रविवार दिल्ली नेटवर्क
विधानसभाध्यक्ष वासुदेव देवनानी करेंगे अजमेर विधान सभा दीर्घा का लोकार्पण और अजमेर विधान सभा वेबसाइट का शुभारम्भ
जयपुर : राजस्थान विधान सभा में संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार 26 नवंबर को प्रातः 11:30 बजे एक विशेष समारोह का आयोजन होगा। इस अवसर पर विधानसभाध्यक्ष वासुदेव देवनानी अजमेर विधान सभा दीर्घा का लोकार्पण और अजमेर विधान सभा वेबसाइट का शुभारम्भ करेंगे।
इस समारोह में संविधान की महत्ता, लोकतांत्रिक मूल्यों, विधायी परंपराओं तथा संसदीय व्यवस्था के प्रति जागरुकता के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस समारोह में संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, विज्ञान एवं प्रोद्यौगिकी राज्य मंत्री संजय शर्मा और डॉ. अम्बेडकर विधि विश्वविद्यालय की कुलगुरू डॉ. निष्ठा जायसवाल को आमंत्रित किया गया है।
संग्रहालय में अजमेर विधान सभा दीर्घा का होगा लोकार्पण
विधानसभाध्यक्ष वासुदेव देवनानी विधान सभा के राजनैतिक आख्यान संग्रहालय में नवनिर्मित अजमेर विधान सभा दीर्घा तथा अजमेर विधानसभा वेबसाइट का लोकार्पण करेंगे। यह समारोह संविधान की मूल भावना और लोकतांत्रिक संस्थाओं की भूमिका से आमजन, विशेषकर युवा पीढ़ी को परिचित कराने का प्रयास है। इस दीर्घा में अजमेर विधान सभा से सम्बन्धित महत्वपूर्ण जानकारियों का समावेश किया गया है।
जयपुर के केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के 18 विद्यालयों में अध्ययनरत 252 छात्र-छात्राएं तथा 20 शिक्षक इस समारोह में शामिल होंगे। यह अवसर युवा पीढ़ी को भारतीय संविधान की प्रस्तावना, संवैधानिक प्रावधानौ, नागरिक अधिकारों एवं कर्तव्यों तथा लोकतांत्रिक शासन प्रणाली की समझ विकसित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण होगा।
लोकतांत्रिक आदर्शों के प्रति प्रतिबद्धता को अभिव्यक्त करेगा कार्यक्रम
विधानसभाध्यक्ष देवनानी ने बताया कि यह समारोह संविधान के प्रति सम्मान, संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा और लोकतांत्रिक आदर्शों के प्रति प्रतिबद्धता को अभिव्यक्त करेगा। दीर्घा का लोकार्पण और वेबसाइट का शुभारंभ विधायी गतिविधियों से संबंधित जान और सूचनाओं को व्यापक स्तर पर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। संविधान दिवस का आयोजन संविधान निर्माताओं के योगदान के स्मरण के साथ-साथ संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक मर्यादाओं और राष्ट्र के प्रति नागरिक दायित्वों के प्रति जन-जागरुकता का महत्वपूर्ण अवसर है।
छात्र-छात्राओं को दी जायेगी हमारा संविधान पुस्तिका
स्पीकर देवनानी ने बताया कि संविधान को जानने के लिए छात्र-छात्राओं को हमारा संविधान पुस्तिका दी जायेगी। 55 पृष्ठों की पुस्तिका में संविधान के ऐतिहासिक संदर्भ और दार्शनिक पक्षों का समावेश किया गया है। देवनानी ने बताया कि यह कृति संविधान के आदर्शों, कर्तव्यों और अधिकारों के संतुलन को समझने के साथ ही लोगों को राष्ट्र निर्माण के मार्ग पर अविचल भाव से आगे बढने की प्रेरणा देगी।
समारोह का होगा सजीव प्रसारण
संविधान दिवस पर विधान सभा में आयोजित होने वाले इस समारोह का सजीव प्रसारण राजस्थान विधान सभा के यू-ट्यूब चैनल पर होगा।
बच्चे देखेंगे सदन, भवन और संग्रहालय –
समारोह में आने वाले छात्र-छात्राएं विधान सभा सदन, भवन और संग्रहालय का अवलोकन करेंगे। लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रमुख केंद्र विधानसभा की कार्यप्रणाली, ऐतिहासिक महत्व एवं संसदीय परंपराओं के बारे में भी विद्यार्थी जानकारी प्राप्त करेंगे।





