हरमनप्रीत सिंह पुरुष एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी में होंगे भारत के कप्तान

Harmanpreet Singh will be the captain of India in Men's Asian Champions Trophy Hockey

  • हॉकी इंडिया ने फिर खेला बूढ़े शेरों पर दांव, प्रयोग से बचा टीम प्रबंधन
  • लंबे समय बाद गोलरक्षक पाठक टीम में लौटे, ललगे व अमनदीप की भी वापसी
  • सुमित, राजकुमार पाल और यशदीप सिवाच हुए भारतीय टीम से बाहर

सत्येन्द्र पाल सिंह

नई दिल्ली

‘पंजाब के खिलाड़ियों के लिए एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी बेहद खास‘
‘पुरुष एशियन चैंपियंस ट्रॉफी पंजाब, 2026 पूरी भारतीय हॉकी टीम खासकर उन खिलाड़ियों के लिए जो कि पंजाब से है यह बेहद खास होगी। यह पहला मौका होगा जब हम पंजाब में किसी अंतर्राष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट में भारत की जर्सी पहन कर खेलेंगे। मेरे पिता सहित मेरे पूरे परिवार के स्टेडियम में मौजूद रहने और पहली बार एक साथ स्टेडियम से मेरा अंतरराष्ट्रीय मैच देखने की उम्मीद है। मेरे पिता ने स्टेडियम के भीतर बैठकर मुझे कभी भी देश के लिए खेलते नहीं देखा है।‘ – हरमनप्रीत सिंह, भारत के हॉकी कप्तान

बेहतरीन ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह की अगुआई में जालंधर व मोहाली में 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक होने वाले पुरुष एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी टूर्नामेंट में शिरकत करने वाली भारत की 18 सदस्यीय टीम की हॉकी इंडिया ने घोषणा की। हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी में एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप में निराशाजनक प्रदर्शन कर आठवें स्थान पर रहने के बाद काकामिगहारा(जापान) में एशियाई खेलों में भारत ने पुरुष हॉकी का पहली बार स्वर्ण बरकरार रखा। लंबे अरसे के बाहर रहने के बाद गोलरक्षक कृष्ण बहादुर पाठक ने एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के लिए मोहित एचएस की जगह टीम में भारतीय टीम में वापसी की है। वहीं विश्व कप में खेलने के बाद एशियाई खेलों के लिए टीम से बाहर किए जाने के बाद आक्रामक मिडफील्डर आदित्य अर्जुन लालगे और ड्रैग फ्लिकर अमनदीप लाकरा ने भारतीय पुरुष हॉकी टीम में वापसी की है। हॉकी इंडिया और भारतीय टीम प्रबंधन ने फिर बूढ़े शेरों पर दांव खेला और एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में प्रयोग करने से बचा है। बुजुर्ग मनप्रीत सिंह, मंदीप सिंह , कप्तान हरमनप्रीत सिंह, जर्मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह, सुखजीत सिंह, दिलप्रीत सिंह, जुगराज सिंह, राजिंदर सिंह, कृष्ण बहादुर पाठक सहित भारत की 18 सदस्यीय टीम में पंजाब के दस खिलाड़ियों को जगह मिली है।

एशियन चैंपियंस ट्रॉफी पंजाब 2026 हॉकी में मेजबान भारत , मलयेशिया, जापान, दक्षिण कोरिया, चीन और बेवजह सुरक्षा कारणों का बहाना बना कर हटने वाले पाकिस्तान की जगह खेलने का मौका पाने वाली बांग्लादेश की टीम सहित छह टीमें शिरकत करेंगे। मौजूदा चैंपियन भारत ने अब तक सबसे ज्यादा पांच बार-2011, 2016, 2018 ( पाकिस्तान के साथ संयुक्त विजेता ), 2023 व 2024 पुरुष एशियन चैंपियंस ट्रॉफी खिताब जीता है। भारत अपने अभियान का आगाज 27 अक्टूबर को पहले दिन बांग्लादेश के खिलाफ मैच खेल कर करेगा।

भारत के चीफ कोच क्रेग फुल्टन ने कहा,‘ पंजाब में एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी खेलना खास है। हमारी टीम नौजवान और अनुभवी खिलाड़ियों की मिली जुली टीम है। भारत में टूर्नामेंट खेलने जैसा और कुछ नहीं है और हम इसी का इंतजार कर रहे थे।’

बुढ़ाते स्ट्राइकर मंदीप सिंह, मिडफील्डर मनप्रीत सिंह, फुलबैक अमित रोहिदास , जर्मनप्रीत सिंह व गोलरक्षक सूरज करकेरा का विश्व कप में आठवें स्थान पर रहने और भारत के एशियाई खेलों स्वर्ण पदक जीतने के बावजूद प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा था और इन सभी के टीम में बने रहने पर सवालिया निशान था। हालांकि चीफ कोच क्रेग फुल्टन ने भारत के एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के बाद यह कहा था कि उनकी निगाह 2028 के लिए भारत की नई टीम बनाने पर है। एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में बूढ़े शेरों पर भरोसा करने से यही लगता है कि भारतीय टीम के चयन में पंजाब के एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करने को तवज्जो दे उसके करीब आधा दर्जन बुढ़ाते खिलाड़ियों को टीम में बरकरार रखा। हॉकी इंडिया के करीबी सूत्रों पर यकीन करें तो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी बुढाते करीब आधा दर्जन भारतीय खिलाड़ियों के हॉकी करियर का आखिरी टूर्नामेंट टूर्नामेंट हो सकता है। फिलहाल मैदान पर जूझते बूढ़े शेरों पर भरोसा करने से यही लगा कि चीफ कोच फुल्टन की एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय टीम के चयन में नहीं चली है।

एशियाई खेलों के लिए रिजर्व खिलाड़ी के रूप में शामिल हरियाणा के डिफेंसिव मिडफील्डर यशदीप सिवाच और फ्रीमैन सुमित और राजकुमार पाल को एशियन चैंपियंस के लिए टीम से बाहर कर दिया गया है। पांच बार खिताब एशियन चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाला भारत बेशक अपना खिताब बरकरार रखना चाहता है कि यही टूर्नामेंट है जिसमें वह अरिजित सिंह हुंदल, उत्तम सिंह को सीनियर टीम में मौका दिया जा सकता है। एशियाई खेलों में पाकिस्तान के खिला आखिरी मिनट में अभिषेक नैन के गोल से भारत जैसे तैसे भले ही जीत गया लेकिन उस मैच जिस तरह मनप्रीत सिंह, मंदीप सिंह, अमित रोहिदास, जर्मनप्रीत सिंह व गोलरक्षक सूरज करकेरा थके नजर आए उससे एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय टीम में जगह कतई नहीं बनती थी।

पुरुष एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी के लिए भारत की टीम : गोलरक्षक सूरज करकेरा, कृष्ण बहादुर पाठक। रक्षापंक्ति : संजय, हरमनप्रीत सिंह(कप्तान), अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, जर्मनप्रीत सिंह, अमनदीप लाकरा। मध्यपंक्ति: राजिंदर सिंह, आदित्य अर्जुन लालगे, नीलकांत शर्मा, हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह। अग्रिम पंक्ति : शिलानंद लाकरा, अभिषेक नैन, सुखजीत सिंह, दिलप्रीत सिंह, मंदीप सिंह।
रिजर्व खिलाड़ी : विष्णुकांत सिंह, अंगद बीर सिंह।