वो पुरुष हैं, जनाब जो रोते तो हैं लेकिन दिखाते नहीं!

Those are the men, sir, who cry but don't show it!

श्रीविनोद कुमार विक्की

परिवार, समाज और राष्ट्र के निर्माण में पुरुषों की भूमिका के सम्मान में 19 नवंबर को मनाया जाने वाला अंतरराष्ट्रीय पुरुष दिवस महज एक दिन नहीं, बल्कि पुरुषों के दायित्वबोध, त्याग और समर्पण के सम्मान का अवसर है।

एक जिम्मेदार बेटा, भाई,पति और पिता के रूप में पुरुषों का पारिवारिक एवं सामाजिक जीवन हमेशा संघर्षशील रहता है। उनका व्यक्तिगत जीवन भी कम कष्टकारी नहीं होता। सार्वजनिक जीवन में स्त्रियों के प्रति सद्भाव और सहानुभूति तो सभी व्यक्त करते हैं, किंतु पुरुषों के प्रति संवेदनाओं की अभिव्यक्ति विरले ही देखने को मिलती है। जहाँ किशोरावस्था में स्त्रियों के सामने आत्मरक्षा की चुनौतियाँ शुरू होती हैं, वहीं पुरुषों के जीवन में आत्मनिर्भरता का लक्ष्य सामने आ जाता है।

पुरुषों के त्याग और रोजी-रोटी की भागदौड़ के बीच संतान एवं परिवार के अन्य सदस्यों के प्रति प्रेम और ममता का अनकहा भाव दबकर रह जाता है। पारिवारिक जीवन और आजीविका के संघर्षों में पुरुष अपनी भावनाओं को सहजता से अभिव्यक्त नहीं कर पाते। संगठित और असंगठित क्षेत्रों में अधिकारी से लेकर मजदूर वर्ग तक के पुरुष कामगार कार्यस्थल पर वरीय पदाधिकारियों, नियोक्ताओं एवं संवेदकों द्वारा कई बार अपमानित होते हैं। चाहे किसी भी स्तर के पुरुष कामगार हों, वे अथाह पीड़ा और कचोट के साथ अपने परिवार, अपनी मिट्टी और अपनी भाषा को छोड़कर दूसरे प्रदेशों में काम करने को विवश होते हैं। रोजगार के अतिरिक्त भाषाई और क्षेत्रीयता जैसी कई अन्य चुनौतियों का भी सामना करना पड़ता है।

वर्ष 2026 में पुरुष दिवस की थीम ‘भविष्य सभी का है’ इस बात को रेखांकित करती है कि पुरुष हमेशा से ही ताकत और हिम्मत का पर्याय रहे हैं। लड़का या पुरुष कभी भी तरस खाने अथवा आरक्षण का विषय नहीं रहा है और न रहेगा। उदाहरण के लिए, चार सीटों वाले रेलवे सीट या बर्थ पर पाँच पुरुष बैठे हों तो छठी महिला यात्री को यह कहकर बैठाया जा सकता है कि ‘जरा एडजस्ट कीजिए, लेडीज हैं।’ लेकिन इसके विपरीत, चार महिला यात्रियों के अलावा पाँचवाँ पुरुष यात्री खड़ा-खड़ा ही सफर करने को विवश हो सकता है, क्योंकि ‘जरा एडजस्ट कीजिए, जेंट्स हैं’ कहने का कोई नैतिक प्रावधान नहीं है।

बहरहाल, जीवन और आजीविका के ऊहापोह में थकते वे भी हैं, टूटते वे भी हैं और भावनात्मक रूप से आहत भी होते हैं, किंतु जिम्मेदारियों के बोझ तले बिना कुछ कहे सब कुछ अपने ही भीतर समेट लेते हैं।

सच तो यह है कि प्रेम करते हैं, पर कभी जताते नहीं। वे पुरुष हैं, जनाब, जो रोते तो हैं, लेकिन दिखाते नहीं!