दीपक कुमार त्यागी
प्रख्यात शायर दीक्षित दनकौरी व अन्य शायरों के ग़ज़ल पाठ व शायरी ने श्रोताओं को किया मंत्रमुग्ध
मुंबई : लब्धप्रतिष्ठ साहित्यिक व सांस्कृतिक संस्था चौपाल द्वारा अशोक बिंदल के संयोजन में, अंधेरी वेस्ट में भवंस के सभागार में एक काव्य संध्या आयोजित की गई। काव्य संध्या के कार्यक्रम की अध्यक्षता दिल्ली से पधारे प्रख्यात शायर दीक्षित दनकौरी ने की, वहीं रवि यादव के संचालन में
प्रबुद्ध सौरभ ने अपने शानदार काव्यपाठ से गोष्ठी आरंभ करके उपस्थित श्रोताओं का मन मोह लिया, उन्होंने पढ़ा –
बेईमानी दो का दस कर सकती है ,
लेकिन दुनिया तहस-नहस कर सकती है l
मर्यादा पुरुषोत्तम को वन भिजवा दे,
ममता इतना भी बेबस कर सकती है l
चर्चित युवा शायर संतोष सिंह ने अपने अनूठे अंदाज़ में ग़ज़लें पढ़कर वाह – वाही लूटी –
दर्द ईजाद कर रहा हूँ मैं,
हाँ ! तुझे याद कर रहा हूँ मैं l
उसका वादा है आज आने का,
वक़्त बर्बाद कर रहा हूँ मैं l
मंच के कुशल संचालन के साथ-साथ रवि यादव ने गीत और गज़लें पढ़कर श्रोताओं को विभोर कर दिया –
तमाशे में यहाँ अपने, जगह कोई नहीं देता।
तमाशा ख़ुद नया अपना, यहाँ हमको जमाना है।
तुम्हारे मोह से छूटे तो हमने राज़ ये जाना?
तुम्हारे इश्क़ के बाहर भी दुनिया है l
सुप्रसिद्ध कवयित्री संध्या यादव ने नारी मन की वेदना को अभिव्यक्त करते हुए मार्मिक कविता पढ़ी –
फेंके जाने की पीड़ा जब भी उभरती है
मोक्ष मिलने का मरहम जख्म पर रख लेती हूं
*मैं फुल टाइम गृहस्थन हूं पार्ट *टाइम कवियत्री हूं।*
वह दिन कब आयेगा
जब जीवन के पाठ्यक्रम में *लक्ष्मी का निवास स्वर्ग में नहीं घर *में बताया जाएगा।*
फिल्मी गीतकार शायर शेखर अस्तित्व ने बहुत सुन्दर श्रंगार गीत और ग़ज़लें प्रस्तुत करके पूरे माहौल को जीवंत कर दिया, उनके शे’रों को भरपूर दाद मिली-
बेरहम सिरफिरी उदासियों को आग लगे,
बेसुवादी सी फीकी छुट्टियों को आग लगे l
भाड़ में जाए दिसंबर का महीना तुम बिन,
दिल तो कहता है कि इन सर्दियों को आग लगे।
हास्य व्यंग्य के सुप्रसिद्ध एवं वरिष्ठ रचनाकार सुभाष काबरा ने मैं शायर नहीं हूं शीर्षक से व्यंग्य लेख पढ़ा तो पूरा सदन ठहाकों और तालियों से गूँज गया l
अंत में दीक्षित दनकौरी ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में ‘चौपाल’ का आभार व्यक्त किया और लगभग सवा घंटे तक अपने पुरकशिश तरन्नुम में ग़ज़ल पाठ करके श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया l हॉल में उपस्थित सैकड़ों सुधी श्रोताओं ने उनके हर शे’र को दादो -तहसीन से नवाज़ा l
पसारूं हाथ क्यों आगे किसी के,
तरीके और भी हैं खुदकुशी के l
तवक्को सबसे रखता है मदद की,
कभी तो काम आ तू भी किसी के l
कार्यक्रम संयोजक अशोक बिंदल ने इस गोष्ठी को यादगार बनाने के लिए सभी कवियों और आगंतुक श्रोताओं का धन्यवाद ज्ञापित किया l





