सत्येन्द्र पाल सिंह
नई दिल्ली : बाएं हाथ के अभिषेक शर्मा के आतिशी शतक और अपने सलामी जोड़ीदार 15 बरस के वैभव सूर्यवंशी के साथ पहले विकेट की तूफानी शतकीय भागीदारी की बदौलत भारत ने मेजबान न्यूजीलैंड को तीसरे टी 20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच में वेलिंगटन में मंगलवार को छह विकेट से हरा कर लगातार तीसरी जीत के साथ 3-0 की निर्णायक व विजयदाई बढ़त के साथ पांच मैचों की सीरीज अपने नाम कर ली। अभिषेक शर्मा ने अपना अर्द्ध शतक 15 गेंद खेल छह छक्कों व चार चौकों और शतक मात्र 35 गेंद खेल कर 10 छक्कों और आठ चौकों की मदद से पूरा किया। अभिषेक ने मंगलवार को टी 20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में अपना चौथा शतक जड़ा।
तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए डैरल मिचेल के तेज अर्द्धशतक और फिन एलन (40 रन, 25 गेंद, पांच छक्के) के साथ दूसरे विकेट की 84 और बेवन जेकॉब्स के साथ चौथे विकेट की 75 रन की भागीदारियों की बदौलत न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी की दावत पाकर खासतौर पर स्कवॉयर लेग की छोटी बाउंड्री का लाभ उठा कर जड़े छक्कों की बदौलत निर्धारित 20 ओवर में तीन विकेट पर 198 रन का मजबूत स्कोर बनाया। मिचेल 52 गेंद खेल का पांच छक्कों व पांच चौकों की मदद से 89 और बेवन जेकॉब्स 23 गेंद खेल कर एक छक्के और तीन चौकों की मदद से 39 रन बना कर अविजित रहे। भारत के लिए तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और नीतिश रेड्डी तथा बाएं हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल ने एक एक विकेट चटकाया। भारत के अनुभवी स्विंग गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार और प्रिंस यादव खासे महंगे साबित हुए। न्यूजीलैंड के लिए एलन और मिचेल ने पांच पांच छक्के जड़े। न्यूजीलैंड की पारी में कुछ सात चौके जड़े गए। एक समय न्यूजीलैंड की टीम 200 रन के पार जाती लग रही थी लेकिन पारी के आखिरी चार ओवर में भारतीय गेंदबाज खासी कसी हुई गेंदबाजी कर उसे इससे कम पर ही रोक दिया।
जवाब में मैन ऑफ द’ मैच अभिषेक शर्मा (113 रन, 38 गेंद, 11 छक्के व चौके) की अपने सलामी जोड़ीदार 15 बरस के वैभव सूर्यवंशी(45 रन, 19 गेंद, चार छक्के, चार चौके) के साथ 7.1 ओवर में 133 रन की और संजू सैमसन (18 रन, 13 गेंद, दो चौके) के साथ दूसरे विकेट की 45 रन की भागीदारी की बदौलत भारत ने मात्र 13.2 ओवर में चार विकेट पर 199 रन बनाकर मैच जीत लिया। तिलक वर्मा एक गेंद खेल कर एक और नमन धीर एक गेंद चार रन बनाकर अविजित रहे। विजयी चौका नमन धीर ने लगाया। वैभव ने न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जैकब डफी और पारी के पहले ओवर की पहली गेंद को मिड ऑन के उपर से उड़ा चौका और तीसरी शॉर्ट गेंद को डीप कवर के उपर छक्का जड़ा और पांचवीं गेंद पर अभिषेक शर्मा ने छक्का जड़ अपने रन बनाने का आगाज किया और भारत ने उनके पहले ओवर में 26 रन बनाए। अभिषेक ने एडम मिल्ने के पहले और पारी के दूसरे ओवर की गेंद को डीप पॉइंट और अगली गेंद पर कवर के उपर से लगातार छक्के जड़ने के बाद चौथी गेंद पर चौका जड़ा और इस ओवर में 17रन बने। अभिषेक शर्मा ने न्यूजीलैंड के ऑफ स्पिनर माइकल ब्रेसवैल के पहले और पारी के तीसरे ओवर में उनकी शुरू की तीन गेंदों पर