समन्दर की प्यास

thirst for the sea

डॉ वंदना शर्मा

सुबह का समय था। नीरू रोज की तरह समन्दर किनारे सैर के लिए गई थी। हल्की-हल्की हवा चल रही थी, लहरें किनारे से टकराकर वापस लौट रही थीं और आसमान में अभी-अभी सूरज की लालिमा फैलने लगी थी।

वहीं एक बेंच पर एक अधेड़ उम्र की महिला बहुत देर से बैठी दूर क्षितिज को निहार रही थी। उसके चेहरे पर एक अजीब सी शांति थी, जैसे वो समन्दर से कुछ पूछ रही हो और समन्दर चुपचाप जवाब दे रहा हो।

नीरू से रहा नहीं गया। वह धीरे से पास जाकर बैठ गई और पूछा, “मैम, आपको समन्दर क्यों अच्छा लगता है?”

महिला ने हल्की सी मुस्कान के साथ उसकी ओर देखा। बोली, “मेरा नाम सरोज है। मुझे समन्दर इसलिए अच्छा लगता है, क्योंकि मेरी ज़िन्दगी की कहानी इस समन्दर जैसी ही है। ऊपर से शांत, अंदर से बहुत गहरा और कभी न खत्म होने वाली प्यास लिए हुए।”

नीरू को उसकी बातों में कुछ ऐसा लगा कि वह और पास खिसक आई। बोली, “बताइए ना, कैसी कहानी है आपकी?”

सरोज ने गहरी सांस ली और क्षितिज की ओर देखते हुए बोली, “मैं भी कभी बहुत चंचल, बातूनी लड़की थी। सबकी सहायता करती थी। हँसना, बोलना, गाना मुझे बहुत अच्छा लगता था। लेकिन मेरे घर में बहुत अनुशासन था।”

“मेरे पिताजी बहुत गुस्से वाले थे। ऊपर से कठोर, अंदर से दयालु। पर उन्होंने कभी अपनी दयालुता जताई नहीं। उन्होंने कभी मेरी प्रशंसा नहीं की, हमेशा आलोचना ही की।”

सरोज की आँखें नम हो गईं। उसने कहा, “कभी-कभी पिताजी बहुत कड़वा बोलते थे। उनकी बातें सीधे दिल में जख्म कर देती थीं। अपनी ही बेटी से कह दिया — कौवे जैसी आवाज, गोबर जैसी सूरत।”

नीरू का दिल भर आया। उसने धीरे से कहा, “फिर आपने क्या किया?”

“मैं चुप हो गई,” सरोज बोली, “मेरा आत्मविश्वास बहुत कम हो गया था। मैंने आईना देखना भी बंद कर दिया था। मुझे लगता था मैं दिखने में बदसूरत हूँ। फोटो खिंचवाने से भी डर लगता था मुझे। मैं यही सोचती रहती थी, मैं अच्छी नहीं लग रही हूँ।”

“जब मैं डिग्री कॉलेज में जाने लगी, तो भी पिताजी कॉलेज जाने से पहले ही मेरा मूड ऑफ कर देते थे। मैंने कभी मेकअप नहीं किया, कभी अपनी पसंद के कपड़े नहीं पहने। कभी कोई फरमाइश नहीं की। न ही कभी किसी से शिकायत की। बस चुपचाप सब सहती रही।”

फिर सरोज के चेहरे पर एक हल्की सी मुस्कान आ गई। बोली, “मैं कम्प्यूटर सीखने जाती थी। कोचिंग सेंटर में पहले एम-एस वर्ड में टाइप करना सिखाया था। एक दिन यूँ ही मैंने एक शेर बच्चों वाला जो स्कूल में गाते हैं, वो टाइप कर दिया — पेन इज रेड, इंक इज ब्लू, ओ माई डियर आई लव यू।”

“मुझे नहीं पता था कि सर कब से पीछे खड़े हैं। उन्होंने देख लिया। मैंने तुरंत डिलीट किया और अनुशासन पर निबंध टाइप करने लगी।”

