सुखजीत व हरमनप्रीत के दो दो गोल से भारत ने चीन को हरा दूसरी जीत दर्ज की

With two goals each from Sukhjeet and Harmanpreet, India defeated China and registered its second win.

भारत ने अपने स्टार स्ट्राइकर अभिषेक व मिडफील्डर विवेक को आराम दिया

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली : मौजूदा और पांच बार के चैंपियन मेजबान भारत ने अपने सबसे तेज और स्टार स्ट्राइकर अभिषेक नैन और सबसे भरोसेमंद आक्रामक सेंटर हाफ विवेक सागर प्रसाद को आराम देकर अंगदबीर सिंह और विष्णुकांत सिंह को पिछली उपविजेता चीन के खिलाफ एएचएफ पुरुष एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी के जालंधर में बृहस्पतिवार के राउंड रॉबिन लीग मैच में उतारा। ऐसे में अभिषेक के बतौर स्ट्राइकर जोड़ीदार सुखजीत सिंह ने भारत के मु्ख्य स्ट्राइकर की भूमिका शिद्दत से निभाई। सुखजीत सिंह के दो बेहतरीन मैदानी और कप्तान ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह के पेनल्टी कॉर्नर पर दागे दो और ड्रैग फ्लिकर जुगराज सिंह के एक गोल की बदौलत भारत ने चीन को 5-2 से हरा कर लगातार दूसरी जीत के साथ सेमीफाइनल में स्थान पाने की ओर मजबूत कदम बढ़ाए। पराजित चीन के लिए पेंग यांग और चोंगकोंग चेंग ने पेनल्टी कॉर्नर पर एक एक गोल किया। शुरू के दो मैचों में भारत की सबसे कमजोर कड़ी एक बार फिर करीब तीन बरस बाद टीम में वापसी करने वाले उसके गोलरक्षक कृष्ण बहादुर पाठक नजर आए। पंजाब टूर्नामेंट के आयोजित किए जाने पर हॉकी इंडिया और भारतीय हॉकी टीम का प्रबंधन पंजाब सरकार को खुश करने के फेर में पंजाब के खिलाड़ियों को जरूरत से ज्यादा तवज्जो देता दिखा। भारत को यदि बृहस्पतिवार को किसी स्ट्राइकर को आराम देना था वह बुढ़ाते और विश्व कप और एशियाई खेलो में बेहद निराशाजनक खेल दिखाने वाले मंदीप सिंह थे न की अभिषेक नैन।

सुखजीत सिंह ने 12 वें मिनट में कप्तान हरमनप्रीत सिंह के लंबे एरियल पास पर डी के भीतर गेंद संभाल चीनी गोलरक्षक हुआनयू वू को गच्चा दे गोल कर भारत का खाता खोला। भारत को इसके बाद मैच के 20 वें मिनट तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन इन पर भारत के कप्तान हरमनप्रीत सिंह के ड्रैग फ्लिक को चीन के रशर ने रोक कर बेकार किया। चीन ने दोनों छोर से हमले बोल कर दूसरे क्वॉर्टर में भारत के गोल पर दबाव बनाया। पेंग यांग ने दूसरा क्वॉर्टर खत्म होने से चार मिनट मिले दूसरे पेनल्टी कॉर्नर पर बढ़िया ड्रैग फ्लिक से भारत के गोलरक्षक कृष्ण बहादुर पाठक को छका गोल कर चीन को एक एक की बराबरी दिला दी। भारत के कप्तान हरमनप्रीत सिंह अपनी डी के भीतर से गेंद ठीक से बाहर नहीं कर पाए और गेंद उनके पैर पर लगी और इस पर चीन को यह पेनल्टी कॉर्नर मिला था। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने चौथे पेनल्टी पर तेज नीचे ड्रैग फ्लिक से गोल कर भारत को मैच के 28 वें मिनट में 2-1 से आगे कर दिया। हाफ टाइम तक भारत की टीम 2-1 से आगे थी।

सुखजीत सिंह को बाएं से डी में घुसने में गलत ढंग से रोकने पर मिले मैच के पांचवें पेनल्टी कॉर्नर पर कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने तेज फ्लिक से मैच का अपना दूसरा गोल कर भारत को तीसरे क्वॉर्टर के पहले ही मिनट में 3-1 से आगे कर दिया। सुखजीत सिंह ने तीन मिनट बाद मैच का अपना दूसरा मैदानी गोल कर भारत की बढ़त 4-2 कर दी। चीन को मिले चौथे पेनल्टी कॉर्नर पर भारत के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने रिव्यू लिया लेकिन यह बेकार किया और इस पर चीन के ड्रैग फ्लिकर बेनहाई चेन से सीधा गेंद को फ्लिक करने की बजाय गेंद को बाएं खड़े साथी चोंगकोंग चेंग की ओर गेंद सरकाई उन्होंने तेज स्लैप शॉट से गोल कर 37 वें मिनट में स्कोर 2-4 कर दिया। जुगराज सिंह ने चौथे और आखिरी क्वॉर्टर के दूसरे मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर भारत को 5-2से आगे कर दिया। यह मैच का आखिरी गोल साबित हुआ।