज्यादा स्मार्ट हो सकते थे। हमने नाजुक वक्त पर यदि विकेट न गंवाए होते तो हम यह मैच जीत सकते थे। केएल राहु़ल ने पॉवरप्ले के बाद भी विकेट गंवाए रखने के बावजूद लय बनाए रखी और रन रेट धीमी नहीं पड़ने दी।