“सर ने डिलीट की फाइल फिर से खोलने की कोशिश की, पर खुली नहीं। सर ने कहा — फाइल भी गायब हो गई। मैंने शर्माकर आँखें नीचे कर लीं। मुझे लगा, आज तो बहुत डाँट पड़ने वाली है।”

सरोज हँस पड़ी। “लेकिन सर ने डाँटा नहीं। वो मेरी बराबर वाली सीट पर आकर बैठ गए। मैं तो डर ही गई थी।”

“अगले दिन सर क्लास में फोल्डर बनाना, फाइल सेव करना सिखा रहे थे। तभी उन्होंने उसी कविता की पहली लाइन बोर्ड पर लिख दी। मैं शरमा गई, नजरें उठाईं तो सर मुझे ही देख रहे थे और मुस्कुरा रहे थे।”

“वो अक्सर मेरी बराबर वाली सीट पर बैठ जाते। मुझे कम्प्यूटर पर गेम खेलना सिखाते, नई-नई बातें सिखाते। सबके सामने मेरी तारीफ करते। मुझे अच्छा लगता था।”

सरोज की आँखों में उस पल की चमक आ गई। बोली, “पहली बार मुझे लगा, मैं भी सुंदर हूँ, आकर्षक हूँ, मुझे भी कोई चाहता है।”

“एक दिन क्लास में उन्होंने बोर्ड पर पूरी कविता ही लिख दी और मुझसे पढ़ने को कहा। मैं शर्म से लाल हो गई। मुझे अच्छा लग रहा था कि मैं भी सुंदर हूँ, कोई मुझसे भी प्यार करता है। लेकिन अगले ही पल पिताजी के डर से मैंने सर को भला-बुरा सुना दिया और घर आ गई।”

इतना कहकर सरोज चुप हो गई। समन्दर की लहरें फिर किनारे से टकराईं।

नीरू ने उत्सुकता से पूछा, “फिर क्या हुआ?”

सरोज ने हाथ की घड़ी देखी और मुस्कुराकर बोली, “मुझे भूख लगी है, कल मिलते हैं, बाकी कहानी कल।”

नीरू उसे जाते हुए देखती रही। समन्दर अभी भी बह रहा था, जैसे सरोज की अधूरी कहानी की प्यास लिए वह उसे जाते देखती रही.

अगले दिन नीरू जल्दी ही उठ गई। उसे बेचैनी हो रही थी सरोज से मिलने की। रात भर वो यही सोचती रही कि सरोज की कहानी में आगे क्या हुआ होगा। उस कोचिंग वाले सर को भला-बुरा कहने के बाद क्या सरोज को फिर कभी प्यार मिला?

वो आज घर से नाश्ता भी बनाकर ले गई सरोज जी के लिए, जिससे उनकी कहानी आज अधूरी न रहे।

नीरू सरोज के आने से पहले ही उस बेंच पर जाकर बैठ गई। समन्दर की लहरें आज भी वैसे ही आ-जा रही थीं, जैसे कल थीं। थोड़ी देर बाद सरोज आई तो उन्होंने नीरू को पहले से ही बैठा देखा।

उनके चेहरे पर शरारती मुस्कान आ गई। उन्होंने नीरू से कहा — “लगता है रात भर नींद नहीं आई आपको।”

नीरू ने शर्माते हुए कहा — “हाँ जी, आपकी कहानी जो सुननी थी। ये देखो मैं आपके लिए नाश्ता भी बनाकर लाई हूँ। आपको भूख लगेगी तो खा लेना।”

सरोज की आँखों में आँसू आ गए नीरू के प्यार को देखकर। नीरू के पास बैठते हुए सरोज ने कहा — “कितना अच्छा लगता है न जब कोई हमारी केयर करता है।”

