रविवार दिल्ली नेटवर्क
देहरादून : महर्षि वाल्मीकि प्रकटोत्सव के अवसर पर देहरादून में राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी मजदूर यूनियन द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली गयी। शोभायात्रा में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने रामायण के रचयिता, आदिकवि महर्षि वाल्मीकि जी को नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी का जीवन और शिक्षाएँ हमें समानता, सामाजिक समरसता, करुणा एवं मानवता का संदेश देती हैं। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए हमारी सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के सम्मान, कल्याण और उत्थान के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा हमारी सरकार सफाई कर्मियों के योगदान और उनके परिश्रम का सम्मान करते हुए उनके हितों के प्रति संवेदनशील है। इसी दिशा में प्रदेश के विभिन्न विभागों में कार्यरत सफाई कर्मियों के मानदेय में वृद्धि के संबंध में बैठक कर शीघ्र निर्णय लिया जाएगा।
इस अवसर पर मेयर, देहरादून श्री सौरभ थपलियाल, राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री भगवत प्रसाद मकवाना, उत्तराखंड सरकार में दर्जाधारी राज्यमंत्री श्री अशोक वर्मा, श्री श्याम अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष श्री सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल, गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि और सफाई कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारीगण एवं वाल्मीकि समाज के लोग उपस्थित रहे।
इस आयोजन के चलते शहर के मुख्य मार्गों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम और यातायात डायवर्जन लागू किया गया था ताकि आम जनता को असुविधा न हो।





