खोड़ा वासियों के लिए वीके सिंह बने संकटमोचक, जल्द स्वच्छ पेयजल की नियमित आपूर्ति का किया रास्ता साफ

दीपक कुमार त्यागी

  • केंद्रीय मंत्री जनरल डॉक्टर वीके सिंह की कार्यशैली ऐसी रही है, वह कि किसी भी कार्य को जब वह अपने हाथ में लेते हैं तो उसको पूरा करके ही दम लेते हैं। उनके प्रयासों के चलते ही बहुत जल्द खोड़ा-मकनपुर नगरपालिका परिषद में पानी की समस्या, सीवरेज की समस्या बहुत जल्द ही दूर हो जाएगी और खोड़ा के सभी निवासियों के लिए स्वच्छ पेयजल की सुचारू रूप से नियमित आपूर्ति होगी।

गाजियाबाद जनपद का खोड़ा-मकनपुर नगरपालिका परिषद एक ऐसा क्षेत्र है जहां पीने व घरेलू उपयोग के पानी का विकट संकट व्याप्त है, लेकिन जाते हुए वर्ष में 27 दिसंबर 2023 बुधवार का दिन इस क्षेत्र के निवासियों के लिए बेहद ही खुशी और हर्ष से परिपूर्ण रहा। पानी की एक-एक बूंद के लिए दूसरों पर निर्भर हो चुके खोड़ा वासियों के लिए अंग्रेजी वर्ष 2023 के अंतिम हफ्ते में एक बेहद सकारात्मक महत्वपूर्ण सूचना निकलकर बाहर आई, केंद्रीय मंत्री जनरल डॉक्टर वीके सिंह ने बताया कि गाजियाबाद संसदीय क्षेत्र के साहिबाबाद विधानसभा के खोड़ा क्षेत्र के सभी वासियों को हम जल्द ही स्वच्छ पेयजल देने जा रहे हैं। यहां आपको बता दें कि बीते लंबे समय से नगर पालिका परिषद खोड़ा के निवासियों के लिए नियमित जल व स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति और सीवरेज की समस्या एक बड़ी चुनौती बनी हुई थी, जिसको ध्यान में रखते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन राजमार्ग एवं नगर विमानन राज्य मंत्री जनरल डॉक्टर विजय कुमार सिंह ने निरंतर अथक प्रयास किए, जो प्रयास अब समाधान की ओर बढ़ गया है। बीते 9 साल पहले इस गंभीर समस्या को क्षेत्रीय सांसद एवं केंद्रीय मंत्री जनरल डॉक्टर वीके सिंह के समक्ष क्षेत्रवासियों द्वारा लाया गया था। इसके बाद तत्काल रूप से जनरल डॉक्टर वीके सिंह ने जल आपूर्ति के लिए सिंचाई विभाग से विशेष वार्ता की और कार्य को स्वीकृति भी प्राप्त हुई। जल विभाग के द्वारा क्षेत्र में नियमित जलापूर्ति के लिए एक प्रोजेक्ट तैयार किया गया ताकि गंग नगर से खोड़ा के लिए पाइप लाइन के माध्यम से जल लाया जा सके। जल लाने का रोडमैप भी तैयार किया गया। लेकिन सिंचाई विभाग में अधिकारियों की अदला बदली के कारण यह प्रोजेक्ट बीच में कुछ दिन लटका भी रहा, हालांकि केंद्रीय मंत्री जनरल डॉक्टर वीके सिंह के प्रयास निरंतर जारी रहे। इस सम्बंध में उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मुख्य सचिव को सभी जानकारी से अवगत कराया। वर्ष 2022 में चुनाव के बाद से ही लगातार जनरल डॉक्टर वीके सिंह ने शीर्ष नेतृत्व व अधिकारियों को इस सम्बंध में अवगत कराया और मुख्यमंत्री व मुख्य सचिव से बात की। जिसके उपरांत मुख्य सचिव ने इस सम्बंध में मीटिंग करते हुए वर्ष 2023 के मार्च में अधिकारियों को आदेश दिया कि नोएडा अथॉरिटी के माध्यम से खोड़ा को पानी सप्लाई दी जा सके।

