नीति गोपेन्द्र भट्ट
नई दिल्ली : संस्कृति युवा संस्था एवं इंडियन ग्लोबल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में रविवार, 9 अगस्त 2026 को नई दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय में प्रथम ‘दिल्ली गौरव अवार्ड्स-2026’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। समारोह में समाज, प्रशासन, शिक्षा, संस्कृति, मीडिया, उद्योग, विज्ञान, रक्षा, न्याय, अध्यात्म और सामाजिक सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 31 प्रतिष्ठित हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा।
संस्कृति युवा संस्था के संस्थापक अध्यक्ष पंडित सुरेश मिश्रा ने बताया कि इस सम्मान समारोह का उद्देश्य उन विशिष्ट व्यक्तित्वों का अभिनंदन करना है, जिन्होंने अपने उत्कृष्ट कार्य, नेतृत्व क्षमता और समाजसेवा के माध्यम से राष्ट्र एवं समाज के विकास में प्रेरणादायी योगदान दिया है।
सम्मानित होने वाली प्रमुख हस्तियों में पूर्व उपराज्यपाल डॉ. किरण बेदी, वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका बी.के. लक्ष्मी, आध्यात्मिक संत स्वामी प्रेम अन्वेषी, पद्मश्री कथक नृत्यांगना शोभना नारायण, भारत के पूर्व राजदूत अखिलेश मिश्रा, लेफ्टिनेंट कर्नल (सेवानिवृत्त) मनोज कुमार सिन्हा, केंद्रीय भंडार के प्रबंध निदेशक डॉ. मुकेश कुमार, पब्लिक रिलेशंस सोसाइटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष डॉ. अजीत पाठक, फिल्म निर्माता एवं एएएफटी विश्वविद्यालय के चांसलर संदीप मारवाह, ड्रीमफॉल्क्स सर्विसेज लिमिटेड की चेयरपर्सन लिबराथा कल्लट, समाज सेवी डॉ गौरव गुप्ता, फिल्म निर्देशक राज शांडिल्य, फिल्म निर्माता अश्विन कुमार, श्रीरामलला के परिधान डिज़ाइनर मनीष त्रिपाठी, लेखिका विदुषी पोखरियाल, वरिष्ठ पत्रकार राहुल मिश्रा, अदिति नागर और नीरज पांडे सहित अनेक विशिष्ट नाम शामिल हैं।
इसके अलावा सर्वोच्च न्यायालय के अधिवक्ता सौरव बैसोया, वैज्ञानिक देवांजन बोस, शिक्षाविद् अंशुल दीवान, दिल्ली हवाईअड्डा प्राधिकरण से रोहित माथुर, प्रकाशक राजेश बजाज, उद्यमी एवं समाजसेवी रेनू सिंह, डॉ. करण चौधरी, आशीष कुमार, विनोद कश्यप, सामाजिक कार्यकर्ता स्वाति गर्ग तथा अन्य विशिष्ट व्यक्तित्वों को भी सम्मानित किया जाएगा।
पंडित सुरेश मिश्रा ने बताया कि संस्कृति युवा संस्था पिछले 31 वर्षों से देश और विदेश की उत्कृष्ट प्रतिभाओं को सम्मानित करने का कार्य कर रही है। संस्था द्वारा ब्रिटिश पार्लियामेंट (लंदन), संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय (अमेरिका), पेरिस सीनेट तथा मेलबर्न पार्लियामेंट (ऑस्ट्रेलिया) जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी अनेक विभूतियों को सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि ‘दिल्ली गौरव अवार्ड्स’ इसी गौरवशाली परंपरा का विस्तार है, जिसका उद्देश्य राष्ट्र निर्माण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रेरक व्यक्तित्वों को सम्मानित कर समाज में उत्कृष्टता और सेवा की भावना को प्रोत्साहित करना है।





