टीएमयू सीसीएसआईटी की पत्रिका कम्प्यूटिंग विज़न की 10वीं वर्षगांठ

10th Anniversary of TMU CCSIT's Magazine 'Computing Vision'

रविवार दिल्ली नेटवर्क

तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी के कॉलेज ऑफ कंप्यूटिंग साइंसेज़ एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉज़ी- सीसीएसआईटी की प्रतिष्ठित कॉलेज पत्रिका कम्प्यूटिंग विज़न की वर्षगांठ पर रचनात्मकता, नवाचार और शैक्षणिक उत्कृष्टता की दशक भर की यात्रा को लेकर समारोह

तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी, मुरादाबाद के कॉलेज ऑफ कंप्यूटिंग साइंसेज़ एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉज़ी-सीसीएसआईटी और कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग- सीओई में प्रतिष्ठित कॉलेज पत्रिका- कम्प्यूटिंग विज़न की 10वीं वर्षगांठ अत्यंत उत्साह के संग मनाई गई। कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के डीन एवम् कम्प्यूटिंग विज़न के मुख्य संपादक प्रो. द्विवेदी ने कहा, कम्प्यूटिंग विज़न की शुरुआत एक ऐसे स्वप्न के रूप में हुई, जिसका उद्देश्य स्टुडेंट्स और फैकल्टीज़ को अपनी प्रतिभा, विचारों और शोध को अभिव्यक्त करने का हमेशा सशक्त मंच प्रदान करना रहा है। समय के साथ यह पत्रिका नवाचार, सृजनात्मकता और अकादमिक उत्कृष्टता का प्रतीक बन गई है। उन्होंने पत्रिका की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले दस वर्षों में इसने छात्र नवाचारों और शोध उपलब्धियों को व्यापक मंच प्रदान किया। इससे पूर्व प्रो. द्विवेदी ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और वंदना के संग कार्यक्रम का शुभारंभ किया। समारोह में कम्प्यूटिंग विज़न की सफलता में योगदान देने वाले विभिन्न सदस्यों को स्मृति चिह्न एवम् प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

समारोह में विशेष पॉवर प्वाइंट प्रस्तुति के जरिए कम्प्यूटिंग विज़न की दस वर्षों की यात्रा, विभिन्न संस्करणों के आकर्षक आवरण पृष्ठ, महत्वपूर्ण उपलब्धियां, स्टुडेंट्स एवम् फैकल्टीज़ के योगदान और यूनिवर्सिटी समुदाय पर पत्रिका के सकारात्मक प्रभाव को दर्शाया गया। ह्यूमैनिटीज़ के विभागाध्यक्ष डॉ. संदीप वर्मा बोले, सीसीएसआईटी की पत्रिका कम्प्यूटिंग विज़न शैक्षणिक, बौद्धिक और रचनात्मक चेतना का सशक्त प्रतिनिधित्व है। संपादकीय टीम में डॉ. संदीप वर्मा के अलावा डॉ. इंदु त्रिपाठी, श्री नवनीत कुमार विश्नोई, डॉ. मुदित सक्सेना, डॉ. मोहम्मद सलीम, प्रो. आरके जैन, डॉ. सीमा मान को सम्मानित किया गया। डिज़ाइनिंग टीम में श्री प्रदीप कुमार गुप्ता, मिस शिखा गंभीर, श्री सतेंद्र राठी, श्री ज्योति रंजन लाभ का सक्रिय योगदान रहा है। स्टुडेंट्स नेतृत्वकर्ता प्रणव वीर मौर्य और शशांक जैन सहित संपूर्ण छात्र टीम के डिज़ाइनरों, कंटेंट क्रिएटर्स और प्रूफ रीडर्स को भी उनकी रचनात्मकता, समर्पण और उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है, इस पत्रिका का प्रकाशन तिमाही होता है।