संजय सक्सेना
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की बिसात बिछ चुकी है और समाजवादी पार्टी (सपा) ने जन-मन का मैनिफेस्टो, सत्ताइस का संकल्प, पीडीए का प्रण पत्र जारी कर सियासी पारा चढ़ा दिया है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा जारी इस 28 पन्नों के दस्तावेज में समाज के हर वर्ग युवा, महिला, किसान, गरीब और सरकारी कर्मचारियों को साधने के लिए कई लोकलुभावन वादे किए गए हैं। लेकिन, सियासी गलियारों और आर्थिक विशेषज्ञों के बीच सबसे बड़ा सवाल यह है कि सत्ता में आने पर इन वादों को पूरा करने के लिए कितने धन की आवश्यकता होगी? और क्या उत्तर प्रदेश का मौजूदा बजट इस भारी-भरकम खर्च को झेल पाएगा, या फिर इसकी कीमत राज्य की बुनियादी विकास योजनाओं को चुकानी पड़ेगी? समाजवादी पार्टी ने अपने घोषणापत्र के केंद्र में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के साथ-साथ युवाओं और महिलाओं की आर्थिक सुरक्षा को रखा है। पार्टी के प्रमुख वादों पर नजर डालें तो इनमें सीधे तौर पर सरकारी खजाने पर असर डालने वाली कई बड़ी योजनाएं शामिल हैं। पात्र महिलाओं और बुजुर्गों को सालाना 40,000 रुपये की आर्थिक सहायता (पेंशन) देने का वादा किया गया है। वहीं, अगले पांच वर्षों में 25 लाख सरकारी नौकरियां देने और स्नातक बेरोजगार युवाओं को नौकरी मिलने तक हर महीने 5,000 रुपये भत्ता देने की घोषणा की गई है। घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली, सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली, किसानों के बकाया बिजली बिलों की 100 फीसदी माफी और तत्काल किसान कर्जमाफी का संकल्प लिया गया है। इसी प्रकार गरीबी रेखा से नीचे (बीपीएल) के परिवारों को 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा, 5 रुपये में भोजन की थाली वाली समाजवादी कैंटीन, सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना की बहाली और बंद पड़े 26,000 प्राथमिक स्कूलों को फिर से खोलने जैसे वादे भी घोषणा पत्र में शामिल हैं।
अखिलेश का दावा बनाम अर्थशास्त्रियों का गणित
इन वादों को जमीन पर उतारने के लिए कितने धन की जरूरत पड़ेगी, इस पर दो बिल्कुल अलग-अलग आंकड़े सामने आ रहे हैं। एक तरफ समाजवादी पार्टी की घोषणापत्र समिति के प्रमुख और प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव आलोक रंजन का दावा है कि पार्टी के इन प्रमुख वादों को सालाना लगभग 80,000 करोड़ रुपये के खर्च में पूरा किया जा सकता है। उनके अनुसार, यह राशि उत्तर प्रदेश के करीब 9 लाख करोड़ रुपये के कुल वार्षिक बजट के दसवें हिस्से से भी कम है, जिसे संसाधनों के बेहतर प्रबंधन से जुटाया जा सकता है। दूसरी तरफ, स्वतंत्र वित्तीय विश्लेषकों की एक रिपोर्ट में किए गए शुरुआती राजकोषीय आकलन एक बिल्कुल अलग तस्वीर पेश करते हैं। इस आकलन के मुताबिक, यदि इन सभी प्रमुख वादों को एक साथ लागू किया जाए, तो राज्य के खजाने पर सालाना 1.5 लाख करोड़ से 2.5 लाख करोड़ रुपये तक का अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है। अकेले 300 यूनिट मुफ्त बिजली योजना पर ही सालाना 12,000 से 15,000 करोड़ रुपये से अधिक का खर्च आने का अनुमान है। यदि राज्य की करोड़ों पात्र महिलाओं को 40,000 रुपये सालाना दिए जाएं, तो केवल इसी एक योजना का बजट 60,000 करोड़ से एक लाख करोड़ रुपये के पार जा सकता है। इसके अलावा, 25 लाख नई सरकारी नौकरियों के सृजन से वेतन और भत्तों का स्थायी खर्च कई गुना बढ़ जाएगा, जबकि पुरानी पेंशन योजना की बहाली दीर्घकाल में राज्य की देनदारियों को विकराल बना सकती है।
यूपी के मौजूदा बजट की हकीकत, कितना है खजाने में दम?
