मोहित त्यागी
दिल्ली : विश्व प्रसिद्ध लव कुश रामलीला लाल किला ग्राउंड के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया विशाल क्रेनों की मदद से 250 फीट की ऊंचाई पर आकाश मार्ग से जब श्री राम और लक्ष्मण को अपने कंधों पर उठाए हनुमान जी आए, उस वक्त लीला ग्राउंड में मौजूद हजारों राम भक्त अपने मोबाइल कैमरों में इस दृश्य को कैद कर रहे थे तो सारा ग्राउंड मोबाइल की चमकती बैटरी से चमक उठा। हनुमान जी ने जब सोने की लंका को आग लगाई तो जय श्री राम के गग़न भेदी उद्घोष के बीच लंका जलकर राख हो गई।
अर्जुन कुमार ने आगे बताया दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता तथा असम सरकार के स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल ने लीला स्थल पर पहुंचकर प्रभु श्रीराम की लीला का अवलोकन किया और राम जी से आशीर्वाद लिया।
आज लीला मंच पर प्रभु श्रीराम की शबरी से भेंट, राम-सुग्रीव मित्रता, बाली वध, सीता की खोज लंकनी से भेंट, रावण-सीता संवाद, अक्षय कुमार वध, रावण-हनुमान संवाद और लंका दहन तक के प्रसंगों का भव्य एवं प्रभावशाली मंचन किया गया।
महासचिव सुभाष गोयल ने बताया लीला स्थल पर पधारे उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल तथा अन्य गणमान्य अतिथियों को कमेटी की ओर से स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पवन गुप्ता, सत्यभूषण जैन, अखिल सिंघल, बृजमोहन गोयल, अंकुर गोयल, गौरव सूरी, प्रवीण गोयल, संदीप भूटानी सहित कमेटी के अन्य पदाधिकारी एवं अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।





