रविवार दिल्ली नेटवर्क
कोलकाता : स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर सांच फाउंडेशन द्वारा स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन बड़े ही उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ किया गया। कार्यक्रम में बच्चों, स्वयंसेवकों एवं स्थानीय समुदाय के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई। इसके बाद राष्ट्रगान गाया गया और सभी ने देश की एकता, अखंडता एवं स्वतंत्रता के मूल्यों को याद किया। बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, गीत एवं कला का प्रदर्शन किया । उनकी प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया।
बच्चों में जागरूकता पैदा करने के लिए देश भक्ति के नारे की प्रतियोगिता का आयोजन किया गया । साथ ही साथ बच्चों ने अपने हाथों से राष्ट्रीय ध्वज बनाया । इस प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों में देश के प्रति प्रेम, जिम्मेदारी और नागरिक कर्तव्यों की भावना विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में यह संदेश दिया गया कि स्वतंत्रता केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि देश और समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारियों को समझने का अवसर भी है।
इस कार्यक्रम में अतिथि के रूप में शिवजी पोद्दार, संदीप दुबे, विकाश पोद्दार, सिद्धांत चमारिया, आखिल गुप्ता, कवित्री भारती मिश्रा और अन्य अतिथि उपस्थित रहे । कार्यक्रम के दौरान सांच फाउंडेशन से स्नेहा गुप्ता, रौनक जायसवाल, शिवम जायसवाल, अदिति गुप्ता, आदित्य पारिक, सना क्षेत्री, प्राची गुप्ता, आलोक पांडे, गौरव पारीक, कृषि शर्मा, वनिता जैसावारा, पूजा पोद्दार और कई सदस्य मौजूद रहे।
संच फाउडेंशन के अध्यक्ष नितेश बेद ने सामाजिक कार्यों और समाज के जरूरतमंद वर्गों के लिए किए जा रहे प्रयासों को भी रेखांकित किया। संस्था लंबे समय से बच्चों की शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, जरूरतमंदों की सहायता एवं वंचित वर्ग के विकास के लिए कार्य कर रही है।
सांच फाउंडेशन की संस्थापिका संचिता सक्सेना ने कहा इस कार्यक्रम का उद्देश्य केवल स्वतंत्रता दिवस मनाना ही नहीं, बल्कि बच्चों और समाज के बीच एकता, भाईचारे, शिक्षा, सेवा और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना भी था। बच्चों की सक्रिय भागीदारी ने पूरे कार्यक्रम को और भी जीवंत एवं यादगार बना दिया।
समारोह के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने देश की प्रगति, शांति और समृद्धि के लिए अपनी जिम्मेदारियों को निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम ने सभी के मन में देशभक्ति और समाज के प्रति सेवा भावना को और मजबूत किया।
सांच फाउंडेशन का संदेश ‘
आइए, स्वतंत्रता के इस पर्व पर हम केवल तिरंगे को सलाम ही न करें, बल्कि एक बेहतर, शिक्षित, समान और सशक्त भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प भी लें।





