‘विकास और विरासत’ थीम पर दिखेगी भारत की आर्थिक ताकत, 11 देशों के 3500 से अधिक प्रदर्शक होंगे शामिल

India's economic strength will be showcased on the theme of 'Development and Heritage', more than 3500 exhibitors from 11 countries will participate.

प्रमोद शर्मा

नई दिल्ली : राजधानी के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF-2026) का आयोजन 14 से 27 नवंबर तक किया जाएगा। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल 13 नवंबर को मेले का उद्घाटन करेंगे। इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन (ITPO) द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित व्यापार मेले की थीम इस वर्ष ‘विकास और विरासत’ रखी गई है।

इस वर्ष मेले में भारत के 32 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों तथा 11 देशों की भागीदारी रहेगी। देश-विदेश के 3500 से अधिक प्रदर्शक 17 प्रदर्शनी हॉल में अपने उत्पादों, सेवाओं, तकनीक और व्यावसायिक उपलब्धियों को प्रस्तुत करेंगे। एक लाख वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में आयोजित यह मेला देश के व्यापार, उद्योग और उद्यमिता को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।

एमएसएमई और स्टार्टअप को मिलेगा बड़ा मंच

अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (MSME), स्टार्टअप, कारीगरों, बुनकरों और महिला उद्यमियों को विशेष अवसर मिलेगा। यहां देश के विभिन्न क्षेत्रों के पारंपरिक हस्तशिल्प, हथकरघा, खाद्य उत्पाद, इलेक्ट्रॉनिक्स, उपभोक्ता वस्तुएं, आभूषण, कृषि उत्पाद और आधुनिक तकनीक से जुड़े उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे।

वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) पवेलियन में विभिन्न जिलों के विशिष्ट उत्पाद, स्थानीय व्यंजन, हस्तकला और पारंपरिक उद्योग आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इसके माध्यम से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

व्यापारिक संपर्क और निवेश के अवसर

मेले के शुरुआती पांच दिन यानी 14 से 18 नवंबर तक बिजनेस डेज होंगे, जो मुख्य रूप से व्यापारिक प्रतिनिधियों और बी2बी बैठकों के लिए निर्धारित हैं। आम जनता के लिए मेला 19 से 27 नवंबर तक खुला रहेगा। इस दौरान देश-विदेश के कारोबारी एक-दूसरे के साथ व्यापारिक संबंध स्थापित करने, नए बाजार तलाशने और निवेश की संभावनाओं पर चर्चा कर सकेंगे।

मेले में भारतीय संस्कृति, लोककला और विभिन्न राज्यों के पारंपरिक खानपान की भी झलक देखने को मिलेगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भारत की विविधता और विरासत को प्रस्तुत किया जाएगा।

अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला भारतीय उद्योगों, छोटे कारोबारियों और उद्यमियों के लिए अपने उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने का सशक्त मंच है। उम्मीद है कि इस वर्ष का आयोजन व्यापारिक गतिविधियों को नई गति देने के साथ भारत की आर्थिक क्षमता और सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाएगा।