दिल्ली में 6 अप्रैल से लगेगा धर्म संसद, विश्व गुरु- भारत के लिए होगा महायज्ञ: अश्विनी चौबे

  •  6 से 10 अप्रैल को छतरपुर में 5 दिवसीय कार्यक्रम का होगा आयोजन

रविवार दिल्ली नेटवर्क

नईदिल्ली : केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन तथा उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि दिल्ली में 6 अप्रैल से 10 अप्रैल तक धर्म संसद व विश्व गुरु- भारत तथा विश्व शांति के लिए महायज्ञ होगा।
इसका आयोजन दिल्ली के छत्तरपुर मंदिर परिसर में होगा। देश के विभिन्न राज्यों से संत महात्मा सनातन संस्कृति समागम में आ रहे हैं।

उक्त जानकारी केंद्रीय राज्य मंत्री श्री चौबे ने दिल्ली स्थित अपने सरकारी आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि पांच दिवसीय सनातन संस्कृति समागम में पहले दिन धर्म संसद लगेगा। साथ ही 4 दिनों तक पांच तत्वों पर आधारित हवन कुंड में यज्ञ एवं पूजन होगा। कार्यक्रम के पूर्व 11 सौ महिलाएं शोभायात्रा निकालेंगी। साथ ही 6 अप्रैल को भव्य हनुमान चालीसा पाठ का भी आयोजन किया गया। सनातन संस्कृति समागम का आयोजन श्रीराम कर्मभूमि न्यास सिद्धाश्रम बक्सर एवं नमो सद्भावना समिति हैदराबाद के संयुक्त तत्वावधान में होगा। केंद्रीय राज्यमंत्री श्री चौबे ने बताया कि प्रकृति व संस्कृति के संरक्षण तथा संवर्धन के लिए भी लोक मंथन का भी आयोजन किया गया है। श्री अन्न के प्रति लोगों में जागरूकता आए, इसे ध्यान में रखकर प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। नमो सद्भावना समिति के महासचिव मुरली कृष्ण ने बताया कि कोरोना महामारी से विश्व की रक्षा के लिए 2 साल से विश्व शांति महायज्ञम का आयोजन किया जा रहा था। भारत ने कोरोना काल में आगे बढ़कर पूरे विश्व की मदद की। इस बार विश्व में शांति समृद्धि के साथ-साथ भारत विश्व गुरु बने इसके लिए यह महायज्ञ हो रहा है। दक्षिण और उत्तर भारत से बड़ी संख्या में प्रकांड विद्वान यज्ञ कराएंगे। इसमें धर्म संसद का आयोजन होगा। 10 हजार से अधिक श्रद्धालु समागम में आएंगे। समागम के संरक्षक केंद्रीय मंत्री श्री चौबे हैं। पत्रकार वार्ता के दौरान विश्व हिंदू परिषद के दिल्ली प्रांत के अध्यक्ष कपिल खन्ना, बाबा नंद मिश्रा जी आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।