शिरडी की पावन धरती से दुनिया तक पहुंचेगी साईं बाबा की कृपा, पांच भाषाओं में बनेगी फिल्म ‘कृपा साईं’

Sai Baba's blessings will reach the world from the holy land of Shirdi, the film 'Kripa Sai' will be made in five languages.

मुंबई (अनिल बेदाग): शिरडी की पावन धरती पर जब साईं बाबा की भक्ति और सिनेमा का संगम हुआ, तो माहौल श्रद्धा, विश्वास और सकारात्मकता से सराबोर हो गया। बाबा श्री साईंनाथ महाराज के आशीर्वाद के बीच आगामी फिल्म ‘कृपा साईं’ (KRIPA SAI) का भव्य पोस्टर लॉन्च किया गया। निर्देशक जय प्रकाश मिश्रा (कलमधारी) की इस फिल्म को हिंदी, अंग्रेज़ी, तमिल, तेलुगु और मराठी सहित पांच भाषाओं में बनाया जाएगा और दुनियाभर में रिलीज़ करने की योजना है।

इस खास समारोह में श्री साईबाबा संस्थान के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मा. गोरक्षजी गाडीलकर (भा.प्र.से.), भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. सुजयजी विखे पाटील, पूर्व जिला परिषद सदस्य एवं भाजपा सातारा जिला उपाध्यक्ष संदीपभाऊ शिंदे, समाजसेवक एवं उद्यमी सचिनजी हावळे पाटील, शिरडी के उपसरपंच एवं उद्यमी विरेशजी चौधरी पाटील, उपनगराध्यक्ष अभयजी शेळके पाटील, डॉ. आशुतोष संतोषजी मैड और दर्शनजी लाटे (कॉन्ट्रैक्टर) विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैजा माँ की तीसरी पीढ़ी के प्रतिनिधि की मौजूदगी ने आयोजन को और भावनात्मक बना दिया।

फिल्म जगत से अभिनेता एवं निर्माता प्रतुष मिश्रा, अभिनेता सुनील मणि, विष्णु चौधरी और विशाल भी समारोह का हिस्सा बने।

निर्देशक जय प्रकाश मिश्रा (कलमधारी) ने कहा, “साईं बाबा मेरे लिए केवल श्रद्धा नहीं, बल्कि विश्वास, प्रेम और मानवता की अनुभूति हैं। ‘कृपा साईं’ बाबा के श्रीचरणों में हमारा भावनात्मक समर्पण है। हमारा प्रयास है कि ‘सबका मालिक एक’ का संदेश दुनिया के हर इंसान तक पहुंचे।”

निर्माता ओम साईं भगवान एवं स्मिता पांडेय प्रोडक्शन के बैनर तले बन रही इस फिल्म की शूटिंग जल्द शिरडी और महाराष्ट्र के अन्य खूबसूरत स्थानों पर शुरू होने की योजना है। फिल्म का उद्देश्य मनोरंजन के साथ प्रेम, सेवा, करुणा और मानवता का संदेश देना है।