रेशम बोर्ड द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की

Reviewed the progress of schemes implemented by the Silk Board

रविवार दिल्ली नेटवर्क

देहरादून : कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी ने रेशम बोर्ड के अधिकारियों के साथ बैठक कर बोर्ड द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
बैठक में उन्होंने अधिकारियों को प्रदेश में रेशम उद्योग को बढ़ावा देने के लिए कुमाऊँ मंडल के हल्द्वानी में सिल्क पार्क स्थापित करने के उद्देश्य से फिजिबिलिटी स्टडी कराने के निर्देश दिए। इस सिल्क पार्क की स्थापना से प्रदेश में रेशम उत्पादन, प्रसंस्करण एवं विपणन के नए अवसर सृजित होंगे, जिससे प्रदेश के रेशम कीटपालकों और किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही, अधिकारियों ने अवगत कराया कि शहतूत वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत 2 लाख से अधिक शहतूत के पौधों का रोपण किया जा चुका है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि हमारी सरकार रेशम कीटपालकों को आधुनिक तकनीकों एवं नवाचारों से जोड़ते हुए वैज्ञानिक पद्धतियों एवं बेहतर प्रशिक्षण के माध्यम से प्रदेश में रेशम उत्पादन की गुणवत्ता एवं उत्पादकता को नई ऊंचाइयों तक पहुँचाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।