लोनी के बाढ़ग्रस्त इलाकों में क्षेत्रवासियों को ना हो किसी भी तरह की समस्या – जनरल डॉक्टर विजय कुमार सिंह

दीपक कुमार त्यागी 

गाजियाबाद : आज रविवार को गाजियाबाद के सांसद एवं केंद्रीय सड़क परिवहन, राजमार्ग एवं नागर विमानन राज्यमंत्री जनरल डॉक्टर विजय कुमार सिंह ने अपने गाजियाबाद संसदीय क्षेत्र की लोनी विधानसभा में बाढ़ की आपदा से ग्रस्त क्षेत्रों का निरीक्षण किया। जनरल डॉक्टर विजय कुमार सिंह ने ग्रामवासियों से वार्ता की और उन्हें राहत सामग्री भी वितरित करने का कार्य किया। यहां आपको बता दें कि बीते दिनों यमुना में बढ़ते जलस्तर के कारण गाजियाबाद संसदीय क्षेत्र की लोनी विधानसभा क्षेत्र में बांध टूटने के कारण सीमावर्ती इलाकों में पानी भर गया था, जिसके कारण कई गांव उसकी चपेट में आये थे। इसके बाद गाजियाबाद के सांसद जनरल डॉक्टर विजय कुमार सिंह ने बेहद सक्रिय होकर शासन व प्रशासन के अधिकारियों से वार्ता कर बांध की मरम्मत करवाते हुए और क्षेत्रवासियों के सहयोग के लिए राहत व बचाव के अनेकों ठोस कदम उठाए, जिससे क्षेत्र के लोगों को राहत पहुंचाई जाए। जनरल डॉक्टर विजय कुमार सिंह ने स्वयं हेलीकॉप्टर के माध्यम से पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि “किसी भी तरह की समस्या क्षेत्रवासियों को नहीं होनी चाहिए।” उसी दिन से वह लगातार क्षेत्रीय लोगों संपर्क बनाकर उनसे हालातों की समीक्षा भी कर रहे हैं और हर तरह की मदद के लिए सांसद हर वक्त तैयार हैं। आज भी राहत सामग्री पहुंचा कर ग्रामवासियों को आश्वस्त किया कि हर परिस्थिति में मैं आपके साथ खड़ा हूं। किसी भी तरह की आपको कोई समस्या नहीं होने दूंगा और जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान भी पूरा होगा। पहले की तरह अपने गांव, अपने घर, अपने रास्ते पर चल सकेंगे क्षेत्रवासी। जनरल डॉक्टर विजय कुमार सिंह ने बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का निरीक्षण के दौरान उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये कि किसी भी व्यक्ति को कोई भी समस्या होगी तो तत्काल उसका समाधान किया जाए। इस निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह, प्रशासन के अधिकारी एवं क्षेत्रीय लोग व कुलदीप सिंह चौहान आदि उपस्थित रहे।