डॉ. प्रीतम भी. गेडाम
पर्यावरण ही एकमेव जीवसृष्टि का आधार है, जबकि हर भारतीय दूषित हवा में सांस ले रहा, फिर भी हम नहीं सुधरते, इसलिए पर्यावरण को सहेजना प्रत्येक की जिम्मेदारी हैं। पर्यावरण की सुरक्षा के लिए सकारात्मक कदम उठाने की आवश्यकता के बारे में वैश्विक स्तर पर जागरूकता बढ़ाने के लिए, हर साल 26 नवंबर को “विश्व पर्यावरण संरक्षण दिवस” मनाया जाता हैं। वाहनों से होने वाला उत्सर्जन और भीड़-भाड़, औद्योगिक गतिविधियां और थर्मल पावर, घरों में ठोस ईंधन जैसे लकड़ी, कोयला जलाना, निर्माण कार्य और सड़कों की धूल, बायोमास और खुले में कचरा जलाना, खेतों में पराली जलाना, पटाखे जलाना, मौसम संबंधी कारणों से प्रदूषकों का जमा होना, बिना प्रक्रिया किया गया नगरपालिका का सीवेज, औद्योगिक अपशिष्ट, रासायनिक वस्त्रोद्योग, अक्सर बिना उपचार किए भारी धातुओं और जहरीले कचरे को पास के जल स्रोतों में बहा देना, घातक रसायनों का प्रयोग होनेवाली खेती से बहकर आने वाला प्रदूषित पानी, ठोस और ई-अपशिष्ट का कुप्रबंधन, रासायनिक खादों और कीटनाशकों का अत्यधिक उपयोग, खनन और औद्योगिक कचरे को कहीं भी फेंक देना, अनियंत्रित निर्माण कार्य और व्यावसायिक गतिविधियां। ऐसे अनेक कारण प्रदूषण स्तर को अत्यधिक खतरनाक मोड़ पर ले गये हैं।
पर्यावरण प्रदर्शन सूचकांक 2026 अनुसार, 177 देशों की सूची में भारत को 22.46 के स्कोर के साथ 176वां स्थान मिला है, इस स्थान से हम गंभीर वास्तविकता का अंदाजा लगा सकते है, भारत देश 2016 में 141वें स्थान पर था। 2022 से भारत सबसे खराब प्रदर्शन करने वाले पांच देशों में शामिल रहा है। हमारा स्कोर भूटान 82वें, श्रीलंका 118वें, नेपाल 134वें, पाकिस्तान 148वें और बांग्लादेश 161वें जैसे पड़ोसी देशों की तुलना में पिछड़ा हुआ हैं। लगातार बढ़ रहे शहरीकरण और औद्योगीकरण के कारण वायु गुणवत्ता, जैव विविधता और ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन पर लगातार दबाव बना हैं। हालांकि नवीकरणीय ऊर्जा, अपशिष्ट प्रबंधन, स्वच्छता के बुनियादी सुविधा ने सकारात्मक सहयोग दिया हैं। जल गुणवत्ता सूचकांक में भारत 122 देशों में से 120वें स्थान पर हैं। 2026 के वैश्विक भुखमरी सूचकांक में 122 देशों में से भारत 100वें स्थान पर है। इसका स्कोर 24.1 है, जो इसे ‘गंभीर भुखमरी’ की श्रेणी में रखता हैं। वायु गुणवत्ता जीवन सूचकांक अनुसार, भारत देश दुनिया का दूसरा सबसे अधिक प्रदूषित देश है। भारत देश की लगभग 140 करोड़ जनता ऐसे वातावरण में रहती है, जहां की वायु विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा दर्शाये पीएम2.5 से भी अधिक हैं। कुछ हिस्से में तो यह भारत के अपने राष्ट्रीय मानक से भी कहीं ज्यादा ऊपर हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा बताये गए दिशानिर्देशों अनुसार, सूक्ष्म कण एक औसत भारतीय की जीवन प्रत्याशा को लगभग 3.5 साल कम कर देते है, जबकि दिल्ली-एनसीआर जैसे स्थल के निवासियों की जीवन प्रत्याशा में 8.2 साल तक की कमी आ सकती हैं।
स्टेट ऑफ ग्लोबल एयर 2025 की रिपोर्ट बताती है कि, 2023 में भारत में 20 लाख से अधिक मौतें वायु प्रदूषण के कारण हुईं, जो 2000 के मुकाबले 43 फीसदी ज्यादा है और द लैंसेट काउंटडाउन 2025 के मुताबिक, 2022 में 17.2 लाख मौतें केवल इंसानों द्वारा निर्मित सूक्ष्म कणों की वजह से हुईं, इस नुकसान की कीमत 339.4 अरब अमेरिकी डॉलर आंकी गई है, जो भारत की जीडीपी का 9.5 प्रतिशत है। इन आंकड़ों से ही आकलन लगा सकते हैं कि, देश में प्रकृति के प्रति घोर लापरवाही और पर्यावरणीय