चौका, छक्का, चौका जड़ा और उनकी पांचवीं गेंद पर वैभव सूर्यवंशी ने भी एक छक्का जड़ दिया और इस ओवर में भारत ने 21 रन बनाए। अभिषेक शर्मा ने तेज गेंदबाज काइल जैमिसन के पहले ओवर की चौथी गेंद पर छक्का जड़ मात्र 15 गेंद खेल कर छह छक्कों और चार चौकों की मदद से पूरा किया और इस ओवर में अभिषेक ने 20 रन बनाए। मिल्ने के दूसरे पारी के पांचवें ओवर में 16 रन बने और भारत ने पांच ओवर में 100 रन बने। जैकब डफी के दूसरे ओवर में वैभव सूर्यवंशी ने एक छक्के व तीन चौकों की मदद से 18 रन बनाए और भारत ने छह ओवर के पहले बल्लेबाजी पॉवर्ाले में बिना क्षति 118 रन बनाए। ब्रेसवेल के दूसरे व पारी के आठवें ओवर में अभिषेक शर्मा ने दो छक्के जड़े।वैभव सूर्यवंशी (45 )ने न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैथ्यू फिशर की गेंद की टखने पर आई पहली गेंद को लॉन्ग ऑन के उपर से उड़ाने के फेर में डैरल मिचेल को कैच थमा बैठे और भारत ने आठवें ओवर की पहली गेंद पर अपना पहला विकेट 133 रन पर खोया। फिशर ने वैभव का विकेट जरूर चटकाया लेकिन इसमें 23 रन दे डाले और भारत ने इसी ओवर में एक विकेट पर अपने 150 रन पूरे किए। अभिषेक ने पारी के दसवें और तेज गेंदबाज काइल जेमिसन के दूसरे ओवर की तीसरी गेंद को पुल कर अपना आठवां चौका जड़ अपना शतक मात्र 35 गेंद खेल कर दस छक्कों और आठ चौकों की मदद से पूरा किया। जेमिसन के इसी ओवर की आखिरी गेंद को उड़ाने के फेर में अभिषेक शर्मा (113 रन, 38 गेंद, 11 छक्के व चौके) अंतत: डीप मिडविकेट पर ग्लेन फिलिप्स को कैच थमा बैठे और भारत ने अपना दूसरा विकेट दसचें ओवर में 178 रन खोया तब जीत से वह11 रन दूर था। कप्तान श्रेयस अय्यर( 5 रन,10 गेंद) ने न्यूजीलैंड के कप्तान बाएं हाथ के स्पिनर मिचेल सेंटनर की गेंद को उड़ाने के फेर में डीप विकेट पर कैच थमाया और तब भारत जीत से महज छह रन दूर था। संजू सैमसन (18) ने पारी के 14 और तेज गेंदबाज काइल जेमिसन के आखिरी ओवर की पहलीगेंद को उड़ा मैच खत्म करने के फेर में बोल्ड गए और तब भारत जीत से मात्र चार रन दूर था। नमन धीर ने जेमिसन की अगली गेंद पर चौका जड़ कर भारत को 40 गेंदों और छह विकेट के बाकी रहते जीत दिला दी।
इससे पहले भारत के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के पहले और पारी के दूसरे ओवर की दूसरी गेंद को सलामी बल्लेबाज टिम सिरफिट(2 रन, 6 गेंद) ने ऑफ स्टंप से बाहर जाती गेंद को उड़ाने की कोशिश में पॉइंट पर अक्षर पटेल को कैच थमा दिया और न्यूजीलैंड ने पहला विकेट मात्र 4 रन के स्कोर पर खो दिया। न्यूजीलैंड ने छह ओवर के पहले पॉवरप्ले में एक विकेट खोकर 58 रन बनाए।फिन एलन (40) ने भारत के तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर नीतिश रेड्डी के पहले ओवर की तीसरी ऑफ साइड के बहुत बाहर गेंद को उड़ाने की कोशिश में लॉन्ग ऑन पर नमन धीर को कैच थमा दिया और न्यूजीलैंड ने दूसरा विकेट 90 रन पर खोया। न्यूजीलैंड ने अपने 100 रन दस ओवर में पूरे किए मौजूदा सीरीज के शुरू के दो मैचों में अर्द्ध शतक जड़ने वाले ग्लेन फिलिप्स (17रन, 14 गेंद, तीन चौके) भारत के बाएं हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल के आखिर और पारी के 12 वें ओवर की आखिरी गेंद की पिच तक पहुंचे बिना उसी ड्राइव करने की कोशिश में उन्हें ही वापस कैच थमा बैठे और न्यूजीलैंड ने तीसरा विकेट 123 रन पर खो दिया।
