रविवार दिल्ली नेटवर्क
देहरादून : उत्तराखंड भाषा संस्थान के तत्वाधान में आयोजित हिंदी दिवस समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सम्मानित कर उन्हें संबोधित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिंदी केवल हमारी अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी जड़ों, संस्कारों और सांस्कृतिक चेतना से जुड़ी पहचान है। हमें अपनी मातृभाषा पर गर्व करते हुए हिंदी को ज्ञान, विज्ञान, तकनीक और नवाचार के नए युग से जोड़ना होगा, ताकि हिंदी समय के साथ आगे बढ़े और विश्व के हर मंच पर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराए।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार हिंदी के साथ-साथ उत्तराखंड की समृद्ध क्षेत्रीय बोलियों, लोकभाषाओं और साहित्यिक परंपरा के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश के साहित्यकारों को प्रोत्साहित करने और उनके योगदान को सम्मान देने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।





