हर घर तक पहुंचेगी रोशनी, 450 करोड़ से बनेगा ‘दृष्टि धाम’

Light will reach every house, 'Drishti Dham' will be built with Rs 450 crores

मुंबई (अनिल बेदाग): आंखों की रोशनी सिर्फ देखने का माध्यम नहीं, बल्कि सपनों को साकार करने की उम्मीद भी है। इसी उम्मीद को नई उड़ान देने के लिए स्वामी विवेकानंद नेत्र मंदिर ट्रस्ट ने ‘विज़न फॉर एवरी होम’ पहल के तहत देशभर में 108 नेत्र देखभाल केंद्र स्थापित करने का संकल्प लिया है। लगभग 450 करोड़ रुपये की लागत से नवसारी के सुपा गांव में बनने वाला विश्वस्तरीय सुपर-स्पेशलिटी अस्पताल ‘दृष्टि धाम’ इस मानवीय अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा होगा।

ट्रस्ट के चेयरमैन डॉ. भाविनभाई पटेल ने कहा, “हमारा मुख्य लक्ष्य आंखों की बीमारी से जूझ रहे हर मरीज की तकलीफ कम करना और उनके चेहरे पर मुस्कान लाना है। समाज के सबसे वंचित वर्गों को भी उच्च गुणवत्ता वाली नेत्र चिकित्सा उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है, चाहे वह निःशुल्क हो या रियायती दरों पर।”

200 बिस्तरों, 21 अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर और 64 ओपीडी सुविधाओं वाला यह अस्पताल प्रतिवर्ष 1.20 लाख सर्जरी करने में सक्षम होगा। यहां बच्चों के उपचार, शिक्षा और पुनर्वास की सुविधाएं भी विकसित होंगी।

ट्रस्ट अब तक 51,376 से अधिक मुफ्त मोतियाबिंद ऑपरेशन कर चुका है। इस सेवा अभियान को नई ऊर्जा देने के लिए 5 से 13 दिसंबर 2026 तक सुपा में पूज्य मोरारी बापू की राम कथा आयोजित होगी। यह पहल चिकित्सा और मानवीय संवेदना का ऐसा संगम है, जो हजारों जिंदगियों में नई रोशनी भरने का सपना देखता है।