सुनील कुमार महला
भारत का इतिहास ऐसे अनेक महापुरुषों की गाथाओं से भरा पड़ा है, जिन्होंने अपनी व्यक्तिगत सुख-सुविधाओं से ऊपर उठकर समाज के वंचित, शोषित और उपेक्षित वर्गों के उत्थान के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। ऐसे ही महान जननायक, समाज सुधारक, किसानों के मसीहा व उनकी बुलंद आवाज़, ‘दीनबंधु’ के नाम से सम्मानित थे-सर छोटूराम। उनका जन्म 24 नवंबर 1881 को हरियाणा के रोहतक जिले के गढ़ी सांपला गाँव में एक किसान परिवार में हुआ था। उनका मूल नाम रामरिछपाल ओहल्याण था, किंतु अपने भाइयों में सबसे छोटे होने के कारण घर में सब उन्हें प्यार से ‘छोटू’ कहकर बुलाते थे। साधारण ग्रामीण परिवेश में पले-बढ़े छोटूराम ने बचपन से ही किसानों की कठिनाइयों और सामाजिक विषमताओं को करीब से देखा तथा विभिन्न आर्थिक सीमाओं के बावजूद उन्होंने दिल्ली के क्रिश्चियन मिशन स्कूल और सेंट स्टीफंस कॉलेज से शिक्षा प्राप्त की और आगे चलकर कानून की पढ़ाई (वकालत) पूरी की। कॉलेज में पढ़ाई के दौरान वे अन्याय के खिलाफ खुलकर आवाज उठाते थे तथा हॉस्टल की अव्यवस्था और वार्डन के खिलाफ उन्होंने छात्रों की पहली बड़ी हड़ताल का नेतृत्व किया था। उनकी इसी निडर नेतृत्व क्षमता को देखकर साथी छात्रों द्वारा उन्हें प्रसिद्ध ब्रिटिश सैन्य कमांडर के नाम पर ‘जनरल रॉबर्ट’ कहकर बुलाया जाने लगा था।
शिक्षा ने छोटूराम के भीतर सामाजिक बदलाव की चेतना पैदा की और वे समझ चुके थे कि, जब तक किसान शिक्षित, संगठित और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर नहीं होगा, तब तक उसका शोषण समाप्त नहीं हो सकता। वकालत करने के साथ-साथ उन्होंने निडर पत्रकारिता के माध्यम से किसानों, मजदूरों और ग्रामीण समाज के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया। वर्ष 1905-07 के दौरान उन्होंने कालाकांकर के राजा रामपाल सिंह के अंग्रेजी अखबार ‘हिंदुस्तान’ का संपादन किया तथा इसके बाद वर्ष 1916 में उन्होंने खुद उर्दू साप्ताहिक ‘जाट गजट’ नाम से अखबार शुरू किया, जो हरियाणा का सबसे पुराना अखबार माना जाता है। कहते हैं कि इस अखबार में उनके द्वारा लिखे गए ‘ठग बाजार की सैर’ और ‘बेचारा किसान’ जैसे क्रांतिकारी लेखों ने अंग्रेजी हुकूमत और साहूकारों की नींद उड़ा दी थी। इतना ही नहीं, उनके इन लेखों और किसानों को जागरूक करने के अभियानों से घबराकर रोहतक के तत्कालीन डिप्टी कमिश्नर ने उन्हें देश-निकाला देने की सिफारिश कर दी थी, लेकिन पंजाब सरकार ने यह कहते हुए आदेश वापस ले लिया कि यदि छोटूराम को हाथ लगाया गया, तो पूरे पंजाब में भयंकर विद्रोह भड़क उठेगा।
राजनीतिक जीवन में सर छोटूराम वर्ष 1916 में रोहतक जिला कांग्रेस कमेटी के पहले अध्यक्ष बने, किंतु वर्ष 1920 में गांधीजी के असहयोग आंदोलन से असहमति के कारण उन्होंने कांग्रेस छोड़ दी। उनका मानना था कि किसानों के हितों की रक्षा सरकार में रहकर कानून बनवाने से बेहतर ढंग से की जा सकती है। इसी विचार के साथ उन्होंने वर्ष 1923 में सर फज़ल-ए-हुसैन के साथ मिलकर यूनियनिस्ट पार्टी की स्थापना की, जिसने 1937 के चुनावों में पंजाब में उल्लेखनीय जीत हासिल की। अविभाजित पंजाब प्रांत का विकास और राजस्व मंत्री होने के बावजूद वे बेहद सादगीपूर्ण जीवन जीते थे तथा अपनी मंत्री पद की तनख्वाह का एक बड़ा हिस्सा गरीब बच्चों की शिक्षा और अपने द्वारा स्थापित ‘जाट आर्य-वैदिक संस्कृत हाई स्कूल’ (रोहतक) को दान कर देते थे।