किसी भी नई योजना के लिए धन आवंटित करने से पहले राज्य के मौजूदा बजट की संरचना को समझना जरूरी है। पीआरएस लेजिस्लेटिव रिसर्च के आंकड़ों के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए उत्तर प्रदेश का कुल शुद्ध व्यय 8,50,901 करोड़ रुपये (सकल बजट लगभग 9.12 से 9.13 लाख करोड़ रुपये) अनुमानित है। राज्य की शुद्ध प्राप्तियां 7,32,420 करोड़ रुपये हैं, जबकि राजकोषीय घाटा 1,18,481 करोड़ रुपये है, जो राज्य के सकल घरेलू उत्पाद का 3 प्रतिशत है। सबसे खास यह है कि राज्य का प्रतिबद्ध व्यय सरकारी कर्मचारियों के वेतन, पेंशन और पुराने कर्जों के ब्याज भुगतान पर ही यूपी सरकार को 3,53,743 करोड़ रुपये खर्च करने पड़ते हैं, जो राज्य की कुल राजस्व प्राप्तियों का लगभग 49 प्रतिशत हिस्सा है। इसका सीधा अर्थ यह है कि बजट का लगभग आधा हिस्सा पहले से ही बंधा हुआ है, जिसमें किसी भी तरह की कटौती संभव नहीं है। शेष बचे बजट में से शिक्षा (12.4 फीसदी), कृषि (9 फीसदी), स्वास्थ्य (6 फीसदी) और कानून-व्यवस्था जैसे अनिवार्य क्षेत्रों का संचालन होता है।
विकास योजनाओं पर पूंजीगत व्यय में कटौती का खतरा
अर्थशास्त्र का सीधा नियम है कि जब सरकार का राजस्व व्यय (मुफ्त बिजली, भत्ते, पेंशन और नकद सहायता) अचानक बढ़ता है, तो उसका सीधा असर पूंजीगत व्यय पर पड़ता है। पूंजीगत व्यय वह धन होता है जो एक्सप्रेस-वे, सड़कों, पुलों, नए अस्पतालों, बिजली संयंत्रों और औद्योगिक गलियारों के निर्माण पर खर्च किया जाता है। यही खर्च राज्य में दीर्घकालिक रोजगार पैदा करता है और अर्थव्यवस्था को गति देता है। वित्त वर्ष 2026-27 के बजट में उत्तर प्रदेश सरकार ने बुनियादी ढांचे और पूंजीगत कार्यों के लिए कुल बजट का लगभग 19.5 प्रतिशत (करीब 1.78 से 2 लाख करोड़ रुपये) आवंटित किया है। यदि सपा सरकार बनने पर घोषणापत्र के वादों को पूरा करने के लिए सालाना 1.5 लाख करोड़ से 2.5 लाख करोड़ रुपये की अतिरिक्त जरूरत पड़ती है, तो यह राशि राज्य के कुल बजट के 17 से 27 प्रतिशत के बराबर होगी। चूंकि एफआरबीएम कानून के तहत राज्य सरकार अपने राजकोषीय घाटे को जीएसडीपी के 3 प्रतिशत की सीमा से अधिक नहीं बढ़ा सकती, इसलिए नई सरकार के पास धन जुटाने के केवल दो ही रास्ते बचेंगे या तो वह टैक्स बढ़ाए या फिर बुनियादी ढांचे (पूंजीगत व्यय) के बजट में भारी कटौती करे। चुनावी माहौल में टैक्स बढ़ाना राजनीतिक रूप से आत्मघाती हो सकता है, ऐसे में सबसे आसान निशाना विकास परियोजनाएं ही बनती हैं। एक्सप्रेस-वे, मेट्रो विस्तार, नई सिंचाई परियोजनाओं और औद्योगिक पार्कों के लिए आवंटित धन को लोकलुभावन योजनाओं की तरफ मोड़ना पड़ सकता है। लब्बोलुआब यह है कि समाजवादी पार्टी का घोषणापत्र सामाजिक न्याय और तात्कालिक आर्थिक राहत के नजरिए से मतदाताओं के एक बड़े वर्ग को आकर्षित करने की क्षमता रखता है। हालांकि, राजकोषीय अनुशासन के तराजू पर यह बेहद चुनौतीपूर्ण नजर आता है। यदि पार्टी के 80,000 करोड़ रुपये के अनुमान को भी मान लिया जाए, तब भी यूपी के पहले से तंग बजट में इतनी बड़ी राशि की व्यवस्था करना आसान नहीं होगा। सत्ता में आने पर नई सरकार के सामने सबसे बड़ी परीक्षा यही होगी कि वह मुफ्त योजनाओं और नकद सहायता के वादों को पूरा करते हुए उत्तर प्रदेश की विकास रफ्तार और पूंजीगत निवेश को पटरी से उतरने से कैसे बचाती है।





