सनथ जयसूर्या की मौजूदगी में ISCL का भव्य आगाज

Grand opening of ISCL in the presence of Sanath Jayasuriya

मुंबई (अनिल बेदाग): क्रिकेट सिर्फ बड़े स्टेडियमों, अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों और नामचीन खिलाड़ियों तक सीमित नहीं है। इसकी असली धड़कन तो उन गलियों और मोहल्लों में भी बसती है, जहां अनगिनत प्रतिभाएं बड़े मंच पर पहुंचने का सपना देखती हैं। इन्हीं सपनों को नई पहचान और उड़ान देने के उद्देश्य से इंडियन सॉफ्टबॉल क्रिकेट लीग (ISCL) अपने दूसरे सीजन के साथ एक बार फिर क्रिकेट प्रेमियों के बीच दस्तक देने जा रही है। इस बार लीग का उत्साह और भी खास हो गया, जब श्रीलंका के पूर्व कप्तान और दिग्गज ऑलराउंडर सनथ जयसूर्या की मौजूदगी में मुंबई रॉयल्स और महाराष्ट्र सुपर स्ट्राइकर्स की आधिकारिक जर्सी का भव्य अनावरण किया गया।

मुंबई में आयोजित इस शानदार समारोह में क्रिकेट, मनोरंजन, कॉरपोरेट और सार्वजनिक जीवन की कई जानी-मानी हस्तियों ने शिरकत की। दोनों टीमों की जर्सी लॉन्च के साथ ही दूसरे सीजन को लेकर उत्साह और प्रतिस्पर्धा का माहौल बनने लगा है। मुंबई रॉयल्स के मालिक गिरीश गौड़ा और महाराष्ट्र सुपर स्ट्राइकर्स के मालिक सौरभ धनुका अपनी-अपनी फ्रेंचाइजी को एक मजबूत पहचान देने की तैयारी में जुटे हैं।

समारोह का सबसे खास आकर्षण रहे सनथ जयसूर्या, जिन्होंने भारतीय क्रिकेट के जुनून और सॉफ्टबॉल क्रिकेट की संभावनाओं पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा, “भारत में क्रिकेट के प्रति लोगों का जुनून अद्भुत है। सॉफ्टबॉल क्रिकेट जैसे प्रारूप उन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर दे सकते हैं, जिन्हें बड़े मंच पर अपनी क्षमता दिखाने का मौका नहीं मिल पाता। इंडियन सॉफ्टबॉल क्रिकेट लीग की यह पहल सराहनीय है। मैं मुंबई रॉयल्स और महाराष्ट्र सुपर स्ट्राइकर्स को आगामी सीजन के लिए शुभकामनाएं देता हूं।”

जयसूर्या के इस संदेश ने समारोह में मौजूद खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के उत्साह को और बढ़ा दिया। दरअसल, ISCL की परिकल्पना भी इसी सोच पर आधारित है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर, क्लब या संसाधन की मोहताज नहीं होनी चाहिए, बल्कि उसे सही अवसर और मंच मिलना चाहिए।

लीग को राष्ट्रीय स्तर पर लोकप्रिय बनाने के लिए पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना और हरभजन सिंह ब्रांड एंबेसडर के रूप में जुड़े हैं। वहीं, ग्लैमर और खेल के इस संगम को नई पहचान देते हुए मिस इंडिया वर्ल्ड 2026 साध्वी सैल मुंबई रॉयल्स की ब्रांड एंबेसडर हैं, जबकि मिस इंडिया यूनिवर्स 2026 मानिका विश्वकर्मा महाराष्ट्र सुपर स्ट्राइकर्स का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।
इस आयोजन का नेतृत्व ISCL के संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. गंगाधर राजू और चेयरमैन बी. एच. अनिल कुमार ने किया। जलगांव के पूर्व महापौर ललित कोल्हे भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

ISCL के चेयरमैन बी. एच. अनिल कुमारने कहा, “दोनों टीमों की जर्सी का अनावरण दूसरे सीजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हमारा उद्देश्य समर्पित फ्रेंचाइजी, व्यवस्थित अवसरों और खिलाड़ियों के विकास के माध्यम से सॉफ्टबॉल क्रिकेट के लिए एक मजबूत और स्थायी मंच तैयार करना है।”

वहीं, लीग के संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. गंगाधर राजू ने कहा, “ISCL का मुख्य उद्देश्य गली-मोहल्लों में छिपी क्रिकेट प्रतिभाओं को पहचान दिलाकर उन्हें एक प्रतिष्ठित प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराना है। हमें विश्वास है कि फ्रेंचाइजी मालिकों और सहयोगी संस्थाओं के प्रयासों से यह लीग खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों के बीच अपनी अलग पहचान बनाएगी।”

मुंबई रॉयल्स के मालिक गिरीश गौड़ा ने जर्सी लॉन्च को फ्रेंचाइजी के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा, “मुंबई रॉयल्स मुंबई की समृद्ध क्रिकेट संस्कृति, ऊर्जा और संघर्ष की भावना का प्रतिनिधित्व करेगी। हमारी प्राथमिकता टीम की मजबूत पहचान बनाना और खिलाड़ियों को पूरे आत्मविश्वास के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित करना है।”
महाराष्ट्र सुपर स्ट्राइकर्स के मालिक सौरभ धनुका ने भी आगामी सीजन को लेकर उत्साह जताते हुए कहा, “हमारी फ्रेंचाइजी महाराष्ट्र के क्रिकेट प्रेम और खेल भावना को मैदान पर प्रदर्शित करने के लिए प्रतिबद्ध है। हम खिलाड़ियों और समर्थकों के साथ मजबूत जुड़ाव बनाते हुए महाराष्ट्र का गौरव बढ़ाने का प्रयास करेंगे।”