मुनाफ़े में विनम्र, नुकसान में विवेकशील

Humble in profits, prudent in losses

संजय एम तराणेकर

शेयर बाज़ार भी बड़ा निराला रंगमंच है। यहाँ सुबह आदमी अपनी किस्मत का सिकंदर बनकर उठता है और शाम तक मोबाइल की स्क्रीन देखकर जीवन की नश्वरता पर चिंतन करने लगता है। बाजार चढ़े तो निवेशक का सीना 56 इंच का हो जाता है और बाजार गिरे तो वही सीना कैलेंडर में अगली तनख्वाह की तारीख खोजने लगता है।

विशेषज्ञ कहते हैं, “गिरते शेयर बाज़ार में घबराएँ नहीं, गंभीर रहें।” अब सवाल यह है कि भाई साहब, घबराएँ नहीं तो क्या करें? शेयरों के साथ हमारी मेहनत की कमाई भी गोता लगा रही हो और विशेषज्ञ गंभीर रहने की सलाह दें, तो मन करता है कि उन्हें अपनी पोर्टफोलियो रिपोर्ट दिखाकर पूछें-“महोदय, इसमें गंभीर होने लायक बचा क्या है?”

बाज़ार गिरने पर विशेषज्ञों की भाषा भी अचानक दार्शनिक हो जाती है। कल तक जो कहते थे कि यह शेयर चाँद तक जाएगा, आज समझाते हैं कि निवेश लंबी अवधि के लिए करना चाहिए। निवेशक बेचारा सोचता है कि चाँद तक जाने के लिए टिकट तो हमने भी खरीदा था, लेकिन हमारा रॉकेट रास्ते में ही कबाड़खाने में उतर गया!

सबसे मजेदार बात यह है कि जब बाजार चढ़ता है, तो हर कोई अपनी बुद्धिमत्ता का ढोल पीटता है। चाय की दुकान पर बैठा व्यक्ति भी बताता है कि उसने सही समय पर शेयर खरीद लिए थे। लेकिन बाजार गिरते ही वही महान निवेशक कहता है, “मैं तो लंबे समय के लिए निवेश करता हूँ।” मानो घाटा नहीं हुआ, बल्कि उसने भविष्य की पीढ़ियों के नाम संपत्ति जमा कर दी हो!

टीवी चैनलों पर विशेषज्ञ आते हैं। कोई कहता है, यह खरीदने का सुनहरा अवसर है। दूसरा कहता है, अभी और गिरावट आएगी। तीसरा समझाता है कि निवेशकों को धैर्य रखना चाहिए। दर्शक उलझन में पड़ जाता है कि आखिर करे क्या? खरीद ले, बेच दे या टीवी बंद करके भगवान का नाम जपे?

और फिर आता है “लंबी अवधि का निवेश”। यह ऐसा ब्रह्मास्त्र है, जिससे हर नुकसान को समझाया जा सकता है। शेयर गिरा तो कहेंगे, इंतजार कीजिए। और गिरा तो कहेंगे, और इंतजार कीजिए। कहीं निवेशक ही पहले लंबी अवधि की यात्रा पर निकल गया, तब भी शायद सलाह यही होगी-“बाजार में धैर्य बहुत जरूरी है!”

सच तो यह है कि शेयर बाजार में समझदारी जरूरी है, लेकिन उससे भी ज्यादा जरूरी है अपनी आर्थिक हैसियत समझना। उधार लेकर निवेश करना और फिर बाजार को कोसना वैसा ही है, जैसे बिना छाता लिए बारिश में निकलना और बादलों पर मुकदमा ठोक देना।
इसलिए बाजार गिरे तो घबराइए मत, मगर आँखें बंद करके गंभीर भी मत हो जाइए। निवेश से पहले जानकारी लीजिए, जोखिम समझिए और अपनी जरूरतों के पैसे दाँव पर मत लगाइए।

आखिर शेयर बाजार में सबसे बड़ा मंत्र यही है-“मुनाफा हो तो विनम्र रहिए और नुकसान हो तो विवेकशील।” क्योंकि बाजार में पैसा डूबने के बाद भी उम्मीद बची रह सकती है, लेकिन उम्मीद के भरोसे बार-बार पैसा डुबाना कोई निवेश नहीं, आत्मविश्वास का आर्थिक दंगल है!