मैंने ऐसी ही पारी की सपना देखा था : अभिषेक शर्मा
मैन ऑफ द’ मैच भारत के अभिषेक शर्मा ने कहा,‘मैंने और वैभव ने क्रीज पर बल्लेबाजी का पूरा लुत्फ उठाया। जब हम फील्डिंग कर रहे तो हमने देखा की पिच पर कुछ अतिरिक्त उछाल और हम छोटी बाउंड्री को निशाना बना सकते हैं। वैभव ने बढ़िया आगाज किया और हमने वहीं से लय पा ली। यह आसान नहीं था लेकिन सब कुछ आपकी तैयारी पर निर्भर करता है। हमारे कोचिंग स्टाफ और साइड आर्म बॉलर्स का बहुत बहुत आभार। सोमवार को हमारा अभ्यास सत्र बढ़िया रहा और मैं उसका पूरा इस्तेमाल करना चाहता था।मैंने ऐसी ही पारी की सपना देखा था। जहां युवराज की इस चुटकी की बात है कि अभिषेक ने अब तक 12 गेंदों पर अर्द्बशतक नहीं जड़ा तो इस बाबत बस यही कहूंगा कि मैं नहीं जानता कि तब युवी पा किस तरह की क्रिकेट खेल रहे थे। अगर कोई उस तरह से बल्लेबाजी करना चाहे, तो यह आसान नहीं है। 12 गेंदों में 50 रन बनाना आसान काम नहीं है। लेकिन हम इस बाबत नहीं सोचते, हम बस अपनी टीम को मैच जिताना चाहते हैं।’
अभिषेक व वैभव तारीफ के हकदार हैं : श्रेयस अय्यर
भारत के कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा,‘ न जब मैं और संजू मैदान से बाहर गए तो गेंद स्विंग हो रही और तब हम सोचने पर मजबूर हुए सलामी बल्लेबाजों ने इसे कैसे संभाला होगा। पांच ओवर 100 रन, अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ऐसा पहले कभी नहीं देखा। बेखौफ बल्लेबाजी का संदेश बेहद जरूरी था। विदेश में खेलने पर आपको चुनौतियों का सामना करना पड़ता है और जिस तरह अभिषेक शर्मा व वैभव ने वाकई शानदार बल्लेबाजी की इसके लिए वे तारीफ के हकदार हैं। अभी दो मैच और बाकी हैं, उम्मीद है कि वे अपना यह फॉर्म बरकरार रखेंगे। जब हम हार्ड लेंग्थ पर गेंदबाजी कर रहे तो रन जा रहे थे। मैंने तब अपने गेंदबाजों से यॉर्कर फेंकने को कहा और इससे हमें न्यूजीलैंड का दस रन प्रति ओवर से कम पर रोकने में मदद मिली। हमारी योजना भी न्यूजीलैंड को 200 रन से कम पर रोकने की थी।‘
अभिषेक व वैभव सूर्यवंशी को रोकना बहुत मु्श्किल : सेंटनर
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने कहा,‘ अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी को रोकना बहुत मु्श्किल है। हम आईपीएल में इन दोनों की धांसू बल्लेबाजी देख चुके हैं और हमने मंगलवार रात भी इन दोनों की ऐसी विस्फोटक बल्लेबाजी देखी। डैरल जैकॉब्स ने अच्छी भागीदारी की और हमें 200 रन के करीब के अच्छे स्कोर तक पहुंचाया। भारत के गेंदबाजों ने पारी के आखिर में बढ़िया गेंदबाजी की। ओस पड़ने पर गेंदबाजी बहुत मुश्किल हो गई थी। टी 20 क्रिकेट में पॉवरप्ले बेहद अहम होता है भारत की सलामी जोड़ी ने हमें दिखाया कि इसमें किस तरह बल्लेबाजी की जाती है। जहां तक मेरे बाद में गेंदबाजी करने की बात है तो पहली पारी के दौरान जब मैंने अक्षर को गेंदबाजी करते देखा तो मुझे लगा कि पिच में स्पिनरों के लिए बहुत कुछ नहीं था। मैंने ब्रेसवेल को आजमाया लेकिन भारतीय बल्लेबाज उनके खिलाफ बढ़िया खेले। मैं बस भारतीय बल्लेबाजों को रोकने की कोशिश कर रहा था। अब हम अगले मैच ईडन पार्क में खेलेंगे, जिसका मैदान और भी छोटा है और हमें उस पर भारत को रोकने की राह तलाशनी होगी।