ह्रास की कितनी बड़ी कीमत आम इंसान को चुकानी पड़ रही हैं। प्रदूषण के कारण जानलेवा बीमारियां जैसे हृदय संबंधी बीमारियां, स्ट्रोक, फेफड़ों को लगातार नुकसान पहुंचना और सांस लेने में गंभीर संकट, निमोनिया और श्वसन संबंधी संक्रमण, कैंसर पैदा करने वाले प्रदूषकों और औद्योगिक उत्सर्जन के लंबे समय तक सांस के जरिए शरीर में जाने से होने वाले कैंसर, मेटाबॉलिक, किडनी और पानी से होने वाली बीमारियां, टाइप 2 डायबिटीज, दीर्घकालिक वृक्क रोग का खतरा लगातार बढ़ता हैं। यह बीमारियां बेहद खर्चीली एवं मौत के मुंह में धकेलनेवाली हैं। अभी हाल ही में इंडिया टुडे में प्रकाशित एक खबर पढ़ी, जिसमें मशहूर चिकित्सक डॉ. संजीव बागई ने, देश में वायु प्रदूषण से हर साल होनेवाली मौतों की तुलना हिरोशिमा, नागासाकी और कोविड-19 से होने वाली मौतों से की। प्रदूषण मनुष्य के प्रत्येक अंग को नुकसान पहुंचा रहा है, यहा तक की गर्भवती महिला के पेट में पल रहे बच्चे को भी बीमार कर रहा हैं।
हर चीज प्रकृति की देन है, हर व्यवसाय या उद्योग के लिए आवश्यक कच्चा माल भी पर्यावरण से ही मिलता हैं। पिछले कुछ दशकों में मानव ने विकास के नाम पर खूब यांत्रिकी संसाधनों की खोज की और मानवीय आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए जमकर प्राकृतिक संसाधनों का दोहन किया हैं। बहुत-सी प्राकृतिक चीजे तो आनेवाली पीढ़ियों को दिखेगी भी नहीं, अर्थात उनके हिस्से की भी चीजे आज मानव उपभोग चूका हैं। अक्सर कोयला और खनिजों के खनन के लिए या औद्योगिक आवश्यकताओ की पूर्ति के लिए जंगल काटते है, राजमार्ग, रेलवे लाइन, बांध बनाने या शहरीकरण के लिए जमीन साफ करते हैं। फर्नीचर, कागज, निर्माण कार्य के लिए लकड़ी और ईंधन के लिए भी लगातार पेड़ कटते हैं। लेकिन जंगलों को खत्म करने से वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास नष्ट होते हैं। उपजाऊ मिट्टी का क्षरण होता है, मिट्टी का कटाव होता है, जिसके कारण बाढ़ या सूखे की स्थिति उत्पन्न होती है। कार्बन उत्सर्जन बढ़ता है, शुद्ध प्राणवायु कम होती हैं। प्रदूषण बढ़ता है, प्राकृतिक आपदायें लगातार बढ़ती हैं। इसका सीधा असर जीवसृष्टि के प्रत्येक जीव, पर्यावरण के हर घटक, ऋतुचक्र और जलवायु पर पड़ता हैं। हमारी रोग प्रतिकारक क्षमता कमजोर होती है, बीमारियां बढ़ती है, अकाल मृत्यु में भयावह वृद्धि होती हैं।
पर्यावरण में बढ़ते प्रदूषण के कारण एवं उसके रोकथाम के उपाय सबको पता है, अर्थात सरकार से लेकर एक सामान्य नागरिक तक इस बारे में जानते है। शुद्ध जल, स्वच्छ ऑक्सीजन और पर्याप्त पोषक आहार हर मनुष्य का अधिकार और जरुरत हैं। पर्यावरण संरक्षण के प्रति सबकी जवाबदेही है, प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है, कि वो पर्यावरण बचायें। पर्यावरण के बारे में लोग गंभीरता से नहीं सोचते और सरकारी नियमों एवं कानून की खुलेआम धज्जियां उड़ाते है, जो कि अब हम सबके जान पर बन आयी हैं। पर्यावरण की रक्षा और प्रदूषण कम करने के लिए अमीर-गरीब, शिक्षित-अशिक्षित, नेता-जनता, अधिकारी, उद्योगपति सभी ने सरकारी निति-नियमों का कड़ाई से पालन एवं प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता रखनी होगी, भ्रष्टाचार का कोई नामोनिशान नहीं होना चाहिए। मनुष्य से ज्यादा जीवजंतु, पशु-पक्षी, प्राणी इस पर्यावरण की रक्षा करते हैं। क्या मनुष्य अपने स्वार्थ में इतना अँधा हो गया है कि, जानवरों को पर्यावरण के रक्षा की समझ है, लेकिन मनुष्य को नहीं, क्या मनुष्य जानवरों से भी निचे के स्तर पर गिर चूका हैं।





