सोनिया गांधी: राजनीति के शिखर से परे, एक बहुआयामी व्यक्तित्व और त्याग की मर्मस्पर्शी दास्तान

Sonia Gandhi: Beyond the pinnacle of politics, a multidimensional personality and a touching story of sacrifice

दिलीप कुमार पाठक

हाल ही में सोनिया गांधी की आत्मकथा के आने से, अंतर्मुखी सोनिया गांधी का जीवन और उनके अनुभव सीधे पन्नों पर उतर आए हैं। उनकी यह आत्मकथा हम जैसे पाठकों और राजनीतिक विवेचकों के लिए इसलिए बेहद खास बन जाती है, क्योंकि इसमें केवल एक राजनेता का इतिहास नहीं, बल्कि उस भारत की जीवंत तस्वीर है जिसे सोनिया गांधी ने अपनी खुद की आँखों से देखा, भोगा और समझा है।

इटली के ओरवैसेनो गांव के एक साधारण सैनिक के घर में जन्मी एक लड़की, जिसे शायद यह अंदाजा भी नहीं रहा होगा कि उसका जीवन कभी वैश्विक राजनीति के सबसे बड़े झंझावातों के बीच केंद्र बिंदु बन जाएगा। एक इतालवी लड़की से लेकर कैंब्रिज की गलियों और अंततः दिल्ली के सत्ता के गलियारों तक का सोनिया गांधी का सफर – महज एक राजनीतिक कहानी नहीं है, बल्कि यह प्रेम, त्याग, असीम वियोग और मानवीय सहनशीलता की एक ऐसी कहानी है, जिसकी मिसाल आधुनिक इतिहास में मिलना दुर्लभ है।

दुर्भाग्य से, हमारे देश का एक वर्ग आज भी उन्हें ‘भारतीय’ मानने में असहज महसूस करता है। जिस समाज में विवाह के बाद गोत्र, कुटुंब और परिवार का नाम स्वतः मिल जाता है, वहाँ देश की राजनीति और इतिहास में अमिट छाप छोड़ने वाली सोनिया गांधी को आज भी कई बार विदेशी पहचान के चश्मे से देखा जाता है। यह विडंबना ही है कि जिस महिला ने अपनी जवानी, अपने पति, अपने ससुराल , और अपने जीवन का अधिकांश हिस्सा भारत के नाम कर दिया, उसे बुढ़ापे के पड़ाव पर भी अपनी ‘राष्ट्रभक्ति’ का प्रमाण देने के लिए मजबूर किया जाता है।

सोनिया गांधी की सास इंदिरा गांधी और पति राजीव गांधी दोनों देश के प्रधानमंत्री रहे, और दोनों की हत्या देश के लिए जान गंवाने की कीमत चुकाते हुए हुई। कल्पना कीजिए उस महिला की स्थिति का: जिसके पास देश में अपना कोई सगा-सम्बन्धी नहीं था, कोई सांत्वना देने वाला कंधा नहीं था, बस छोटे-छोटे दो मासूम बच्चे थे, और चारों तरफ अनिश्चितता व असुरक्षा का साया था। ऐसे समय में जब देश के सबसे बड़े राजनीतिक परिवार की विरासत संभालने का भारी दबाव उन पर था, सोनिया ने जिस अद्भुत धैर्य का परिचय दिया, वह दुनिया के लिए एक मिसाल है।

जब राजीव गांधी की असामयिक मृत्यु के बाद कांग्रेस नेताओं ने बिना पूछे उन्हें पार्टी अध्यक्ष बनाने की घोषणा की, तो उन्होंने दो टूक शब्दों में अपने अविश्वास को जाहिर करते हुए कहा था- “मैं अपने बच्चों को भीख मांगते देख लूंगी, परंतु राजनीति में कदम नहीं रखूंगी।”

लेकिन राजनीति की विवशता देखिए। जब पी.वी. नरसिम्हा राव के नेतृत्व में कांग्रेस बिखरने लगी और पार्टी का वजूद संकट में आ गया, तो एक बार फिर इतिहास ने करवट ली। कांग्रेस के कुनबे को बचाने के लिए वही महिला राजनीति के अखाड़े में उतरी, जहां उसके पति और सास की जान जा चुकी थी। पार्टी की सदस्यता लेने के मात्र 62 दिनों के भीतर उन्होंने सरकार बनाने का दावा पेश किया। हालांकि वह असफल रहीं, लेकिन उनकी कार्यशैली ने यह बता दिया कि इंदिरा गांधी के जाने के बाद राजनीति के गुर सीख चुकी एक नई धुरी तैयार हो चुकी है।

सोनिया गांधी के राजनीतिक जीवन का सबसे स्वर्णिम और नैतिक रूप से सर्वोच्च क्षण वह था, जब 2004 के लोकसभा चुनाव के बाद यूपीए की जीत के बाद उन्हें प्रधानमंत्री पद की कमान सौंपने का रास्ता साफ था। कांग्रेस संसदीय दल ने सर्वसम्मति से उन्हें अपना नेता चुना था, वामदलों का समर्थन प्राप्त था, और राष्ट्रपति भवन में उनके शपथ ग्रहण की चिट्ठी तक तैयार हो चुकी थी।

