रविवार दिल्ली नेटवर्क
देहरादून : कैबिनेट मंत्री श्रीमती रेखा आर्य ने जनपद टिहरी में “आंगन का मिलन” कार्यक्रम को सफल बनाने की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में विभागीय अधिकारियों एवं पार्टी पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
उन्होंने कहा कि जनपद के 2017 आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं, बच्चों और अभिभावकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को विभागीय योजनाओं से जोड़ने के साथ बच्चों के लिए रचनात्मक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, नंदा गौरा योजना, मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना, मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना, पोषण माह एवं टेक होम राशन सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी लाभार्थियों तक पहुंचाई जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्व पूर्ण कर ली जाएं।
कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों की निर्धारित समयावधि में ही कार्यक्रम संपन्न किए जाए, ताकि बच्चों, माताओं और अभिभावकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं एवं आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा।
बैठक के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने मानदेय बढ़ोतरी की मांग भी। उन्होंने आश्वासन दिया कि मानदेय बढ़ोतरी के प्रस्ताव को जल्द कैबिनेट के समक्ष लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारी आंगनबाड़ी बहनें विषम भौगोलिक परिस्थितियों में विभागीय जिम्मेदारियों का दायित्व निभा रही हैं और उनके योगदान को सम्मान देना हमारी प्राथमिकता है





