गाजियाबाद के जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ की अनुकरणीय पहल

Exemplary initiative of Ghaziabad District Magistrate Ravindra Kumar Mondad

जिलाधिकारी की त्वरित कार्रवाई से जनसुनवाई में शिकायत करने वाली पीड़िता को मात्र 4–5 घंटे में मिला मकान पर कब्जा

दीपक कुमार त्यागी

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ के निर्देश पर एसडीएम सदर के नेतृत्व में गठित टीम ने मौके पर पहुंचकर कराई कार्रवाई

गाजियाबाद : जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के क्रम में एक पीड़िता को राहत दिलाई। आज दोपहर जनसुनवाई में सोनिका थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक, जनपद गाजियाबाद ने अपने मकान पर जबरन ताला लगाए जाने तथा उनके किरायेदार को बाहर निकालने के संबंध में शिकायत प्रस्तुत की।

पीड़िता ने अपनी शिकायत में अवगत कराया कि उन्होंने सजवान नगर कॉलोनी में 50 वर्ग गज का मकान खरीदा था। मकान खरीदने के संबंध में एजेंट के माध्यम से सौदा तय हुआ था तथा दिनांक 20 मई 2026 को मकान का बैनामा कराया गया था। पीड़िता के अनुसार, बाद में एजेंट द्वारा उनके मकान पर जबरन ताला लगा दिया गया और उनके किरायेदार को बाहर निकाल दिया गया। विरोध करने पर अभद्र व्यवहार एवं धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया। पीड़िता ने जिलाधिकारी से मकान का ताला खुलवाकर कब्जा दिलाने तथा मामले में उचित कार्रवाई कराने की मांग की।

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी सदर अजीतपाल सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर प्रकरण में संबंधित दस्तावेजों की जांच कराने तथा मौके का मुआयना कराते हुए नियमानुसार पीड़िता को मकान पर कब्जा दिलाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में संबंधित टीम एसडीएम, तहसीलदार, पुलिस विभाग के अधिकारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 4–5 घंटे के भीतर मौके पर पहुंचकर आवश्यक जांच एवं कार्रवाई की तथा पीड़िता को उसके मकान पर कब्जा दिलाया। त्वरित कार्रवाई से राहत मिलने पर पीड़िता सोनिका ने जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़, जिला प्रशासन तथा प्रदेश में संचालित योगी सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
जिला प्रशासन द्वारा जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि पीड़ितों एवं जरूरतमंदों को समयबद्ध न्याय एवं राहत उपलब्ध कराई जा सके।