रविवार दिल्ली नेटवर्क
टीएमयू के कुलपति प्रो. वीके जैन और डीन एकेडमिक्स प्रो. मंजुला ने उम्मीद जताई, टीएमयू
के स्टुडेंट्स को मिलेंगे इंटर्नशिप, प्रशिक्षण और रोजगार के नए अवसर
तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी, मुरादाबाद ने स्टुडेंट्स को बदलती औद्योगिक जरूरतों के अनुसार तैयार करने और उन्हें बेहतर करियर अवसर उपलब्ध कराने के लिए ऐपस्क्वाड्ज़ सॉफ्टवेयर प्राइवेट लिमिटेड एवम् उसके वेंचर कोडस्क्वाड्ज़ के संग एमओयू साइन किया है। टीएमयू की ओर से डीन एकेडमिक्स प्रो. मंजुला जैन और ऐपस्क्वाड्ज़ एवम् कोडस्क्वाड्ज़ की ओर से को-फाउंडर श्री मनीष भाटिया ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं। इस अवसर पर टीएमयू के कुलपति प्रो. वीके जैन, एसोसिएट डीन एकेडमिक्स प्रो. अमित कंसल, कॉरपोरेट रिसोर्स सेंटर- सीआरसी के डायरेक्टर श्री अरुण कुमार एवम् डिप्टी डायरेक्टर श्री रितेश कुमार श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे। ऐपस्क्वाड्ज़ की ओर से सीनियर एचआर मैनेजर सुश्री मेघा दीक्षित और इंस्टिट्यूशंस एंड कॉरपोरेट अलायंस मैनेजर श्री मनीष कुमार उपस्थित रहे। इस अकादमिक-इंडस्ट्री साझेदारी का मुख्य उद्देश्य स्टुडेंट्स को उद्योग की वास्तविक कार्यप्रणाली से जोड़ने के साथ-साथ उनके तकनीकी, व्यावसायिक और रोजगारपरक कौशल का विकास करना है।
टीएमयू के कुलपति प्रो. वीके जैन ने कहा, वर्तमान समय में उच्च शिक्षा की सफलता केवल कक्षाओं तक सीमित नहीं है। स्टुडेंट्स को इंडस्ट्री एक्सपोजर और व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना समय की मांग है, ताकि वे भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार हो सकें। डीन एकेडमिक्स प्रो. मंजुला जैन ने इस पहल को अकादमिक उत्कृष्टता और उद्योग की अपेक्षाओं के बीच एक मजबूत सेतु बताया। एसोसिएट डीन प्रो. अमित कंसल ने कहा, पाठ्यक्रम और औद्योगिक वातावरण में तालमेल से छात्रों की प्रोफेशनल तैयारी और मजबूत होगी। कोडस्क्वाड्ज़ के को-फाउंडर श्री मनीष भाटिया और ऐपस्क्वाड्ज़ की सीनियर एचआर मैनेजर सुश्री मेघा दीक्षित ने कहा, यह साझेदारी तकनीकी क्षेत्र की उभरती जरूरतों के हिसाब से छात्रों को ढालने में मददगार साबित होगी। दोनों संस्थान मिलकर प्रशिक्षण, इंटर्नशिप और प्लेसमेंट के अवसरों को बढ़ाएंगे। सीआरसी के डायरेक्टर श्री अरुण कुमार ने विश्वास जताया, यह समझौता टीएमयू के स्टुडेंट्स के लिए इंडस्ट्री कनेक्ट और रोजगार के अवसरों को नए आयाम देगा।





