दीपक कुमार त्यागी
अग्निशमन विभाग के जांबाजों ने आग पर नियंत्रण करके टला बड़ा हादसा
गाजियाबाद : पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद पर 12 सितंबर 2026 को फायर स्टेशन वैशाली पर अपराह्न 14:12 बजे यह सूचना प्राप्त हुई कि इंदिरापुरम स्थित ‘आदित्य मेगा सिटी’ बहुमंजिला आवासीय परिसर के एक फ्लैट में बने स्टोर रूम में भीषण अग्निकांड घटित हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी, गाजियाबाद राहुल पाल के प्रत्यक्ष एवं कुशल निर्देशन में त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभारी अग्निशमन केंद्र, वैशाली 02 अग्निशमन वाहन (फायर टेंडर्स) मय यूनिट घटनास्थल के लिए रवाना हुए, आग टावर के पाँचवें तल पर स्थित फ्लैट संख्या GC-502 के स्टोर रूम में तीव्र आग धधक रही थी। यद्यपि समिति के रखरखाव कर्मचारियों (मेंटेनेंस स्टाफ) द्वारा प्राथमिक स्तर पर आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा था, किंतु आग की विकरालता के कारण संपूर्ण टावर में अत्यधिक घना, विषैला एवं दमघोंटू धुआं व्याप्त हो चुका था। इस विकट परिस्थिति के कारण अग्निशमन कर्मियों को भवन के आंतरिक भागों में प्रवेश करने हेतु अत्यधिक संघर्ष एवं कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ा। तत्पश्चात, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गाजियाबाद महोदय के निर्देशन में फायर यूनिट ने भूतल से तत्काल हॉज-लाइन सीढ़ियो के माध्यम से फैलाया गया, भवन में मौजूद फायर फाइटिंग सिस्टम से फायर फाइटिंग करना शुरू किया साथ ही फायर कर्मियो ने (बीए सेट – Breathing Apparatus) पहनकर आग काबू करने हेतु फ्लैट के अंदर प्रवेश किया। वहीं दूसरी ओर आधुनिक एग्जॉस्ट उपकरणों की सहायता से टावर एवं फ्लैट परिसर में भरे हुए घने धुएं को सफलतापूर्वक बाहर निष्कासित किया गया। अग्निशमन दल की अदम्य कार्यकुशलता, तत्परता एवं समन्वित प्रयासों के फलस्वरूप अल्प समय के भीतर ही आग पर पूर्णतः नियंत्रण पाकर उसे पूर्ण रूप से शांत कर दिया गया। इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। हालाँकि, स्टोर रूम में संग्रहित सामग्री एवं उसके निकट रखी हुई घरेलू वस्तुएं आग की चपेट में आने से जलकर क्षतिग्रस्त हो गई हैं। भवन में पूर्व से संस्थापित स्वचालित अग्निशमन प्रणाली (फायर फाइटिंग सिस्टम) तथा अग्निशमन दल की त्वरित कार्रवाई के संयुक्त प्रयास से आग को आसपास के अन्य आवासीय फ्लैटों में फैलने से पहले ही आग को पूर्णतः रोक लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।





