छत्रसाल स्टेडियम में होगा भव्य आयोजन, हजारों योग साधक करेंगे सामूहिक योगाभ्यास
रविवार दिल्ली नेटवर्क
नई दिल्ली : भारतीय योग संस्थान की ओर से संस्थान के 60वें योग दिवस समारोह का भव्य आयोजन 2 अक्टूबर 2026 को प्रातः 6 बजे से 8 बजे तक छत्रसाल स्टेडियम, मॉडल टाउन, दिल्ली में किया जाएगा। संस्थान वर्ष 1967 से अपने निःशुल्क योग साधना केंद्रों के माध्यम से योग के प्रचार-प्रसार और जन-जन को योगाभ्यास से जोड़ने का कार्य कर रहा है।
समारोह में हजारों योग साधक सामूहिक योगाभ्यास एवं प्रदर्शन के माध्यम से स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवन का संदेश देंगे। कार्यक्रम में योग विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में बड़ी संख्या में साधक सामूहिक रूप से योगाभ्यास करेंगे।
आयोजकों के अनुसार समारोह में पद्मश्री परम श्रद्धेय योगाचार्य श्री भारत भूषण जी की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। साधकों को उनका मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त होगा। वहीं भारतीय योग संस्थान के प्रधान श्री देस राज जी द्वारा ‘स्वस्थ जीवन और योग’ विषय पर विशेष उद्बोधन दिया जाएगा।
संस्थान के महामंत्री ललित गुप्ता ने बताया कि यह आयोजन केवल योग प्रदर्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन, संस्कारित जीवन और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए जन-जागरण अभियान है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति एवं जीवन-मूल्यों में योग की महत्ता को जन-जन तक पहुंचाना संस्थान का निरंतर प्रयास है।
भारतीय योग संस्थान ने समाचार-पत्रों एवं मीडिया संस्थानों से समारोह की पूर्व सूचना प्रकाशित करने तथा कार्यक्रम के दिन विशेष कवरेज प्रदान करने का अनुरोध किया है, ताकि योग और स्वस्थ जीवन के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सके।