लेकिन उनके इस आदेश के बाद भी अवरोध बना रहा जिसको लेकर केंद्रीय जनरल डॉक्टर वीके सिंह के द्वारा मुख्य सचिव व अधिकारियों से विशेष वार्ता भी की। जिसके बाद नोएडा को स्पष्ट आदेश दिया गया कि वह जल्द से जल्द खोड़ा को पानी की सप्लाई दें। उसके बाद बीते 2 महीने पहले इस प्रोजेक्ट पर कार्य शुरू हुआ। इस कार्य की विशेष निगरानी के लिए
कर्नल यूबी सिंह को लगाया गया। इसके साथ ही पानी की बेहद गंभीर समस्या की परमानेंट समाप्ति के लिए बढ़ती हुई डिमांड को देखते हुए भविष्य में नोएडा के द्वारा भी पानी की सप्लाई कम हो सकती है। इसी समस्या के स्थाई समाधान के लिए केंद्रीय मंत्री जनरल डॉक्टर वीके सिंह ने गंग नहर के माध्यम से सीधा पानी की सप्लाई खोड़ा में लाने के लिए एक अन्य प्रोजेक्ट को भी मंजूरी दिलवाने कार्य किया, जो अब अंडर प्रोसेस है, इसका डीपीआर सिंचाई विभाग द्वारा बनाया जा चुका है। इस संबंध में डेहरा हापुड़ में 2 एकड़ जमीन की डिमांड की गई है। अभी पाइपलाइन द्वारा सिद्धार्थ विहार से 253 करोड़ 14 लाख रुपये की लागत से 50 एम.एल.डी. पानी नगर पालिका खोड़ा में नल के द्वारा पानी की सप्लाई दी जाएगी। खोड़ा में पानी की बेहतर सप्लाई के लिए जो पुरानी टँकी व्यवस्था थी उसका निरीक्षण खोड़ा चैयरमैन व कर्नल यूबी सिंह ने जनरल डॉक्टर वीके सिंह के आदेश पर जल निगम के लोगों के साथ मिलकर किया। ताकि जल्दी से जल्दी नगर पालिका खोड़ा-मकनपुर में पानी लाया जा सके। इसके इसके साथ ही खोड़ा का सीवरेज कनेक्शन नोएडा की जमीन पर लाकर, नोएडा के पूरे सीवरेज सिस्टम से जोड़ा जाना भी स्वीकृत हुआ है। उसके ऊपर भी काम शुरू होने वाला है। यहां आपको बता दें कि केंद्रीय मंत्री जनरल डॉक्टर वीके सिंह की हमेशा ही कार्य करने की जो शैली रही है, वह इस तरह से रही है कि किसी भी काम को जब वह अपने हाथ में लेते हैं तो उसको पूरा करके ही दम लेते हैं। खोड़ा की जनता के हित के यह कार्य की संपन्नता भी उन्हीं की निष्ठा और उन्हीं के प्रयासों की सफलता का सकारात्मक परिणाम है। जिसके चलते ही बहुत जल्द खोड़ा में जो पानी की समस्या, सीवरेज की समस्या है, वह दूर हो जाएगी और खोड़ा में शुद्ध एवं पेयजल की नियमित आपूर्ति सुचारू होगी। इस बेहद महत्वपूर्ण खबर के बाहर आने के बाद से ही क्षेत्रीय लोग अपने संकटमोचक सांसद व केंद्रीय मंत्री जनरल डॉक्टर वीके सिंह का तहेदिल से धन्यवाद व आभार व्यक्त कर रहे हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द ही इन परियोजनाओं को धरातल पर अमलीजामा पहनाकर खोड़ा वासियों के जीवन को सरल बनाया जायेगा।