टेलीकॉम कंपनियों पर लगी लगाम- उपभोक्ता हित में जरूरी नियमन

Reining in Telecom Companies—Necessary Regulation in Consumer Interest

सौरभ वार्ष्णेय

देश की अर्थव्यवस्था में दूरसंचार क्षेत्र की भूमिका अब किसी परिचय की मोहताज नहीं है। मोबाइल फोन और इंटरनेट संचार के साधन भर नहीं रह गए हैं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंकिंग, व्यापार, रोजगार और सरकारी सेवाओं तक पहुंच की बुनियादी जरूरत बन चुके हैं। ऐसे में टेलीकॉम कंपनियों की जवाबदेही भी उतनी ही महत्वपूर्ण हो जाती है। सेवा की गुणवत्ता, शुल्क की पारदर्शिता, स्पैम कॉल, डेटा सुरक्षा और उपभोक्ता शिकायतों जैसे मुद्दों पर बढ़ती नियामकीय सख्ती इसी बदलती जरूरत का संकेत है।

दूरसंचार क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा बढऩे से उपभोक्ताओं को सस्ते डेटा और अनेक सेवाओं का लाभ मिला है, लेकिन इसके साथ कई सवाल भी उठे हैं। अनचाहे कॉल और संदेश, अस्पष्ट शुल्क, खराब नेटवर्क, शिकायतों के समाधान में देरी और निजी डेटा की सुरक्षा जैसे मुद्दे लंबे समय से चिंता का विषय रहे हैं। जब कोई सेवा करोड़ों लोगों के रोजमर्रा के जीवन का हिस्सा बन जाए, तब केवल व्यावसायिक लाभ पर्याप्त नहीं माना जा सकता। बाजार की ताकत के साथ उपभोक्ता के प्रति जवाबदेही भी जरूरी है।

इसी संदर्भ में रिचार्ज की वैधता का सवाल खास महत्व रखता है। मोबाइल सेवा अब ऐसी जरूरत है, जिसे लंबे समय तक नजरअंदाज करना संभव नहीं। 28 दिन वाले ‘मासिकÓ रिचार्ज को लेकर मार्च 2026 में राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने संसद में सवाल उठाया था कि 12 महीनों के वर्ष में 28 दिन की वैधता वाले चक्र से उपभोक्ता को प्रभावी रूप से साल में 13 बार रिचार्ज करना पड़ सकता है। उन्होंने उन उपभोक्ताओं के लिए भी किफायती विकल्पों की जरूरत बताई, जिन्हें मोबाइल डेटा की आवश्यकता नहीं है।

यह बहस अब नियामकीय बदलाव तक पहुंच चुकी है। भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण ट्राई ने 22 सितंबर 2026 को टेलीकॉम कॉन्जयुमर्स प्रोटेक्षन अमेेंडेंट रेगुलेसंस, 2026 अधिसूचित किए हैं। नए प्रावधानों के तहत कंपनियों को उन वैधता अवधियों के अनुरूप वॉइस और एसएमएस ऑनली स्पेशल टैरिफ वॉउचर्स उपलब्ध कराने होंगे, जिनमें 30 दिन या उससे कम अवधि वाले डेटा-बंडल प्लान शामिल हैं। इसके अलावा समान तारीख पर हर महीने नवीनीकरण वाला विकल्प और लंबी वैधता वाला कम-से-कम एक वॉइस एसएमएस ऑनली विकल्प भी उपलब्ध कराना होगा। इन वाउचर में उचित टैरिफ कटौती का भी प्रावधान है।

इस बदलाव का महत्व इसलिए अधिक है क्योंकि हर उपभोक्ता को समान प्रकार की सेवा की जरूरत नहीं होती। बुजुर्ग, फीचर फोन उपयोगकर्ता, सीमित डेटा इस्तेमाल करने वाले या कम आय वाले उपभोक्ताओं के लिए केवल कॉल और एसएमएस की सुविधा पर्याप्त हो सकती है। यदि उन्हें अनावश्यक डेटा के साथ बंडल प्लान लेने के लिए मजबूर होना पड़े, तो ‘चॉइसÓ का अर्थ ही कमजोर हो जाता है। नियमन का उद्देश्य यही होना चाहिए कि उपभोक्ता अपनी जरूरत के अनुसार भुगतान कर सके।

