स्काल इंटरनेशनल जयपुर 744 की वार्षिक आम सभा सम्पन्न

Skal International Jaipur 744 Annual General Meeting Concluded

रविवार दिल्ली नेटवर्क

गुंजन सिंघल ने संभाली अध्यक्ष की कमान, नई गवर्निंग बोर्ड ने पर्यटन और आतिथ्य क्षेत्र को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का लिया संकल्प

जयपुर : पर्यटन, ट्रैवल, आतिथ्य और इवेंट उद्योग के पेशेवरों के वैश्विक संगठन स्काल इंटरनेशनल जयपुर 744 की वार्षिक आम सभा (एजीएम) का आयोजन द ललित, जयपुर में उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। बैठक में संगठन के सदस्यों ने वर्षभर की गतिविधियों और उपलब्धियों की समीक्षा करने के साथ आगामी वर्ष की कार्ययोजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। इस अवसर पर नई गवर्निंग बोर्ड का निर्वाचन एवं घोषणा भी की गई।

नवनिर्वाचित गवर्निंग बोर्ड में गुंजन सिंघल को अध्यक्ष, विक्रांत जैन को महासचिव, संजय कौशिक को कोषाध्यक्ष, सौम्यजीत घोष को उपाध्यक्ष-1 तथा राजेन्द्र सिंह जोधा को उपाध्यक्ष-2 बनाया गया। वहीं गीतांजलि अग्रवाला को निदेशक-इवेंट्स की जिम्मेदारी सौंपी गई। उपस्थित सदस्यों ने नई टीम का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि नया नेतृत्व जयपुर के पर्यटन एवं आतिथ्य उद्योग को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष गुंजन सिंघल ने सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्काल इंटरनेशनल जयपुर 744 का नेतृत्व करना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि नई टीम पर्यटन, आतिथ्य एवं ट्रैवल उद्योग के सभी हितधारकों को साथ लेकर नेटवर्किंग, नवाचार, व्यावसायिक सहयोग और नए अवसरों के सृजन पर विशेष ध्यान देगी। साथ ही जयपुर को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर और अधिक मजबूती से स्थापित करने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि स्काल की मूल भावना ‘Doing Business Among Friends’ अर्थात मित्रता के साथ व्यवसाय को आगे बढ़ाते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाना नई गवर्निंग बोर्ड की प्राथमिकता होगी।

युवा पेशेवरों को मिलेगा नया मंच
नई गवर्निंग बोर्ड ने पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र से जुड़े विभिन्न संगठनों के साथ सहयोग मजबूत करने, सदस्य सहभागिता बढ़ाने और युवा पेशेवरों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने का संकल्प लिया। इसके साथ ही जयपुर को एक प्रमुख वैश्विक पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने के लिए नई गतिविधियों और पहलों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।

सभा में सदस्यों ने नई टीम के प्रति विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि पर्यटन उद्योग तेजी से बदल रहा है और ऐसे समय में नेटवर्किंग, नवाचार तथा सामूहिक सहयोग की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। नई गवर्निंग बोर्ड से जयपुर के पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने की उम्मीद जताई गई।

कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और सदस्यों के बीच आपसी संवाद एवं नेटवर्किंग के साथ हुआ। इस दौरान सदस्यों ने एक-दूसरे से व्यावसायिक अनुभव साझा किए और भविष्य में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की।

स्काल इंटरनेशनल पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र के पेशेवरों का वैश्विक संगठन है, जो पर्यटन, मित्रता, व्यावसायिक सहयोग और सतत विकास को प्रोत्साहित करता है। संगठन के मंच से पर्यटन, ट्रैवल, होटल, एविएशन, इवेंट और इससे जुड़े विभिन्न क्षेत्रों के पेशेवर एक-दूसरे से जुड़ते हैं। जयपुर चैप्टर की नई टीम से अब शहर के पर्यटन उद्योग को वैश्विक नेटवर्क से और मजबूती से जोड़ने की उम्मीद है।