कमल पर पड़ा आपका वोट रामलला के श्रीचरणों में भारत की समृद्धि के लिए जाएगाः सीएम योगी

Your vote cast on the lotus will go to the feet of Ram Lalla for the prosperity of India: CM Yogi

  • मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा से लोकसभा प्रत्याशी एसपी सिंह बघेल के पक्ष में की जनसभा
  • बोले- जब जलेसर का घंटा गूंजता है तो देश की आस्था जागृत होकर आपको धन्यवाद देती है
  • सपा के समय व्यापारियों के पास फिरौती के लिए आता था फोनः योगी
  • बोले- बिना रुके, बिना डिगे 365 दिन परिश्रम करते हैं पीएम मोदी

रविवार दिल्ली नेटवर्क

एटा : 500 वर्षों के बाद अयोध्या में रामलला का आगमन हुआ। यहां के हस्तशिल्पियों व कारीगरों ने 21 टन का घंटा ले जाकर अयोध्या में जलेसर की आवाज को पहुंचाने का कार्य किया। जलेसर का घंटा जब गूंजता है तो पूरे देश की आस्था फिर से जागृत होकर आपको धन्यवाद देती है। कांग्रेस ने 65 वर्ष और सपा-बसपा ने लंबे समय तक शासन किया, लेकिन उन्होंने न जलेसर की सुध ली और न ही उन्हें रामलला के मंदिर के बारे में अता-पता था। कांग्रेस ने कहा कि राम हुए ही नहीं। रामभक्त जब कहते थे कि रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे तो सपा कहती थी कि परिंदा भी पर नहीं मार सकता। परिंदा तो क्या, अब वहां प्रतिदिन लाखों रामभक्त आ रहे हैं। सीएम ने मतदाताओं से अपील की कि कमल निशान पर पड़ने वाला आपका वोट रामलला के श्रीचरणों में भारत की समृद्धि के लिए जाएगा।

उक्त बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहीं। वे रविवार को एटा के जलेसर में आगरा लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी, सांसद व केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल के पक्ष में मतदाताओं से जनसभा के जरिए संवाद स्थापित कर रहे थे। सीएम ने कहा कि जनता की कृपा से एसपी सिंह बघेल की जीत पक्की है पर इस बार ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाना है।

सपा, बसपा व कांग्रेस के लोग नहीं चाहते थे कि रामलला विराजमान हों
सीएम योगी ने कहा कि होली खेलने के साथ ही 500 वर्षेों के बाद वहां रामलला का पावन जन्मोत्सव मनाया गया। भगवान सूर्य देव ने भी सूर्यवंश मणि भगवान राम का रामनवमी पर दोपहर 12 बजे तिलक किया। यह अवसर भाजपा सरकार के कारण आया है। सपा, बसपा व कांग्रेस के लोग आस्था व सुरक्षा के साथ खेलने वाले हैं। यह नहीं चाहते थे कि रामलला विराजमान हों।

देश की संप्रभुता से लगातार खिलवाड़ कर रहे हैं कांग्रेस व सपा के लोग
सीएम ने कहा कि कांग्रेस व इंडी गठबंधन का घोषणा पत्र कहता है कि भारत के अंदर व्यक्तिगत कानून यानी तालिबानी व्यवस्था को लागू करना चाहते हैं। क्या भारत में तालीबानी शासन होना चाहिए। कांग्रेस व सपा के लोगों को आखिर क्या हो गया है। यह लगातार आस्था, राष्ट्रीय संप्रभुता व सुरक्षा से खिलवाड़ कर रहे हैं। अराजकता पैदा करने वालों को प्रश्रय देते हैं।

देश मोदी जी चलाएंगे, सपा के लोग पांच वर्ष और फातिहा पढ़ने जाएंगे
सीएम ने कहाकि कल्याण सिंह ने जीवन प्रदेश के विकास व रामजन्मभूमि के लिए समर्पित किया। जब वे दिवंगत हुए तो सपा की तरफ से उनके प्रति संवेदना के एक भी शब्द व्यक्त नहीं किए गए, मुलायम सिंह दिवंगत हुए तो मैं उनके गांव गया था। प्रधानमंत्री ने शोक संवेदना व्यक्त किया। एक तरफ रामभक्त कल्याण सिंह का अपमान होता है तो दूसरी तरफ सपा के लोग माफिया की मौत पर फातिहा पढ़ने गए थे। आपके पास अवसर है, चुनाव के समय सपा प्रत्याशियों से बोलिए कि देश मोदी चलाएंगे, तुम लोग पांच-दस साल फातिहा पढ़ लो।

बिना रुके, बिना डिगे 365 दिन परिश्रम करते हैं पीएम मोदी
सीएम योगी ने कहा कि बिना रुके, बिना थके, बिना झुके, बिना डिगे प्रधानमंत्री मोदी ने दस वर्ष तक लगातार 24 घंटे, 365 दिन लगातार परिश्रम किया, तब दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा। सीमाएं सुरक्षित हुईं। सीएम ने कहा कि सरकार में कार्य करने की इच्छाशक्ति होनी चाहिए। हम घर-घर तक आरओ का मीठा पानी पहुंचाएंगे और जलेसर के घंटे को पूरे देश में बजाएंगे। यहां का घंटा पूरे देश के धर्मस्थलों पर बजता है।

कांग्रेस शासन में रसोई गैस के लिए मारपीट होती थी
सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस शासन के समय रसोई गैस के लिए मारपीट होती थी। त्योहार के दिन सिलेंडर समाप्त हो गया तो घर के मुखिया की हालत बड़ी खराब होती थी। मेहमान आ गए तो अपमान, सिलेंडर लेने गए तो पुलिस की लाठी और खाली सिलेंडर लेकर आए तो घर में बेलन से मार पड़ती थी। अब 10 करोड़ गरीबों को देश में सिलेंडर मिल रहे हैं। यूपी में होली-दीपावली में उपहार स्वरूप फ्री में सिलेंडर दे रहे हैं।

अब पुलिस से होता है सामना तो माफिया की पैंट हो जाती है गीली
सीएम ने कहा कि बसपा, सपा व कांग्रेस के समय रंगदारी वसूली होती थी, अब स्वनिधि का लाभ दिया जा रहा है। गरीबों की जमीन पर कब्जा करते थे। अब जिस जमीन पर गरीब का मकान बना है, उसका मालिकाना हक उसी का होगा। सपा के समय घऱ के बाहर बहन-बेटियां नहीं निकलती थी। कारोबार बढ़ाने पर व्यापारियों के पास फिरौती के लिए फोन आता था। अब बेटी-व्यापारी सुरक्षित हैं, लेकिन अपराधी व माफिया जान बख्शने की तख्ती गले में लगाकर घूम रहे हैं। सपा के समय जो माफिया सत्ता का संचालन करता था, आज जब पुलिस से उसका सामना होता है तो उसकी पैंट गीली हो जाती है। यह सरकार की धमक है।

इस अवसर पर आगरा के सांसद, केंद्रीय मंत्री व भाजपा प्रत्याशी प्रो. एसपी सिंह बघेल, विधायक संजीव दिवाकर, जिलाध्यक्ष एटा संदीप जैन, राजा अमरीश पाल सिंह, लोकसभा प्रभारी सुनील टंडन, संयोजक टीएन अग्रवाल, चेयरमैन महेंद्र पाल सिंह, गौरी वर्मा, शिखा गुप्ता, पूर्व विधायक कुबेर सिंह आदि मौजूद रहे।