हालांकि, 30 दिन का विकल्प उपलब्ध होना अपने आप में अंतिम समाधान नहीं है। असली सवाल यह होगा कि कंपनियां इन प्लान को कितनी आसानी से उपलब्ध कराती हैं और उनकी कीमत क्या रखती हैं। यदि वॉइस एसएमएस ऑनली प्लान केवल नियमों की खानापूर्ति के लिए बनाए जाएं, उनकी जानकारी आसानी से उपलब्ध न हो या उनकी कीमत डेटा वाले प्लान के मुकाबले पर्याप्त रूप से कम न हो, तो उपभोक्ता को वास्तविक लाभ सीमित रह जाएगा। इसलिए पारदर्शिता और प्रभावी निगरानी इस व्यवस्था की सफलता की अनिवार्य शर्त हैं।

टेलीकॉम नियमन का दायरा केवल रिचार्ज तक सीमित नहीं है। स्पैम कॉल और अनचाहे व्यावसायिक संदेश भी उपभोक्ता अधिकारों से जुड़ा बड़ा प्रश्न हैं। बैंकिंग, बीमा, रियल एस्टेट और अन्य सेवाओं के नाम पर आने वाले लगातार प्रचार संदेश कई बार धोखाधड़ी का माध्यम भी बन जाते हैं। ऐसे में वैध व्यावसायिक संचार और संदिग्ध गतिविधियों के बीच स्पष्ट अंतर करना तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करना जरूरी है।

डेटा सुरक्षा भी इसी जवाबदेही का महत्वपूर्ण हिस्सा है। डिजिटल भुगतान, ऑनलाइन खरीदारी और सरकारी सेवाओं के बढ़ते इस्तेमाल के बीच टेलीकॉम कंपनियों के पास उपभोक्ताओं से संबंधित बड़ी मात्रा में जानकारी रहती है। इस जानकारी की सुरक्षा केवल कानूनी अनुपालन का विषय नहीं, बल्कि डिजिटल अर्थव्यवस्था में नागरिकों के विश्वास का आधार है।

लेकिन नियमन और अति-नियमन के बीच संतुलन भी जरूरी है। भारत जैसे विशाल देश में 5जी, फाइबर नेटवर्क और ग्रामीण कनेक्टिविटी के विस्तार के लिए बड़े निवेश की आवश्यकता है। अत्यधिक जटिल या लगातार बदलते नियम कंपनियों पर अनुपालन का बोझ बढ़ा सकते हैं और निवेश के फैसलों को प्रभावित कर सकते हैं। इसलिए नियामकीय व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए जो उपभोक्ता अधिकारों की रक्षा करे, लेकिन नेटवर्क विस्तार, नवाचार और प्रतिस्पर्धा के लिए आवश्यक कारोबारी गुंजाइश भी बनाए रखे। टेलीकॉम उद्योग की ओर से भी यह तर्क सामने आया है कि अत्यधिक निर्देशात्मक नियमन मौजूदा बाजार संरचना और निवेश की जरूरतों को प्रभावित कर सकता है।

दरअसल, स्वस्थ दूरसंचार बाजार की कसौटी केवल सस्ती सेवा नहीं, बल्कि सार्थक विकल्प और पारदर्शिता भी है। उपभोक्ता को यह स्पष्ट रूप से पता होना चाहिए कि वह कितने पैसे में कितने दिनों की सेवा ले रहा है और उस सेवा में वास्तव में क्या शामिल है। 28 दिन की वैधता हो या वॉइस एसएमएस ऑनली प्लान—नियम तभी प्रभावी होंगे, जब उपभोक्ता उन्हें आसानी से समझ और चुन सके।

यह भी याद रखना होगा कि डिजिटल व्यवस्था की सुरक्षा केवल सरकार या कंपनियों की जिम्मेदारी नहीं है। उपभोक्ताओं को भी संदिग्ध लिंक से बचना, अनजान लोगों के साथ ह्रञ्जक्क साझा न करना और अनधिकृत ऐप से सावधान रहना होगा। सरकार, नियामक, टेलीकॉम कंपनियां और उपभोक्ता—सभी की साझा जिम्मेदारी से ही भरोसेमंद डिजिटल व्यवस्था बन सकती है।

टेलीकॉम कंपनियों पर लगी लगाम का अर्थ उद्योग को बांधना नहीं, बल्कि उसकी जवाबदेही तय करना है। रिचार्ज की वैधता से लेकर डेटा सुरक्षा, स्पैम नियंत्रण और सेवा की गुणवत्ता तक, हर क्षेत्र में उपभोक्ता को स्पष्ट विकल्प और उचित संरक्षण मिलना चाहिए। साथ ही कंपनियों को निवेश और नवाचार की पर्याप्त स्वतंत्रता भी मिलनी चाहिए। यही संतुलन डिजिटल भारत की वास्तविक जरूरत है। ऐसा दूरसंचार बाजार जहां कंपनियां आगे बढ़ें, तकनीक का विस्तार हो और उपभोक्ता के अधिकार तथा विश्वास भी सुरक्षित रहें।