दीपक कुमार त्यागी
नई दिल्ली : ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु श्री ज्योतिर्मठः के शङ्कराचार्य स्वामिश्रीः अविमुक्तेश्वरानन्दः सरस्वती महाराज ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पत्र लिखकर शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा कि दुःखद समाचार प्राप्त हुआ कि आपकी पूज्या मातृश्री का देवलोकगमन हो गया है। जीवन से माता की स्नेहमयी छत्रछाया हट जाना एक अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई होना असम्भव है।
यद्यपि आप राष्ट्रसेवा में समर्पित हैं, तथापि जन्मदात्री माता का वात्सल्य और उनका जाना हृदय को व्यथित करने वाला होता है। परन्तु संसार का यही शाश्वत नियम है कि जो इस भौतिक स्वरूप में आया है, वह एक न एक दिन अपने मूल स्वरूप में लीन हो जाता है।
श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान् श्री कृष्ण ने कहा है-
अव्यक्तादीनि भूतानि व्यक्तमध्यानि भारत।
अव्यक्तनिधनान्येव तत्र का परिदेवना ॥
अर्थात् जन्म से पहले सभी प्राणी अप्रत्यक्ष (अव्यक्त) थे, जन्म से मृत्यु के बीच का समय ही प्रत्यक्ष (व्यक्त) है और मृत्यु के पश्चात् वे पुनः अप्रत्यक्ष हो जाते हैं। जीवन का चक्र ईश्वर के इसी शाश्वत नियम पर आधारित है, अतः इस विषय में शोक नहीं करना चाहिए।
उनका असीम स्नेह, तपस्या, संस्कार, मार्गदर्शन और उनके द्वारा दिए गए उच्च जीवन मूल्य सदैव आपकी स्मृतियों में जीवन्त रहेंगे। इस कठिन समय में हम भगवान् बद्रीविशाल एवं बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना करते हैं कि दिवङ्गत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा आपके सभी शोकाकुल परिवारजनों को इस अपार दुःख को सहन करने का सम्बल और धैर्य प्रदान करें।
उक्त जानकारी शंकराचार्य जी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी शैलेन्द्र योगिराज सरकार के माध्यम से प्राप्त हुई है।





