30-दिन के रिचार्ज और केवल वॉयस प्लान से उपभोक्ताओं को होगा लाभ : राघव चड्ढा

Consumers will benefit from 30-day recharge and voice-only plans: Raghav Chadha

रविवार दिल्ली नेटवर्क

नई दिल्ली :भाजपा के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) के नए Telecom Consumer Protection Regulations, 2026 का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि नए प्रावधान प्रीपेड मोबाइल उपभोक्ताओं की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं को दूर करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

चड्ढा ने कहा कि उन्होंने 11 मार्च 2026 को संसद में प्रीपेड मोबाइल उपभोक्ताओं की समस्याओं, विशेष रूप से 28-दिन की रिचार्ज व्यवस्था और डेटा की आवश्यकता नहीं रखने वाले उपभोक्ताओं के लिए किफायती विकल्पों का मुद्दा उठाया था।

उन्होंने कहा कि एक साल में 12 महीने होते हैं, लेकिन 28-दिन के रिचार्ज प्लान के कारण उपभोक्ताओं को साल में 13 बार रिचार्ज कराना पड़ता है। अब 30-दिन के रिचार्ज प्लान उपलब्ध होने से उपभोक्ता साल में 12 बार ही मासिक रिचार्ज कर सकेंगे।

राघव चड्ढा ने वॉयस और एसएमएस-ओनली प्लान शुरू किए जाने का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि ऐसे उपभोक्ताओं को विशेष लाभ मिलेगा जिन्हें मोबाइल डेटा की आवश्यकता नहीं है और वे केवल इनकमिंग-आउटगोइंग कॉलिंग तथा एसएमएस जैसी सेवाओं का इस्तेमाल करते हैं।

उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों और कम बजट वाले उपभोक्ताओं के लिए केवल जरूरत की सेवाओं का भुगतान करने का विकल्प महत्वपूर्ण है। उपभोक्ताओं से ऐसी सेवाओं के लिए शुल्क नहीं लिया जाना चाहिए, जिनका वे इस्तेमाल ही नहीं करते।

चड्ढा ने कहा कि “12 महीने, 12 रिचार्ज” की व्यवस्था प्रीपेड मोबाइल उपभोक्ताओं के लिए राहत देने वाली है। उन्होंने केंद्र सरकार और TRAI का इन उपभोक्ता मांगों को नए उपभोक्ता संरक्षण ढांचे में शामिल करने के लिए स्वागत किया।