हालांकि तथाकथित ‘विदेशी मूल’ का मुद्दा उठाकर कुछ विपक्षी नेताओं (जैसे सुषमा स्वराज और उमा भारती द्वारा सिर मुंडवाने जैसी चेतावनियों ने जो राजनीतिक कोहराम मचाया था, उसका करारा जवाब सोनिया गांधी ने पद ठुकरा कर दिया। पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम ने अपनी आत्मकथा में इस बात का स्पष्ट खुलासा किया है कि यदि सोनिया गांधी ने खुद प्रधानमंत्री बनने का दावा पेश किया होता, तो उनके पास उन्हें नियुक्त करने के अलावा कोई संवैधानिक विकल्प नहीं था। तमाम विरोधियों की आपत्तियों को खारिज करते हुए कलाम ने उन चिट्ठियों को दरकिनार कर दिया था। लेकिन सोनिया गांधी ने डॉ. मनमोहन सिंह का नाम आगे कर प्रधानमंत्री पद का त्याग कर दिया। सोचिए, आज के वैश्वीकृत युग में जब ब्रिटेन या अमेरिका में किसी प्रवासी के उच्च पद पर पहुंचने पर हम गर्व महसूस करते हैं, तब हमने अपनी आज़ादी के इतने दशकों बाद भी एक ऐसी महिला के प्रति कितनी संकीर्णता दिखाई, जिसने सत्ता के सर्वोच्च शिखर को एक पल में ठुकरा दिया।

सोनिया गांधी के राजनीतिक जीवन पर अक्सर यह सवाल उठाया जाता है कि उन्होंने अपने बेटे राहुल गांधी को कांग्रेस और भारतीय राजनीति में ‘थोपने’ का प्रयास किया। यह एक ऐसा बिंदु है जहां उनके आलोचक उन्हें घेरते हैं और कई बार सोनिया निरुत्तर सी दिखाई देती हैं। लेकिन आज परिदृश्य बदल चुका है। ‘भारत जोड़ो यात्रा’ और ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के बाद राहुल गांधी जिस प्रकार नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा के सामने एक सशक्त और वैचारिक चुनौती बनकर उभरे हैं, उसने आलोचकों के कई समीकरण ध्वस्त कर दिए हैं। आज संसद से लेकर सड़क तक राहुल गांधी के तीखे तेवर और सरकार से पूछे गए सवाल राजनीतिक गलियारों में खलबली मचा देते हैं। यदि राहुल गांधी आने वाले समय में भारतीय राजनीति के शिखर पुरुष के रूप में पूरी तरह स्थापित हो जाते हैं, तो यह उस माँ के उस फैसले पर मुहर होगी, जिसने हर आलोचना को सहते हुए अपने बेटे को देश की सेवा में झोंक दिया।

एक प्रेमिका, एक पत्नी, एक माँ और भारत की बहू
राजनीति, सत्ता और कूटनीति के तमाम पहलुओं से परे, सोनिया गांधी का व्यक्तित्व उस भारतीय स्त्री का प्रतीक है, जिसने अपने प्रेम के लिए अपनी जड़ें छोड़ीं और एक पूरी तरह से अनजान देश को अपना सर्वस्व मान लिया। जिस महिला ने अपने जीवनसाथी के शरीर के टुकड़े अपनी आँखों के सामने देखे हों, जिसकी सास और पति देश के लिए कुर्बान हो गए हों, और जिसके बच्चों ने दहशत के साये में अपना बचपन बिताया हो… उस माँ की जिगर की गहराई को कौन माप सकता है? उनके बच्चे आज भी नफरत के इस दौर में मोहब्बत की बात करते हैं, तो इसके पीछे उसी माँ के संस्कार हैं जिसने अपने पिता के हत्यारों को माफ करने की उदारता सिखाई।

जब हम एक इतालवी मूल की महिला को पारंपरिक भारतीय साड़ियों में, मंदिरों में शीश झुकाते, भारतीय संस्कृति और परंपराओं में पूरी तरह रमी हुई देखते हैं, तो अनायास ही सिर श्रद्धा से झुक जाता है। यह आसान नहीं था। जिस समाज ने माता सीता और द्रौपदी जैसी देवियों के चरित्र पर सवाल उठाए हों, वह समाज सोनिया गांधी के प्रति नरम कैसे हो सकता है?

सोनिया गांधी ने अपने ऊपर लगे हर प्रहार को, हर चारित्रिक और राजनीतिक क्रूरता को मौन रहकर सह लिया। उन्होंने कभी पलटकर हिसाब नहीं मांगा। यदि वह हिसाब मांगने पर उतर आएं, तो आज के राजनीतिक मंचों पर कई चेहरों के पास मुँह छिपाने के लिए जगह नहीं बचेगी।

इतिहास बड़ा निष्पक्ष होता है। आज भले ही राजनीतिक कारणों से पूर्वाग्रह रखे जाएं, लेकिन आने वाला वक्त जब तटस्थ होकर इस कालखंड का मूल्यांकन करेगा, तो भारत अपनी इस बहू पर गर्व करेगा और शायद अपनी अतीत की क्रूरता के लिए आत्मग्लानि भी महसूस करेगा। फिलहाल, यह सब हम भविष्य के गर्भ और इतिहास के न्याय पर छोड़ देते हैं फ़िलहाल वक्त उनकी आत्मकथा पढ़ने का है और समझने का की राजनीति कितनी निर्मम हो सकती है.