टीएमयू में मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण के तहत सिखाए छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर

Self defense techniques taught to girl students under the second phase of Mission Shakti 5.0 in TMU

रविवार दिल्ली नेटवर्क

तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी के कॉलेज ऑफ फिजिकल एजुकेशन, कॉलेज ऑफ नर्सिंग, कॉलेज ऑफ फार्मेसी, कॉलेज ऑफ एलाइड एंड हेल्थकेयर साइंसेज, कॉलेज ऑफ फाइन आर्ट्स, फिजियोथेरेपी विभाग में मासिक धर्म स्वच्छता, स्वास्थ्य, आत्मरक्षा, डिजिटल जागरूकता, कानूनी अधिकारों, सामाजिक समानता एवम् सांस्कृतिक सहभागिता पर भी छात्राओं और महिलाओं को दिए टिप्स

उत्तर प्रदेश सरकार की पहल मिशन शक्ति 5.0 के द्वितीय चरण के तहत तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी, मुरादाबाद में महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य, आत्मरक्षा, डिजिटल जागरूकता, कानूनी अधिकारों, सामाजिक समानता, सांस्कृतिक सहभागिता से जुड़े विविध कार्यक्रमों के जरिए छात्राओं और महिलाओं को जागरूक किया गया। कॉलेज ऑफ फिजिकल एजुकेशन में छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए गए। यूनिवर्सिटी की मिशन शक्ति नोडल अधिकारी एवम् डिपार्टमेंट ऑफ फिजियोथेरेपी की एचओडी प्रो. शिवानी एम. कौल ने कहा, इन कार्यक्रमों का उद्देश्य छात्राओं और महिलाओं को जागरूक बनाने के साथ उनमें आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और सुरक्षा के प्रति सजगता विकसित करना है।

महिला अधिकार, समान अवसर, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता जैसे पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता
कॉलेज ऑफ फाइन आर्ट्स में सुश्री सेहा रानी के समन्वय में करियर काउंसलिंग सत्र, पोस्टर मेकिंग और भाषण प्रतियोगिता हुई। कार्यक्रम में फाइन आर्ट्स के प्रिंसिपल श्री रविंद्र देव ने स्टुडेंट्स को करियर के विभिन्न विकल्पों, रुचि एवम् क्षमता के अनुरूप भविष्य की योजना बनाने और लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने महिला अधिकार, समान अवसर, सुरक्षा, आत्मनिर्भरता जैसे विषयों पर रचनात्मक अभिव्यक्ति प्रस्तुत की। मिशन शक्ति के तहत इन गतिविधियों में यूनिवर्सिटी के विभिन्न कॉलेजों एवम् विभागों के स्टुडेंट्स, फैकल्टीज और एक्सपर्ट्स की सक्रिय सहभागिता रही।

ग्रामीण महिलाओं को मासिक धर्म के प्रति किया जागरूक
कॉलेज ऑफ नर्सिंग की एनएसएस इकाई की ओर से अमरोहा के रसूलपुर गुर्जर में सुश्री शिवांगी गुप्ता के कोर्डिनेशन में मासिक धर्म स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम में छात्राओं और ग्रामीण महिलाओं को मासिक धर्म की सामान्य प्रक्रिया, व्यक्तिगत स्वच्छता, सैनिटरी पैड के उचित उपयोग एवम् सुरक्षित निस्तारण के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही मासिक धर्म से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने और महिलाओं तक स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया गया।

सुरक्षित सड़क यात्रा के नियमों से किया अपडेट
फिजियोथेरेपी विभाग के निर्देशन में यातायात जागरूकता कार्यक्रम के तहत ट्रैफिक पुलिस के हेड कांस्टेबल श्री विनोद कुमार, डॉ. शिवम गंगवार, सब इंस्पेक्टर सस्नेमा ने स्टुडेंट्स को हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, यातायात संकेतों के पालन, निर्धारित गति सीमा और सुरक्षित सड़क यात्रा के नियमों की जानकारी दी। साथ ही आपातकालीन सहायता के लिए 112, महिला हेल्पलाइन 181, एम्बुलेंस सेवा 108 के बारे में भी बताया।

साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर बुलिंग, डिजिटल गोपनीयता, सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के विभिन्न पहलुओं की दी जानकारी
कॉलेज ऑफ एलाइड एंड हेल्थकेयर साइंसेज में साइबर सुरक्षा कार्यशाला में फॉरेंसिक साइंस विभाग के एचओडी श्री रवि कुमार और रिसर्च स्कॉलर सुश्री रिची सिंह ने स्टुडेंट्स को साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर बुलिंग, डिजिटल गोपनीयता और सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। प्रतिभागियों को साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराने के लिए साइबर क्राइम डॉट जीओवी डॉट इन, वित्तीय धोखाधड़ी की स्थिति में 1930 और आपातकालीन सहायता नंबर 112 के उपयोग के बारे में भी बताया गया।

माहवारी कोई बीमारी नहीं, बल्कि प्राकृतिक शारीरिक प्रक्रिया
कॉलेज ऑफ फार्मेसी की ओर से जूनियर हाई स्कूल, फतेहपुर विश्नोई में मासिक धर्म स्वच्छता एवम् महिला स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम की थीम स्वस्थ नारी, सशक्त नारीः मासिक धर्म स्वच्छता एवम् महिला स्वास्थ्य जागरूकता रही। फार्मेसी स्टुडेंट्स ने छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान संतुलित आहार लेने और पोषण पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा, माहवारी कोई बीमारी नहीं, बल्कि एक सामान्य और प्राकृतिक शारीरिक प्रक्रिया है, जिसे लेकर किसी भी प्रकार की हीन भावना या संकोच नहीं रखना चाहिए।