विनोद कुमार विक्की
वरिष्ठ राजनीतिज्ञ का पति, सास और नाना ससुर के पश्चात निजी प्रेम के सफरनामे पर “बिलांगिंग ए जर्नी आफ लव” प्रकाशित होते ही राजनीतिक दलों से बिलांगिंग नहीं रखने वाला साहित्यकार समुदाय भी खासा उत्साहित है। अखिल भारतीय स्तर पर भोगेंद्र भयंकर जी ऐसे शख्स हैं, जो लेखक भी हैं और वर्तमान में काक्रोच विचार धारा के समर्थक भी। भोगेंद्र भयंकर जी शत-प्रतिशत विशुद्ध मौलिक और प्राचीन लेखक हैं। सोशल मीडिया, ई-मेल आईडी और एआई के आगमन से पूर्व पोस्टकार्ड, लिफाफे और अंतर्देशीय पत्रों के युग से लेखन कर रहे हैं। तब वे कांग्रेसी विचारधारा के हुआ करते थे।
वह दौर भी क्या दौर था! रचनाएँ भेजने के पश्चात उनके प्रकाशन की सूचना प्राप्त करने का एकमात्र स्रोत पत्रिका का हाथ में आना हुआ करता था। रचना प्रेषण और प्रकाशन के बीच महीनों का अंतराल रहता था। लेखक की संख्या पांडवों के समान और पाठकों का संख्यात्मक मान कौरवों के अनुपात में हुआ करता था। उस समय लेखक और प्रकाशक के बीच संबंध भी रचना की गुणवत्ता के आधार पर निर्धारित होता था। परिवर्तन संसार का नियम है। वक्त के साथ भोगेंद्र भयंकर जी में भी बदलाव आया और वे भाजपाई समर्थक बन गये।
डाक की बजाय ई-मेल और व्हाट्सएप से रचनाएँ भेजने की संस्कृति में भोगेंद्र भयंकर जी ने स्वयं को समायोजित कर लिया। रचना भेजी नहीं कि अगले दिन प्रकाशित! अथवा शाम तक डिजिटल पत्रिकाओं में पब्लिश! तकनीक के साथ साहित्य का विकास भोगेंद्र जी को काफी अच्छा लगा।
वक्त बदला संपादक और लेखक के बीच का संबंध रचनाओं की गुणवत्ता की बजाय संरक्षण, सदस्यता शुल्क तथा सोशल मीडिया पोस्ट पर लाइक और कमेंट के आधार पर निर्धारित होने लगा। यह और बात है कि अब पाठकों एवं लेखकों का अनुपात भी पांडव-कौरव वाला हो चुका है। साहित्य की ऐसी स्थिति से आहत भोगेंद्र भयंकर जी ने स्वयं को काक्रोच विचारधारा के साथ समायोजित कर लिया।
साहित्य के साथ-साथ राजनीति में सक्रिय पूर्व कांग्रेसी भोगेंद्र बाबू को मैंने सोशल मीडिया के माध्यम से बिलांगिंग की बधाई दे डाली। वे भिनभिना गए। उनके अनुसार ऐसे अनेक उदाहरण हैं, जिनमें नेता, अभिनेता, क्रिकेटर और सेलिब्रिटी अंततः किताब लिखकर लेखक बन जाते हैं। और एक वो हैं, जो पैदाइशी लेखक होकर भी आज तक संघर्ष ही कर रहे हैं!
मुझे अहसास हुआ कि मैंने साहित्य की दुखती रग पर हथौड़ा रख डाला है।
मैंने समझाया, “अरे, आप तो स्वनामधन्य साहित्यकार हैं!”
“क्या खाक साहित्यकार! बताइए, साहित्य से नॉट बिलांगिंग पर्सन ने 544 पृष्ठों की बिलांगिंग लिख डाली और एक हम हैं, जो अभी भी रचनाओं के प्रकाशन हेतु पत्रिकाओं के पीछे मुँह मार रहे हैं!”
मेरी बातों पर भड़कते हुए उन्होंने जवाब दिया।
“अरे, बस इतनी सी बात! अजी एआई, पैसा और प्रकाशक की मदद लेकर आप भी 5044 पृष्ठों की बुक पब्लिश करवा सकते हैं।” मैंने सुझाव दिया।
एआई तकनीक और साहित्य की एक साथ चर्चा सुनते ही वे भड़क उठे। “अरे, आपके एआई तकनीक की ऐसी की तैसी! इस फेसबुक ने लोगों को क्रांतिकारी तथा रील संस्कृति ने सबको हीरो-हीरोइन बना दिया था और जो शेष बचे थे उसे एआई ने लेखक बना डाला है। संतान किसी की, मात-पिता कोई और! अरे मरदूदों! जब तुम स्वयं सामर्थ्यवान हो, तो संतानोत्पत्ति की बजाय गोद लिए बच्चे को अपना नाम और वंश देना कौन-सी सृजनशीलता है?” मेरी सलाह अथवा एआई, पता नहीं किस पर, भड़ास भरे इस अंतिम संदेश के प्रेषण के साथ ही उन्होंने मुझे सोशल मीडिया पर तत्काल ब्लॉक कर दिया। कल तक बिलांगिंग टू भोगेंद्र रहा मैं अब नॉट-बिलांगिंग टू हिम हो चुका हूँ।