नीरू चुपचाप उन्हें देखती रही।

फिर सरोज ने आगे कहना शुरू किया —

“मुझे अपने घर में अपनों से कभी प्यार नहीं मिला। मैं हमेशा यही चाहती थी कि कोई मुझे प्यार करे तो बिना शर्त करे, जैसी मैं हूँ, वैसी ही स्वीकार करे। जिसके लिए पहली प्राथमिकता मैं हूँ, जो मेरी छोटी-छोटी बात को भी उतना ही महत्व दे, जितना बड़ी बातों को। पर मेरे नसीब में वह सच्चा प्यार शायद नहीं लिखा। कदम-कदम पर ज़िन्दगी मेरी परीक्षा लेती रही, मैं ही सारे रिश्ते निभाती रही, लेकिन सबने मेरी सादगी का फायदा ही उठाया।”

नीरू ने बात बदलते हुए कहा — “मैम फिर क्या हुआ उस कहानी में, क्या आपको फिर से प्यार हुआ?”

सरोज ने समन्दर की ओर देखते हुए कहा — “उस घटना के बाद मेरा आत्मविश्वास बढ़ा। मुझे लगने लगा कि मैं भी सुंदर हूँ।”

“मेरी नौकरी एक एमएनसी में लगी। वहाँ मेरे एक सहकर्मी को मुझसे प्यार हो गया। वह मेरे आगे-पीछे घूमता रहता। महंगे-महंगे गिफ्ट लाकर देता। मेरी सहायता करता। मेरे कहने से पहले समझ जाता, मुझे क्या चाहिए।”

सरोज के चेहरे पर उस समय की यादों की हल्की सी मुस्कान आ गई।

“एक बार लंच में उसने सबको पार्टी दी। हम एक ही मेज पर तीन-चार सहकर्मी थे। उसने मुझे खाना लाकर दिया। आइसक्रीम लाकर दी। मेरा साया बनकर मेरे साथ रहता था। उस दिन मुझे लगा, मुझे अपना सच्चा प्यार मिल गया। जैसा मैं चाहती थी। मुझे भी उसका साथ अच्छा लगता था।”

नीरू खुश होकर बोली, “फिर तो सब अच्छा हो गया होगा?”

सरोज की आँखें फिर नम हो गईं। बोली, “लेकिन एक बार मैं बिजनेस ट्रिप से एक माह बाद जब वापिस आई तो पता चला उसकी शादी हो गई है, उसने अपने घरवालों की मर्जी से कहीं और शादी कर ली है।”

नीरू के मुँह से निकल गया, “क्या?”

“मैं ऑफिस गई। वो मुझसे नज़रें चुरा रहा था।”

“मैंने हिम्मत की, अपने आप को संभाला और उसे बधाई देने गई उसकी मेज पर। उसे गिफ्ट दिया और अपने केबिन में वापिस आ गई।”

“घर आकर मैं बहुत रोई और जॉब से इस्तीफा दे दिया। लेकिन मैंने हार नहीं मानी, मैंने अपने शहर वापिस जाने का निर्णय लिया।”

इतना कहकर सरोज चुप हो गई। समन्दर की हवा उसके बालों को उड़ा रही थी।

नीरू ने धीरे से पूछा — “फिर क्या हुआ?”

सरोज ने कुछ नहीं कहा। नीरू ने बैग से घर से लाए सैंडविच निकाले और सरोज की ओर बढ़ाते हुए कहा — “लीजिए, पहले ये खा लीजिए, फिर बताइएगा।”

सरोज ने सैंडविच लेते हुए नीरू की ओर देखा। उसकी आँखों में फिर वही आँसू थे, पर इस बार उनमें दर्द के साथ एक अपनापन भी था।

जिस ज़िन्दगी में सबने उसका साथ छोड़ दिया था, वहाँ एक अनजान लड़की रोज सुबह उसके लिए नाश्ता लेकर आ रही थी।

सैंडविच खाकर, थोड़ा पानी पीकर सरोज ने फिर कहना शुरू किया।

नीरू चुपचाप उन्हें देख रही थी। उसे लग रहा था जैसे सरोज की कहानी अब सबसे भारी मोड़ पर आ गई है।

सरोज ने समन्दर की ओर देखते हुए कहा — “नीरू, मेरा प्यार से भरोसा ही उठ गया था। मैं अपने शहर वापस गई। वहाँ मेरी शादी की बातें चल रही थीं। पापा ने गाँव में ही मेरी शादी पक्की कर दी। मैंने बिना कुछ कहे, बिना देखे लड़के को हाँ कर दी, सोचा देखते हैं किस्मत में और क्या लिखा है। जो होगा देखा जाएगा।”

नीरू ने धीरे से पूछा — “फिर?”

