शुक्रवार को लोक सभा में आम बजट पर हुई चर्चा का जवाब दे सकती हैं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण

रविवार दिल्ली नेटवर्क

नई दिल्ली : केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण शुक्रवार को लोक सभा में आम बजट 2023-2024 पर हुई चर्चा का जवाब दे सकती हैं। जानकारी के मुताबिक, आम बजट पर लोक सभा में चर्चा के दौरान विपक्षी दलों द्वारा उठाए गए तमाम सवालों का जवाब वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण शुक्रवार को अपने जवाबी भाषण में दे सकती हैं। लोक सभा में निर्मला सीतारमण का भाषण 6 बजे के लगभग होने की संभावना है।

आपको बता दें कि, निर्मला सीतारमण ने एक फरवरी को 2023-2024 वित्तीय वर्ष के लिए सदन में बजट पेश किया था। यह बजट मोदी सरकार के वर्तमान कार्यकाल का आखिरी पूर्ण बजट है।

बजट पर लोक सभा में चर्चा के दौरान कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, डीएमके सहित अन्य कई विपक्षी दलों ने मनरेगा एवं अन्य कई जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए बजट में कम राशि आवंटित करने का आरोप लगाते हुए इसे गरीब विरोधी और दिशाहीन बजट तक करार दे दिया था। विपक्षी दलों की तरफ से उनके- उनके राज्य के साथ बजट में भेदभाव करने का भी आरोप सरकार पर लगाया गया था। शुक्रवार को अपने जवाबी भाषण के दौरान वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण इन सारे आरोपों का जवाब दे सकती हैं।