23 जुलाई से खुलेगा इंडो एमआईएम का ₹3812 करोड़ का आईपीओ

Indo-MIM's ₹3,812 crore IPO to open on July 23.

दुनिया की सबसे बड़ी एमआईएम निर्माता कंपनी इंडो एमआईएम ला रही है मेगा आईपीओ

मुंबई (अनिल बेदाग): प्रिसीजन इंजीनियरिंग कंपोनेंट्स बनाने वाली इंडो एमआईएम लिमिटेड का ₹3812 करोड़ का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ ) 23 जुलाई से निवेशकों के लिए खुलेगा और 27 जुलाई तक खुला रहेगा। कंपनी ने प्रति इक्विटी शेयर ₹461 से ₹485 का प्राइस बैंड तय किया है। ऊपरी प्राइस बैंड पर कंपनी का मूल्यांकन लगभग ₹24,000 करोड़ आंका गया है।
यह आईपीओ ₹500 करोड़ के फ्रेश इश्यू और 6.82 करोड़ इक्विटी शेयरों की ऑफर फॉर सेल का मिश्रण है। फ्रेश इश्यू से प्राप्त राशि में से ₹400 करोड़ का उपयोग कंपनी अपने बकाया कर्ज के पूर्व भुगतान या पुनर्भुगतान में करेगी, जबकि शेष राशि सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों पर खर्च की जाएगी।

1996 में स्थापित बेंगलुरु मुख्यालय वाली इंडो एमआईएम मेटल इंजेक्शन मोल्डिंग (एमआईएम) तकनीक के जरिए प्रिसीजन इंजीनियरिंग कंपोनेंट्स का निर्माण करती है। कंपनी के भारत, अमेरिका, ब्रिटेन और मेक्सिको में कुल 15 विनिर्माण संयंत्र हैं। वित्त वर्ष 2026 में कंपनी ने ₹4193 करोड़ का परिचालन राजस्व और ₹533 करोड़ का शुद्ध लाभ दर्ज किया। कंपनी ऑटोमोबाइल, रक्षा, मेडिकल, उपभोक्ता और एयरोस्पेस क्षेत्रों के लिए 9,000 से अधिक प्रकार के उत्पाद बनाती है। कंपनी के शेयर बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध होंगे।