डॉक्टर साहिब सिंह वर्मा का विचार एवं सादगी ही उनकी पहचान थी-आदेश गुप्ता

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री आदेश गुप्ता ने आज दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. साहिब सिंह वर्मा की जन्म जयंती पर प्रदेश कार्यालय में उन्हें पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। इस मौके पर श्री गुप्ता ने कहा कि दिल्ली देहात के मसीहा और किसानों के हितौषी डॉक्टर वर्मा का पूरा जीवन दिल्लीवासियों के कल्याण के लिए समर्पित रहा। उनके अधूरे कार्यों और दिल्ली के विकास को लेकर जो उनके सपने थे उसे दिल्ली भाजपा जरूर पूरा करेगी। उनके विचार एवं आदर्श हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए हमेशा ही प्रेरणा श्रोत रहेंगे।

श्री गुप्ता ने कहा कि डॉ साहिब सिंह वर्मा द्वारा दिल्ली देहात की विकास योजना और उनके शासनकाल में हुए दिल्ली के सर्वांगीण विकास कार्यों को हम कभी भूल नहीं सकते हैं। उनके कुशल नेतृत्व और उनके आदर्श हम सभी के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. साहिब सिंह वर्मा हर कार्यकर्ता की नब्ज पहचानते थे। वह बहुत ही मिलनसार थे और जब भी कोई कार्यकर्ता उनके पास मदद के लिए जाता तो वह तुरंत उसकी सहायता करते थे। आज कोई भी मुख्यमंत्री लोगों के बीच नहीं दिखता है, लेकिन डॉ साहिब सिंह वर्मा ऐसे मुख्यमंत्री थे जो हफ्ते में दो-तीन बार सुबह-सुबह ही दौरे पर निकल जाते थे और लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनते थे। यही कारण है कि वह आज भी दिल्ली के लोगों के मन में रचे-बसे हुए हैं। आज डॉक्टर साहिब सिंह वर्मा की जन्म जयंती के अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं सहित सांसद श्री प्रवेश साहिब सिंह ने स्वाभिमान स्थल, घेवरा मोड़ जाकर हवन किया एवं उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।