जब फूलों ने छेड़ा सुरों का जादू: 29वें मुंबई पुष्पोत्सव में सेलेब्रिटीज़ का रंगीन संगम

When flowers unleashed their magic: A colourful gathering of celebrities at the 29th Mumbai Flower Festival

सुर, सुगंध और सितारे: म्यूज़िकल थीम में सजा 29वां मुंबई फ्लावर शो

मुंबई (अनिल बेदाग) : जब रंग-बिरंगे फूलों की खुशबू सुरों से मिलने लगे और प्रकृति कला का रूप ले ले, तो नज़ारा सिर्फ़ देखने का नहीं, महसूस करने का बन जाता है। मुंबई के ऐतिहासिक जिजामाता उद्यान में आयोजित 29वां मुंबई पुष्पोत्सव कुछ ऐसा ही अनुभव लेकर आया, जहां फूलों से बने वाद्ययंत्र, सुरों की देवी लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि और बॉलीवुड सितारों की मौजूदगी ने इस आयोजन को यादगार बना दिया।

मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) द्वारा भायखला स्थित जिजामाता उद्यान में आयोजित तीन दिवसीय 29वां मुंबई पुष्पोत्सव इस वर्ष एक अनोखी म्यूज़िकल थीम के साथ दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। तीन दशकों से चली आ रही इस परंपरा में हर साल एक नई थीम के साथ पुष्प प्रदर्शनी सजाई जाती है, लेकिन इस बार फूलों से बनाए गए वाद्ययंत्रों और स्वर कोकिला लता मंगेशकर को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि ने सभी का दिल जीत लिया।

इस भव्य आयोजन में बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता रंजीत, लोकप्रिय अभिनेत्री वर्षा उसगांवकर और फिल्म व टीवी एक्ट्रेस व सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर एकता जैन सहित कई सेलेब्रिटीज़ ने शिरकत की और प्रदर्शनी का भरपूर आनंद लिया। इस मौके पर बीएमसी के सुप्रिटेंडेंट ऑफ गार्डन जितेंद्र परदेसी भी उपस्थित रहे। उन्होंने सेलेब्रिटी मेहमानों का आभार जताते हुए मुंबईकरों से अपील की कि वे अपने बच्चों के साथ इस प्रदर्शनी को देखने अवश्य आएं, क्योंकि यह आयोजन रविवार तक जारी रहेगा।

अभिनेता रंजीत ने फ्लावर शो 2026 के सफल आयोजन के लिए बीएमसी को बधाई देते हुए कहा, “मुझे फूलों और पौधों से बहुत लगाव है। अपने घर की छत पर मैं सब्ज़ियां, फूल और पौधे उगाता हूं। इस बार फूलों से बनाए गए म्यूज़िकल इंस्ट्रूमेंट्स वाकई अद्भुत हैं। मैंने इस प्रदर्शनी को दिल से एन्जॉय किया।” वर्षा उसगांवकर, जो पहले दिन भी इस प्रदर्शनी में शामिल हुई थीं, ने भी थीम और सजावट की सराहना की, वहीं एकता जैन ने कहा, “बीएमसी पिछले 29 वर्षों से जिस समर्पण के साथ यह पुष्प प्रदर्शनी आयोजित कर रही है, वह काबिले-तारीफ है। म्यूज़िकल थीम बेहद खूबसूरत है। इतनी खुशबूदार और रंगीन प्रदर्शनी हर किसी को ज़रूर देखनी चाहिए।”

इस वर्ष की एक और खास बात है जापान के साथ बीएमसी का टाइअप। प्रदर्शनी में जापान के प्रसिद्ध बोन्साई प्लांट्स को भी प्रमोट किया जा रहा है। आगामी ग्रीन एक्सपो 2027 (जापान) के मद्देनज़र बीएमसी के अधिकारी जापान जाकर वहां भारत में पौधों की खेती और संरक्षण की तकनीकों की जानकारी साझा करेंगे। जितेंद्र परदेसी ने बताया कि बच्चों में इसे लेकर खास उत्साह रहता है। बीएमसी की पूरी टीम, सेलेब्रिटीज़ का सहयोग और मीडिया कवरेज इस आयोजन को और बड़ा बनाता है।”