- संस्थापक अध्यक्ष स्वर्गीय के.सी. मालू को समर्पित रहेगा आयोजन
- युवा गायकों में प्रतिभा की कमी नहीं, सही मंच और मार्गदर्शन की जरूरत : पीनाज मसानी
- सुर संगम संस्थान का मंच होनहार प्रतिभाओं के लिए सुनहरा अवसर -मुकेश अग्रवाल
- आवेदन की अंतिम तिथि 5 सितंबर 2026
नीति गोपेन्द्र भट्ट
जयपुर : युवा संगीत प्रतिभाओं को खोज उन्हें प्रोत्साहन देने के लिए सुर संगम संस्थान का 37वां राष्ट्रीय युवा संगीत सम्मेलन आगामी 1 एवं 2 अक्टूबर 2026 को जयपुर में आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष का यह आयोजन संस्था और वीणा म्यूजिक ग्रुप के संस्थापक अध्यक्ष स्वर्गीय के.सी. मालू को समर्पित रहेगा जिनका विगत 14 जुलाई को हृदयघात से असामयिक निधन हो गया ।
सुप्रसिद्ध गजल गायिका पीनाज मसानी ने रविवार को जयपुर में सुर संगम संस्थान के 37वें राष्ट्रीय युवा संगीत सम्मेलन के पोस्टर का अनावरण किया । इस मौके पर सुर संगम संस्थान के राष्ट्रीय सचिव मुकेश अग्रवाल, स्वर्गीय के.सी. मालू के पुत्र और वीणा म्यूजिक इवेंट के प्रबन्ध निदेशक प्रसनजीत मालू भी मौजूद थे ।
संस्थान के राष्ट्रीय सचिव मुकेश अग्रवाल ने बताया की इस वार्षिक संगीत प्रतियोगिता में सुगम संगीत एवं शास्त्रीय संगीत की विधाओं में देश भर के प्रतिभागी हिस्सा लेंगे तथा जूनियर और सीनियर वर्ग में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। सुर संगम संस्थान का मंच प्रतिभाओं के लिए सुनहरा अवसर है और अधिक से अधिक होनहार युवाओं को इसमें भाग लेना चाहिए ।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के लिए आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन रखी गई है। इच्छुक प्रतिभाएं सुरसंगमसंस्थान.कॉम (sursangamsansthan.com)पर जाकर अपना पंजीकरण करा सकती हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 5 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। चयनित प्रतिभागियों को जयपुर में 1 एवं 2 अक्टूबर 2026 को होने वाले ग्रैंड फिनाले में आमंत्रित किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रसिद्ध गायिका पीनाज मसानी ने कहा कि देश में युवा संगीत प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें पहचानने, सही मार्गदर्शन देने और राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराने की है। आज के ऑटो-ट्यून और डिजिटल प्लेटफॉर्म के दौर में वास्तविक प्रतिभा को पहचानना चुनौतीपूर्ण है, ऐसे में सुर संगम संस्थान जैसे मंच प्रतिभाओं को तलाशने और उन्हें निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सुर संगम संस्थान के संस्थापक स्व के सी मालू के मार्गदर्शन में पिछले 37 वर्षों से दो लाख से अधिक युवा गायकों की प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें तराशने और राष्ट्रीय मंच प्रदान करने का कार्य किया गया है। स्व मालू जी और मुकेश अग्रवाल की जोड़ी ने संस्था के माध्यम से अनेक उभरते कलाकारों को अवसर देकर उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है। आज आवश्यकता है कि ऐसी संस्थाओं को और अधिक प्रोत्साहन मिले, ताकि देश की वास्तविक संगीत प्रतिभाएं सामने आ सकें। पीनाज़ ने कहा कि आजकल प्रतिभा हंट के नाम से देश में कई डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म के आयोजना किए जाते है लेकिन ये पानी के बुलबुले की तरह है जबकि सुर संगम जैसी संस्थाएं पिछले तीन दशकों से भी अधिक समय से गुरु शिष्य परम्परा का निर्वहन करती हुई प्रतिभाओं को तराशने एवं उन्हें सही मंच दिलाने का काम कर रही है और यही तरीका दूरगामी परिणाम देने वाला स्थाई मार्ग है।
इस मौके पर प्रसनजीत मालू ने बताया कि इस बार ग्रैंड फिनाले का आयोजन पाँच सितारा सुविधाओं से युक्त बीलवा पैलेस, टोंक रोड, जयपुर में होगा। देशभर से चयनित प्रतिभागियों के लिए आयोजन स्थल पर ही लब्ध प्रतिष्ठित संगीत गुरुओं के साथ ठहरने भोजन आदि की फाइव-स्टार सुविधा निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका निभाने के लिए मुंबई से बॉलीवुड एवं संगीत जगत की जानी-मानी हस्तियां जयपुर पहुंचेंगी। इनमें पीनाज मसानी सहित सुप्रसिद्ध संगीतकार सोहेल सेन, संगीतकार दीपक पंडित, प्रसिद्ध गायिका प्रतिभा बघेल तथा लोकप्रिय गायक राजा हसन आदि प्रमुख रूप से शामिल होंगे।
मालू ने देशभर की युवा संगीत प्रतिभाओं से इस सुनहरे अवसर और प्रतिष्ठित राष्ट्रीय मंच का लाभ उठाने के साथ ही निर्धारित तिथि से पूर्व ऑनलाइन पंजीकरण कराने का आह्वान किया है।





