रविवार दिल्ली नेटवर्क
संस्कार भारती प्रतिष्ठान व अभियान, मुंबई द्वारा कल, 7 अगस्त 2026 को वसई ईस्ट स्थित रीजेंसी बैंक्वेट्स में ‘कजरी महोत्सव – 2026’ का भव्य आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। सावन की रिमझिम फुहारों के बीच आयोजित इस सांस्कृतिक संध्या में अयोध्या से आईं सुप्रसिद्ध लोक गायिका सुश्री संजोली पाण्डेय ने अपनी सुरीली आवाज से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि और महाराष्ट्र सरकार के पूर्व राज्य मंत्री श्री अमरजीत मिश्रा (उपाध्यक्ष – भाजपा मुंबई, अध्यक्ष – अभियान) द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर उन्होंने भारतीय लोक कलाओं और सावन के पारंपरिक त्योहारों को जीवित रखने के लिए संस्था के प्रयासों की सराहना की।
अयोध्या की कजरी गायिका सुश्री संजोली पाण्डेय ने पारंपरिक और शास्त्रीय कजरी गीतों की ऐसी झड़ी लगाई कि पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। ‘सावन की रिमझिम में लोकगीतों की बहार’ थीम पर आधारित इस कार्यक्रम में उपस्थित दर्शकों ने लोक संस्कृति के इस अनूठे रूप का भरपूर आनंद लिया।
इस सांस्कृतिक महोत्सव में क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियों ने शिरकत की। कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रसिद्ध आरटीआई कार्यकर्ता (RTI Activist) अनिल गलगली, मनोज पाटिल, भाजपा नेता राजीव रतन मिश्रा, नगरसेवक अभय ककड़, नगरसेविका कल्पना नागपुरे, नगरसेविका पिंकी राठोड और समाज सेवक सुरेंद्र मिश्रा उपस्थित रहे। संस्था द्वारा इन सभी विशिष्ट अतिथियों का शाल और स्मृति चिह्न देकर सम्मान किया गया।संस्था के सचिव और मुख्य आयोजक श्री अखिलेश ज. मिश्रा ने सभी अतिथियों और कला प्रेमियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सह-आयोजक अशोक भाटिया, महेंद्र जोशी, रीता राधेश्याम शुक्ला, आर. एन. तिवारी और समस्त निवेदक मंडल का विशेष योगदान रहा।