यहां पाठकों को बताता चलूं कि अविभाजित पंजाब में मंत्री रहते हुए उन्होंने साहूकारों के भारी ब्याज, कर्ज के जाल और जमींदारी शोषण से किसानों को मुक्ति दिलाने तथा उनके आर्थिक और सामाजिक उत्थान के लिए अनेक महत्त्वपूर्ण कानून बनवाए। इनमें ‘पंजाब रिलीफ ऑफ इंडेब्टेडनेस एक्ट (1934)’, ‘पंजाब डेब्टर्स प्रोटेक्शन एक्ट (1936)’ और ‘पंजाब रेस्टिट्यूशन ऑफ मॉर्गेज्ड लैंड्स एक्ट (1938)’ प्रमुख हैं, जिनके माध्यम से किसानों को कर्ज से राहत दिलाने और गिरवी जमीन वापस दिलाने का मार्ग प्रशस्त हुआ। कृषि उपज के विपणन और मंडी व्यवस्था को व्यवस्थित करने में भी उनकी अहम भूमिका रही। वे शिक्षा, सामाजिक समानता, जातिगत भेदभाव के उन्मूलन और ग्रामीण युवाओं के उत्थान के प्रबल पक्षधर थे। संगरिया (हनुमानगढ़, राजस्थान) के इतिहास में भी सर छोटूराम जी का विशिष्ट स्थान है, जहाँ 27 मार्च 1921 को उन्होंने जाट स्कूल के विस्तार एवं छात्रावास निर्माण के लिए आयोजित विशाल जनसभा की अध्यक्षता की, जिसमें 11 हजार रुपये का सहयोग जुटाया गया। यहाँ उन्होंने शिक्षा के प्रसार, किसान हितों की रक्षा और साहूकारों के शोषण से मुक्ति के लिए उल्लेखनीय प्रयास किए। ग्रामोत्थान विद्यापीठ, संगरिया में स्थित ‘सर छोटूराम स्मारक संग्रहालय’ आज भी उनकी स्मृतियों और योगदान का प्रतीक है।
बहुत कम लोग जानते होंगे कि चौधरी छोटूराम भारत के औद्योगिक, कृषि और आर्थिक विकास की महत्त्वपूर्ण आधारशिला रहे तथा आधुनिक भारत का नया मंदिर कहे जाने वाले भाखड़ा नांगल बांध के असली सूत्रधार माने जाते हैं। वास्तव में भाखड़ा बांध बनाने का मूल विचार और इसकी नींव उन्हीं की देन है। नवंबर 1944 में, अपने निधन से महज दो महीने पहले, चौधरी छोटूराम ने सतलज नदी के पानी के उपयोग और भाखड़ा बांध के निर्माण के लिए बिलासपुर रियासत के राजा आनंद चंद के साथ ऐतिहासिक समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। अविभाजित पंजाब सरकार में राजस्व मंत्री रहते हुए भाखड़ा बांध परियोजना की फाइल पर किए गए ये हस्ताक्षर उनके जीवन के अंतिम आधिकारिक हस्ताक्षर साबित हुए। इसी दूरदर्शी कदम ने आगे चलकर उत्तर भारत में हरित क्रांति की नींव रखी, जिससे संगरिया सहित पूरे क्षेत्र की कृषि को सिंचाई का सीधा लाभ मिला। इसके कुछ ही समय बाद उनका स्वास्थ्य बिगड़ गया और 9 जनवरी 1945 को लाहौर में उनका निधन हो गया।
निष्कर्षतः, चौधरी छोटूराम का संपूर्ण जीवन संघर्ष, स्वाभिमान और सामाजिक चेतना का प्रेरणास्रोत है। उनका दृढ़ विश्वास था कि किसान की वास्तविक मुक्ति आर्थिक आत्मनिर्भरता, शिक्षा, संगठन और आत्मसम्मान में ही निहित है। आज भी खेती की बढ़ती लागत, कर्ज, मौसम की अनिश्चितता और बाजार की चुनौतियों के बीच उनके विचार और नीतियां उतनी ही प्रासंगिक हैं।





