मुंबई (अनिल बेदाग): गणेश चतुर्थी 2026 के पावन अवसर पर भक्ति संगीत प्रेमियों के लिए ‘श्री गणेश वंदना’ एक खास सौगात बनने जा रही है। हैलो सेतु मीडिया एंड एंटरटेनमेंट के बैनर तले तैयार इस भजन की रिकॉर्डिंग प्रसिद्ध गायिका साधना सरगम ने पूरी कर ली है। हाल ही में एक विशेष कार्यक्रम में भजन के पोस्टर का भी अनावरण किया गया, जिसके साथ इसकी पहली झलक श्रोताओं के सामने आई।
साधना सरगम की सुरीली और भावपूर्ण आवाज में सजे इस भजन में भगवान गणेश के प्रति श्रद्धा, विश्वास और समर्पण को संगीत के माध्यम से अभिव्यक्त किया गया है। भजन का संगीत अमित शरद त्रिवेदी ने तैयार किया है, जबकि इसके बोल धर्मेंद्र एहसास ने लिखे हैं। पोस्टर लॉन्च के दौरान निर्माता कौशल चौधरी, म्यूजिक डायरेक्टर अमित शरद त्रिवेदी और लेखक धर्मेंद्र एहसास सहित कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।
इस मौके पर साधना सरगम ने कहा, “भक्ति संगीत से जुड़ना हमेशा मेरे लिए एक सुंदर अनुभव रहा है। ‘श्री गणेश वंदना’ मेरे लिए इसलिए खास है क्योंकि यह गणपति बप्पा को समर्पित है। उम्मीद है कि श्रोताओं को इसमें भक्ति के साथ सकारात्मक ऊर्जा भी महसूस होगी।”
वहीं निर्माता कौशल चौधरी ने कहा कि उनका उद्देश्य ऐसा रचनात्मक भक्ति संगीत प्रस्तुत करना है, जो लोगों को भावनात्मक और सांस्कृतिक रूप से जोड़े।
गौरतलब है कि इसी बैनर ने हाल ही में साधना सरगम की आवाज में श्रीकृष्ण भजन ‘गिरिधर नन्द के लाला’ पेश किया था। अब कृष्ण भक्ति के बाद गणपति आराधना को सुरों में पिरोकर यह संगीत यात्रा आगे बढ़ रही है। ‘श्री गणेश वंदना’ के गणेश चतुर्थी 2026 पर रिलीज होने का श्रोताओं को बेसब्री से इंतजार है।





