संभागीय परिवहन कार्यालय परिसर के बाहर अनधिकृत दुकानों एवं व्यक्तियों के विरुद्ध हुई कार्रवाई

Action taken against unauthorized shops and individuals outside the Divisional Transport Office premises

दीपक कुमार त्यागी

गाजियाबाद : गाजियाबाद के संभागीय परिवहन कार्यालय परिसर के बाहर अनधिकृत दुकानों एवं व्यक्तियों के विरुद्ध 05 सितम्बर 2026 को कार्रवाई हुई। अशोक कुमार श्रीवास्तव सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन), गाजियाबाद द्वारा पुलिस बल के सहयोग से संभागीय परिवहन कार्यालय, गाजियाबाद के परिसर के बाहर अनधिकृत रूप से दुकानें लगाने एवं अनधिकृत गतिविधियां करने का प्रयास कर रहे व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। उक्त कार्रवाई के दौरान कार्यालय परिसर के बाहर अनधिकृत रूप से दुकान लगाने का प्रयास कर रहे व्यक्तियों को मौके से हटाया गया तथा उन्हें स्पष्ट चेतावनी दी गई कि भविष्य में कार्यालय परिसर के बाहर किसी भी प्रकार की अनधिकृत दुकान, ठेला अथवा अन्य गतिविधि करते हुए पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, कार्यालय परिसर में सुरक्षा एवं व्यवस्था की दृष्टि से निरीक्षण / गश्त किया गया। निरीक्षण के दौरान परिसर में एक संदिग्ध व्यक्ति पाया गया, जिसे आवश्यक चेतावनी देते हुए तत्काल परिसर से बाहर कर दिया गया।

इस अवसर पर कार्यालय में आने वाले जनमानस से संवाद करते हुए उन्हें अवगत कराया गया कि परिवहन विभाग से संबंधित किसी भी कार्य के दौरान यदि किसी पटल / काउंटर पर कोई समस्या, अनावश्यक विलंब अथवा अन्य कठिनाई उत्पन्न होती है, तो वे तत्काल अधोहस्ताक्षरी को अवगत कराएं, ताकि समस्या का नियमानुसार त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।

परिवहन कार्यालय परिसर में सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं जनहितकारी कार्य वातावरण बनाए रखने तथा अनधिकृत व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।