“मेरी शादी एक रूढ़िवादी परिवार में हो जाती है। मेरा पति एक आदर्श बेटा था, आदर्श भाई था, सब कुछ था पर अच्छा पति नहीं। अपने घरवालों की चमचागिरी करना, उन्हें खुश करने की हर संभव कोशिश करना ही उसकी दुनिया थी और मैं उसके घरवालों की सिर्फ नौकरानी।”

सरोज की आवाज़ में अब गुस्सा नहीं था, बस एक थकी हुई शांति थी।

“मुझे इस रिश्ते में भी प्यार नहीं मिला। न पति से, न ससुराल वालों से। मैं चुपचाप सबकी सेवा करती रही। क्योंकि मुझे अपने बेटे का पालन करना था। उसकी खातिर मैं सब हँसकर सहती रही।”

इतना कहते हुए सरोज की आँखें भर आईं। नीरू ने उनका हाथ पकड़ लिया।

“जब वो दसवीं के बाद बाहर दूसरे शहर पढ़ने चला गया तो मैंने मुंबई में एक केन्द्रीय विद्यालय में नौकरी कर ली। मेरे पति मेरे साथ ही रहते हैं। उनकी पोस्टिंग भी यहीं है। मैंने खुद को जॉब में व्यस्त कर लिया। योगा क्लास शुरू की। कैफे खोला। उसी में लाइब्रेरी बनाई। सबको बहुत पसंद आया मेरा कैफे। अब मैंने नौकरी छोड़ दी है, सिर्फ योगा की क्लास सिखाती हूँ और कैफे चलाती हूँ।”

नीरू हैरान होकर बोली — “मैम, आपने तो इतना कुछ कर लिया, फिर भी आप उदास क्यों हैं?”

सरोज ने मुस्कुराकर कहा — “लेकिन आज भी मेरे अंदर का समन्दर प्यासा है, मैं अकेली हूँ। सबकुछ है मेरे पास, बस एक शख्स जो…”

वो रुक गईं।

“बस एक शख्स जो मुझे बिना शर्त प्यार करे, जिससे मैं हर बात बिना किसी डर के कर सकूँ।”

समन्दर की हवा दोनों के बीच से गुजर रही थी। कुछ देर तक दोनों चुप रहीं।

फिर नीरू ने उन्हें टोकते हुए कहा — “तुम्हारी तलाश आज पूरी होती है।”

सरोज ने चौंककर नीरू की ओर देखा।

नीरू ने कहा — “यह नीरू नामक बूंद तुम्हारे समन्दर में मिलकर फना होने को तैयार है। मैं बनूँगी तुम्हारी वो दोस्त जो बिना शर्त सिर्फ तुम्हारा साथ चाहती है।”

ये सुनकर सरोज की आँख में खुशी के आँसू आ गए। ज़िन्दगी में पहली बार किसी ने उनसे कुछ माँगा नहीं था, सिर्फ साथ देने की बात कही थी।

नीरू ने सरोज के हाथ को कसकर पकड़ा और समन्दर की ओर इशारा करते हुए कहा — “देखो समन्दर की लहरों को, उठती है, उफनती है और फिर… गिरने से डरती नहीं है। यही ज़िन्दगी है, जिये जाओ, बस जो होगा अच्छा ही होगा।”

सरोज ने पहली बार खुलकर हँस दिया। वो हँसी जिसमें बरसों का दर्द भी था और एक नई सुबह की उम्मीद भी।

उस दिन समन्दर के किनारे दो अनजान औरतें नहीं बैठी थीं। एक बूंद अपने समन्दर से मिल गई थी। और समन्दर अब प्यासा नहीं था।